8 दिन तक काम, फिर मिला धोखा... लापता लेडीज फिल्म के एक्टर सत्येंद्र सोनी ने निर्माता-निर्देशक पर लगाए बड़े आरोप, वीडियो वायरल
Laapataa Ladies Actor Vivad: सुपरहिट फिल्म 'लापता लेडीज' से पहचान बनाने वाले अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर रोते हुए बड़ा खुलासा किया है. अभिनेता ने फिल्म 'पेड पालकी' के निर्माता-निर्देशक पर पैसे नहीं देने, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई.
ADVERTISEMENT

Satyendra Soni Film Shooting Vivad: मध्य प्रदेश के मैहर जिले से फिल्म जगत के एक उभरते हुए कलाकार के साथ बदसलूकी और प्रताड़ना का बड़ा मामला सामने आया है. हाल ही में आई सुपरहिट फिल्म लापता लेडीज से अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर आंखों में आंसू लेकर एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने कहा कि उन्हें फिल्म 'पेड पालकी' की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के मैहर बुलाया गया था. उन्होंने वहां लगातार आठ दिनों तक पूरी लगन के साथ काम किया. सत्येंद्र के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें केवल पांच हजार रुपये साइनिंग अमाउंट के तौर पर दिए गए थे और कहा गया था कि बाकी का भुगतान शूटिंग के दौरान किया जाएगा. लेकिन जब आठ दिन बाद उन्होंने अपने पैसे मांगे, तो डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने उनका पैकअप कर दिया और पैसे देने से साफ मना कर दिया.