देवास में शराब माफियाओं ने चेंकिग के दौरान गाड़ी से कुचलकर टीआई कि हत्या की, पुलिस महकमे में हड़कंप

मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाने के टीआई दिलीप कुमार पुरी को तस्करों ने वाहन से कुचलकर मार डाला. घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और राजनीति गरमा गई है.

ADVERTISEMENT

देवास में शराब माफियाओं ने चेंकिग के दौरान गाड़ी से कुचलकर टीआई कि हत्या की
Dewas TI Murder
Google CTA

देवास जिले में जहरीली शराब से 13 लोगों की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि शराब तस्करों ने खाकी को ही निशाना बना लिया. अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप कुमार पुरी को तस्करों ने आयशर वाहन से कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल टीआई ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप और शोक की लहर दौड़ गई है.

चेकिंग के दौरान हुआ हादसा

यह दिल दहला देने वाली घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है. इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर टीआई दिलीप कुमार पुरी अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक आयशर वाहन को रुकवाया और चालक को नीचे उतरने के लिए कहा. पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाते हुए भगाने की कोशिश की, और इसी दौरान आयशर का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया.घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी उन्हें गंभीर हालत में खातेगांव के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने बचाने के लिए काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. वहीं, आरोपी ड्राइवर वाहन को संदलपुर में छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी मिलते ही देवास के एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के खातेगांव पहुंचे.

शहीद टीआई को पुलिसकर्मियों ने दी अंतिम विदाई

मूल रूप से धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र स्थित बरमंडल गांव के रहने वाले टीआई दिलीप कुमार पुरी का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाना है. उनका परिवार फिलहाल इंदौर में रह रहा था.खातेगांव थाना परिसर में शहीद टीआई को गार्ड ऑफ ऑनर और श्रद्धांजलि दी गई. एसपी आदित्य मिश्रा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, पुलिस स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान एसपी सहित तमाम पुलिस अधिकारियों और साथियों ने नम आंखों से उनकी पार्थिव अर्थी को कंधा दिया.

हाल ही में बदले गए थे कलेक्टर और एसपी

बता दें कि हाल ही में जहरीली शराब पीने से देवास में 13 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके चलते सरकार ने जिले के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया था. नए कलेक्टर और एसपी को पदभार संभाले अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ था कि यह बड़ी वारदात हो गई.

जीतू पटवारी ने सरकार और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने लिखा कि

वीडियो में स्ट्रेचर पर ले जाया जा रहा शव उस पुलिस अधिकारी का है, जो अवैध शराब का कारोबार रोकने पहुंचा था और शराब तस्करों के वाहन ने उसे कुचलकर मार डाला.उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि प्रदेश में शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस के सामने ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था की "मौत" का प्रमाण है. जब तस्कर पुलिस को कुचलने का दुस्साहस करने लगें, तो पूछना पड़ेगा कि हत्यारों को किसका संरक्षण है? उन्होंने नकारा गृहमंत्री की कार्यशैली और वल्लभ भवन की पांचवी मंजिल से अवैध धंधे संचालित होने के आरोप लगाते हुए घटना पर दुख जताया और शहीद टीआई को श्रद्धांजलि अर्पित की