पत्नी से अवैध संबंध के शक में दोस्त का कत्ल, शव जलाया; सर्जरी की प्लेट और टैटू से खुला राज
इंदौर में पत्नी से अवैध संबंध के संदेह में युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर शव जला दिया और पिता के साथ गुमशुदगी दर्ज कराने थाने भी पहुंचा. एक्स-रे में मिली सर्जरी प्लेट और सीने के टैटू ने आरोपी अजय कपाड़िया का राज खोला. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

इंदौर: अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया. पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया गया, लेकिन एक पुरानी मेडिकल सर्जरी की प्लेट और सीने पर बने टैटू ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया. हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी खुद मृतक के पिता के साथ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने भी पहुंचा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
कैसे रची गई हत्या की साजिश?
जानकारी के अनुसार, दीपावली के दूसरे दिन आरोपी अजय कपाड़िया ने अपने दोस्त विनय उर्फ विनायक सोलंकी को अपनी पत्नी के साथ देख लिया था. इसके बाद अजय के मन में शक और बदले की भावना पनप गई. उसे संदेह था कि विनय के अलावा ननकू नाम के युवक के भी उसकी पत्नी से संबंध हैं. अजय ने दोनों को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. उसकी प्लानिंग थी कि दोनों को नशा कराकर मारा जाए और हत्या का आरोप एक-दूसरे पर डाल दिया जाए. हालांकि, वारदात से एक दिन पहले ननकू आलीराजपुर चला गया, जिससे अजय के जाल में अकेला विनय फंस गया.
जैकेट देने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
अजय ने जैकेट देने के बहाने विनय को बुलाया और उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव की पहचान मिटाने के लिए उसे आग के हवाले कर दिया. शनिवार रात आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास आईआर-2 रोड पर एक जला हुआ शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
मेडिकल प्लेट और बाज के टैटू से हुई पहचान
शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण शुरुआती दौर में मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी. रविवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को सिर में चोट या गोली लगने की आशंका हुई. एक्स-रे जांच में सिर की पुरानी सर्जरी के दौरान लगाई गई प्लेट नजर आई.
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि यह प्लेट गुजरात के वडोदरा की एक कंपनी ने सप्लाई की थी. वर्ष 2025 में इंदौर की एक सर्जिकल कंपनी को मिली तीन प्लेटों में से दो अरबिंदो अस्पताल भेजी गई थीं. अस्पताल के रिकॉर्ड खंगालने पर 2025 में हुई दो सर्जरी की जानकारी मिली, जिनमें विनायक उर्फ विनय की तस्वीर भी थी. इसके अलावा, डॉक्टरों ने जले हुए शव के सीने पर बने बाज के टैटू से भी पहचान की पुष्टि की. रिकॉर्ड के मुताबिक, मई 2025 में बाइक हादसे में विनय के सिर में गंभीर चोट आई थी और 16 मई को सर्जरी कर प्लेट लगाई गई थी.
पिता के साथ थाने पहुंचकर दर्ज कराई गुमशुदगी
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या के बाद अजय ने खुद को बेकसूर दिखाने की पूरी कोशिश की. वह मृतक विनय के पिता जगदीश के साथ बेटे की तलाश में जुटा रहा. पुलिस ने पिता को दोस्तों अजय और सुजीत को साथ लाने के लिए कहा था. दो दिन तक तलाश के बाद मंगलवार को पिता अजय और सुजीत को लेकर थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई.
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
जिस दोस्त पर परिवार भरोसा कर रहा था, वही विनय का कातिल निकला. मेडिकल साक्ष्यों और पुलिस जांच के आधार पर आरोपी अजय कपाड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.
