भिंड: जिस पिता ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी ने 3 लाख रुपये में दे दी बेटे की सुपारी, जानें वजह
Bhind News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. नशे की लत और आए दिन के घरेलू विवादों से परेशान होकर एक पिता ने अपने ही 26 वर्षीय बेटे की हत्या के लिए ₹3 लाख की सुपारी दे दी. पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT

Bhind Father Arrested for Son Murder Case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठेगी. जिस पिता पर अपने बेटे की जिंदगी को संवारने और उसे सही रास्ता दिखाने की जिम्मेदारी थी, उसी कलयुगी पिता ने अपने बेटे की नशे की लत से तंग आकर उसकी मौत की सुपारी दे दी. भिंड के देहात थाना क्षेत्र के मानपुरा के पास बीहड़ से बरामद एक अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने मृतक के पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के उरई निवासी 26 वर्षीय रईस खान के रूप में हुई है. रईस को ड्रग्स और नशे की गंभीर लत थी, जिससे उसका परिवार बेहद परेशान था. परिवार ने कई बार उसका ग्वालियर के नशा मुक्ति केंद्र में इलाज भी कराया था, लेकिन करीब 6 महीने तक इलाज चलने के बाद भी उसकी आदत में सुधार नहीं आया और घर लौटने पर वह फिर से नशा करने लगा. घर में आए दिन होने वाले विवादों और कलह से तंग आकर उसके पिता रशीद खान ने अपने ही बेटे को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया.
3 लाख रुपये की दी सुपारी
पिता रशीद खान ने उत्तर प्रदेश के उरई के ही रहने वाले मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को अपने बेटे की हत्या के लिए 3 लाख रुपये की सुपारी दी. तय योजना के तहत, 6 सितंबर से ग्वालियर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रईस को 26 अक्टूबर को उसका पिता खुद बाहर लेकर आया. रास्ते में आरोपियों ने उसे शराब पिलाई और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद शव को भिंड के मानपुरा के बीहड़ में फेंक दिया गया. आरोपियों को लगा था कि जंगली जानवर शव को खा जाएंगे और कभी इस राज से पर्दा नहीं उठेगा. इतना ही नहीं, शव को जल्दी गलाने के लिए उस पर भारी मात्रा में नमक और सर्फ भी डाला गया था.
सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की तफ्तीश से खुला राज
27 अक्टूबर 2026 को मानपुरा के पास नीले रंग की त्रिपाल में लिपटा हुआ यह अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस के लिए यह किसी अंधे कत्ल की पहेली जैसा था. भिंड पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में कुछ संदिग्ध वाहन नजर आए, जिनकी कड़ियां जोड़ने पर एक गाड़ी उरई निवासी ज्ञान सिंह की निकली. पूछताछ में पता चला कि वह गाड़ी इजराइल नाम के शख्स को किराए पर दी गई थी. जब पुलिस ने इजराइल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारे राज उगल दिए. पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता रशीद खान, मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को गिरफ्तार कर लिया है और सुपारी के डेढ़ लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं.
यह भी पढ़ें: रातभर पत्नी की डेड बॉडी के साथ सोता रहा SSB जवान, सुबह हार्ट अटैक बताकर शव ले जा रहा था गांव, बेटी ने खोला राज
