इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में गोलू शुक्ला के बेटे ने तोड़े नियम और सजा भुगती गरीब गार्ड ने नौकरी से हाथ धो कर

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश और पूजा का वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन ने कार्रवाई की है. सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है और ड्यूटी पर तैनात गार्ड को बर्खास्त कर दिया गया है. मुख्य सुरक्षा अधिकारी का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, पुजारियों और मंदिर प्रबंधन के अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद सवाल उठ रहे हैं कि नियम तोड़ने वाले रसूखदारों की जवाबदेही कब तय होगी और कार्रवाई सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर ही क्यों हो रही है ?

ADVERTISEMENT

खजराना गणेश मंदिर में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार का जुर्माना; गार्ड बर्खास्त, रसूखदारों पर एक्शन कब?
गर्भगृह में दर्शन करता रुद्राक्ष शुक्ला
Google CTA

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश और पूजा करने का वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन ने कार्रवाई की है. कलेक्टर शिवम वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि  सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात गार्ड को बर्खास्त कर दिया गया है. मुख्य सुरक्षा अधिकारी का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए हैं. हालांकि, इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि नियम तोड़ने वाले रसूखदारों की जवाबदेही कब तय होगी ?

गर्भगृह में प्रवेश का वीडियो हुआ था वायरल

इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है. इसके बावजूद बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के गर्भगृह में प्रवेश करने और भगवान गणेश की पूजा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.  वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हुए थे. मामला तूल पकड़ने के बाद प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई.

CCTV बंद मिलने पर 51 हजार का जुर्माना

जांच के दौरान मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां सामने आईं. बताया गया कि घटना के समय सीसीटीवी कैमरे बंद थे और लाइव मॉनिटरिंग भी नहीं की जा रही थी. इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की. सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है. वहीं, गर्भगृह में प्रवेश के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है.

मुख्य सुरक्षा अधिकारी का वेतन काटा

मंदिर प्रबंधन ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश के सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा मंदिर के पुजारियों, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.प्रबंधन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गर्भगृह के प्रवेश मार्ग पर पांच सुरक्षाकर्मी तैनात करने का निर्णय लिया है. हालांकि, आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश पर पहले की तरह प्रतिबंध जारी रहेगा.

गार्ड की नौकरी गई, नियम तोड़ने वालों कब एक्शन ?

मंदिर प्रबंधन की कार्रवाई के बाद अब एक नया सवाल खड़ा हो रहा है. आखिर नियमों की अनदेखी के मामले में कार्रवाई की गाज छोटे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर ही क्यों गिरती है ? जिस गार्ड को नौकरी से बर्खास्त किया गया, उसकी भी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियां हैं. सवाल यह है कि क्या कोई सामान्य सुरक्षाकर्मी किसी रसूखदार व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने के लिए अपनी नौकरी दांव पर लगा सकता है ?


पहले भी विवादों में आ चुका है रुद्राक्ष शुक्ला का नाम

रुद्राक्ष शुक्ला का नाम इससे पहले भी मंदिरों में नियमों की अनदेखी से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में आ चुका है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब नियम तोड़ने के आरोपों में रसूखदार लोगों के नाम सामने आते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती ? क्या सिर्फ सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त कर देने से मंदिर प्रबंधन की पूरी जवाबदेही खत्म हो जाती है ? अगर प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश किया गया, तो प्रवेश करने वाले की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए.

मंदिर में रसूखदार और आम श्रद्धालु में फर्क क्यों ?

खजराना गणेश मंदिर की यह घटना सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था में जवाबदेही और समानता पर भी सवाल खड़े करती है. मंदिर में आने वाला हर श्रद्धालु भगवान के सामने समान है.  ऐसे में नियमों का पालन भी सभी के लिए बराबर होना चाहिए. फिलहाल मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा एजेंसी और कर्मचारियों पर कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी तय करने की कोशिश की है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई होगी ? आखिर कब तक रसूखदारों की कथित गलतियों की कीमत छोटे कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवाकर चुकानी पड़ेगी? भगवान के दरबार में आस्था के साथ इंसाफ भी बराबर होना चाहिए. 

इनपुट- धर्मेंद्र कुमार शर्मा, संवाददाता, इंदौर

यह खबर भी पढ़ें : भोपाल में रैपिडो चालक की घिनौनी हरकत, बुकिंग रद्द करने पर भेजा अश्लील फोटो, बोला- 'हिंदु लड़कियां ऐसी ही होती हैं'