राजा भैया के गढ़ में रामकथा और दिग्विजय सिंह की चुटकी, बोले- "धीरेंद्र शास्त्री से कथा कराने वाले नेता चुनाव नहीं जीतते"
उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा कर रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही अपने रिश्तेदार व कुंडा विधायक राजा भैया के घर चल रही रामकथा को लेकर तीखा तंज कसा है.
ADVERTISEMENT

उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर निकले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के कदम जैसे ही उत्तर प्रदेश की धरती पर पड़े, सूबे का सियासी पारा अचानक चढ़ गया है. विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच दिग्विजय सिंह ने बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और यूपी के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
जहां-जहां कथा हुई, वहां चुनाव हारे नेता
मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा के राजनीतिक असर पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बागेश्वर महाराज इन दिनों राजा भैया के यहां रामकथा कहने पहुंचे हैं, लेकिन पुराना रिकॉर्ड गवाह है कि जिन-जिन नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री से कथा करवाई है, उन्हें चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा है. दिग्विजय यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे जोड़ते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जितनी ज्यादा रामकथाएं करवाएगी, कांग्रेस पार्टी को सियासी तौर पर उतना ही ज्यादा फायदा होगा.
पत्नी ने टोका, पर बोलते रहे दिग्विजय
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला. जब दिग्विजय सिंह धीरेंद्र शास्त्री और राजा भैया को लेकर यह तीखी टिप्पणी कर रहे थे, तो पास खड़ीं उनकी पत्नी अमृता सिंह ने उन्हें बीच में ही टोककर रोकने की कोशिश की. हालांकि, दिग्विजय सिंह अपने अंदाज में डटे रहे और अपनी बात पूरी करके ही रुके. बयान खत्म करने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडियाकर्मियों से यह भी कह दिया कि उनकी यह बात पत्रकारों के लिए अच्छी हेडलाइन साबित होगी.
जावेद अख्तर के बयान का किया समर्थन
अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर की भी खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भगवान राम को लेकर जावेद अख्तर ने जो विचार रखे हैं, वे उसका पूरा समर्थन करते हैं. दिग्विजय के मुताबिक, यही असली सनातन धर्म है, जिसका संदेश लेकर वे अपनी पदयात्रा पर निकले हैं.
रिश्तेदारी पर भारी पड़ी गठबंधन की सियासत
राजनीतिक जानकार दिग्विजय सिंह के इस कटाक्ष के गहरे मायने निकाल रहे हैं. गौरतलब है कि कुंडा विधायक राजा भैया और दिग्विजय सिंह आपस में रिश्तेदार हैं- राजा भैया, दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह के मामा ससुर लगते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं.
माना जा रहा है कि चुनाव से ठीक पहले राजा भैया के इलाके में रामकथा के आयोजन के जरिए समाजवादी पार्टी की घेराबंदी करने की कोशिश हो रही है. चूंकि यूपी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन है, ऐसे में दिग्विजय सिंह ने निजी रिश्तों को किनारे रखते हुए गठबंधन धर्म निभाया और राजा भैया पर सियासी हमला बोल दिया.
ये भी पढ़ें: MP Weather: मध्य प्रदेश में 22 नवंबर को 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, 30-40 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
