कमलनाथ-दिग्विजय को दिल्ली से आया बुलावा, सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के साथ बड़ी बैठक

MP Politics: मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस पार्टी सोमवार को बड़ी बैठक करने जा रही है. यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में होगी और इस बैठक के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित एमपी कांग्रेस के […]

ADVERTISEMENT

Kamal Nath, Digvijay Singh, MP Congress, MP Politics, Mallikarjun Kharge, National Congress
Kamal Nath, Digvijay Singh, MP Congress, MP Politics, Mallikarjun Kharge, National Congress
Google CTA

MP Politics: मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस पार्टी सोमवार को बड़ी बैठक करने जा रही है. यह बैठक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में होगी और इस बैठक के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित एमपी कांग्रेस के 11 टॉप लीडरों को दिल्ली बुलाया गया है. यह बैठक 5 दिन पहले होने वाली थी लेकिन कर्नाटक सरकार के गठन की प्रक्रिया में  कांग्रेस की लीडरशिप उलझी हुई थी. इस कारण इस बैठक को स्थगित कर दिया गया था लेकिन अब यह बैठक कल यानी सोमवार को दिल्ली में आयोजित होगी.

कमलनाथ के मीडिया प्रभारी पीयूष बबेले ने बताया कि बैठक में आने के लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, मप्र कांग्रेस के प्रभारी जेपी अग्रवाल, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व पीसीसी चीफ कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी सहित कुछ अन्य नेता दिल्ली बुलाए गए हैं.

इनमें नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह तो रविवार रात ही दिल्ली पहुंच जाएंगे और यहां स्थित मध्यप्रदेश भवन में रुकेंगे. मध्य रात्रि तक अन्य नेताओं के भी दिल्ली पहुंच जाने की संभावना जताई गई है. बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश चुनावों की तैयारियों को लेकर होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रह सकते हैं.

लूजर 65 पर कांग्रेस की होगी अहम चर्चा, बनाई जाएगी बड़ी रणनीति
कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले बताते हैं कि बैठक में सबसे बड़ी चर्चा मध्यप्रदेश की उन 65 सीटों को लेकर होगी, जिन्हें कांग्रेस हमेंशा से ही हारती आई है. इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान की बुधनी विधानसभा सीट भी शामिल है. इस बार कांग्रेस सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने मजबूत कैंडिडेट उतारने पर विचार कर रही है. हर बार कांग्रेस बुधनी सीट पर कमजोर प्रत्याशी ही उतारती आई है लेकिन इस बार संभावना है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री दीपक जोशी को उतार सकती है. इसी के साथ ही बीजेपी के सभी कद्दावर नेता जैसे नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव आदि की सीटों को कांग्रेस के पाले में लाने की रणनीति तैयार होगी.

टिकट वितरण, चुनाव प्रचार और घोषणा पत्र पर भी होगी चर्चा
कमलनाथ लंबे समय से अपनी हर जनसभा में कांग्रेस के घोषणा पत्र जिसे वे वचन पत्र कहते हैं, उसे लाने की बात कर रहे हैं. जिसमें 500 रुपए में गैस सिलेंडर और नारी सम्मान योजना के जरिए 1500 रुपए देने के वादे शामिल होंगे. इसके साथ ही अन्य आकर्षक वादे शामिल होंगे, जिन्हें लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता चर्चा कर फाइनल करेंगे. बैठक में टिकट वितरण को लेकर सबसे अहम चर्चा होगी. कमलनाथ ने पहले ही साफ कर दिया था कि इस बार कांग्रेस उन उम्मीदवारों को टिकट देगी, जिनके जीतने की संभावना प्रबल है और उनको लेकर कांग्रेस की स्थानीय कमेटियां भी रजामंद होंगी.

ये भी पढ़ें- कांग्रेस की सरकार बनी तो इनको मिलेंगे मंत्रालयों के गेट पास, पीसीसी चीफ कमलनाथ ने किया ऐलान