चिड़ियाघर के बाहर से 26 सेकंड में गायब हुई सुहाना 20 दिन बाद वापस लौटी, पुलिस के सामने बनी पहेली

ग्वालियर चिड़ियाघर के बाहर से महज 26 सेकंड में गायब हुई सुहाना 20 दिन बाद वापस लौट आई है. महिला का दावा है कि वह रास्ता भटक गई थी, लेकिन उसने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया है.

ADVERTISEMENT

ग्वालियर में 20 दिन बाद महिला की वापसी
ग्वालियर में 20 दिन बाद महिला की वापसी
Google CTA

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चिड़ियाघर के बाहर से महज 26 सेकंड के भीतर लापता हुई नवविवाहित महिला सुहाना 20 दिन बाद रहस्यमयी तरीके से वापस लौट आई है. हालांकि, महिला के लौटने के बाद पुलिस के सामने नए सवाल खड़े हो गए हैं और पूरा मामला उलझ गया है.

26 सेकंड में गायब हुई थी महिला

यह पूरी घटना 6 अक्टूबर की है. शिवपुरी निवासी करण रजक अपनी पत्नी सुहाना के साथ ग्वालियर में एक रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने आया था. दोनों की शादी को अभी सिर्फ पांच महीने ही हुए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद सुहाना ने पति से चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई, जिसके बाद करण उसे वहां ले गया.

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोपहर 3 बजकर 9 मिनट 26 सेकंड पर सुहाना ने अपने पति को बाइक पार्क करने के लिए कहा. करण जैसे ही पार्किंग की ओर गया, तभी सामने से एक बाइक सवार आया. सुहाना उस बाइक पर बैठी और वहां से निकल गई. जब करण महज 26 सेकंड बाद (3 बजकर 9 मिनट 55 सेकंड पर) लौटा, तो पत्नी गायब थी. उसने आसपास तलाश की और फोन लगाया, लेकिन सुहाना का मोबाइल बंद मिला. इसके बाद करण ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

100 से ज्यादा CCTV खंगाले, मुरैना में मिली थी लोकेशन

महिला की तलाश में पुलिस ने 100 से ज्यादा जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. हालांकि, सुहाना के मोबाइल की लोकेशन मुरैना के एक गांव में मिली थी. पुलिस की टीम वहां भी पहुंची, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका.

महिला का दावा 'लिफ्ट ली थी, रास्ता भटक गई'

20 दिन बाद जब सुहाना वापस लौटी, तो उसने पुलिस को बताया कि उसने बाइक सवार से सिर्फ लिफ्ट ली थी, लेकिन बाद में वह रास्ता भटक गई थी. हालांकि, पुलिस महिला की इस कहानी पर भरोसा न करते हुए इसकी गहराई से पड़ताल कर रही है.

न पति के साथ गई, न बॉयफ्रेंड को स्वीकार किया

महिला के वापस लौटने के बाद पुलिस ने उसके पति करण को बुलाकर दोनों के बयान दर्ज किए. लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब सुहाना ने अपने पति के साथ शिवपुरी वापस जाने से साफ इनकार कर दिया. बालिग होने के कारण पुलिस ने उसे अपनी मर्जी से जाने का विकल्प दिया, लेकिन महिला ने किसी बॉयफ्रेंड के साथ जाने से भी मना कर दिया. उसका कहना है कि उसका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है.पति के साथ न जाने और बॉयफ्रेंड की बात से इनकार करने के बाद अब पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रही है.

पहले भी तीन बार लापता हो चुकी है महिला

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि सुहाना शादी से पहले भी घर से गायब हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि बीते तीन सालों के दौरान वह करीब तीन बार अपने घर से लापता हुई थी.फिलहाल, पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुहाना 20 दिनों तक कहां और किसके साथ रही? क्या वह सच में रास्ता भटक गई थी, या फिर कहानी कुछ और है? पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है.