जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ मैहर गई छात्रा की कैसे हुई मौत, छात्रा को गोद में लेकर जाते दिखे उसके दोस्त !
जबलपुर से दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने मैहर पहुंची 22 साल की छात्रा की आस्था यात्री निवास में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. पुलिस ने DVR जब्त कर CCTV फुटेज और दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT

मैहर: जन्मदिन की खुशियां मनाने जबलपुर से मैहर पहुंची 22 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आस्था यात्री निवास की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए यात्री निवास का DVR जब्त कर लिया है और छात्रा के साथ आए दोस्तों से पूछताछ कर रही है. मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, जबलपुर की रहने वाली 22 साल की छात्रा अपनी दो सहेलियों और चार दोस्तों के साथ सोमवार तड़के करीब 3 बजे मैहर पहुंची थी. सभी सातों दोस्तों ने जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए आस्था यात्री निवास में तीन कमरे बुक किए थे. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे एक कमरे में छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई.
गोद में उठाकर अस्पताल ले गए दोस्त
छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसके दोस्त उसे गोद में उठाकर यात्री निवास से बाहर निकले और तुरंत सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल में हुआ विवाद
छात्रा की मौत के बाद अस्पताल में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब उसके साथ आए दोस्त शव को अपने साथ जबलपुर ले जाने की जिद करने लगे. डॉक्टरों ने पुलिस के पहुंचने तक शव सौंपने से इनकार कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया.
CCTV और पोस्टमार्टम के सहारे जांच
पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है. कमरे में क्या हुआ और छात्रा की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने यात्री निवास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और DVR जब्त कर लिया है. साथ ही छात्रा के साथ आए दोनों सहेलियों और चारों दोस्तों से भी गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.
