मऊगंज जल जीवन मिशन घोटाला: ₹3.85 करोड़ डकार गए, पहली बार पानी भरते ही ढही टंकी, EOW ने दर्ज की FIR

मध्य प्रदेश के मऊगंज में जल जीवन मिशन में ₹3.85 करोड़ का बड़ा घोटाला सामने आया है. पानी भरते ही टंकी जमींदोज हो गई. EOW रीवा ने 3 PHE इंजीनियरों और बीजेपी नेता ठेकेदार पर FIR दर्ज की है.

ADVERTISEMENT

NewsTak
मऊगंज में जल जीवन मिशन घोटाला
Google CTA

मऊगंज (मध्य प्रदेश): 'हर घर जल' पहुंचाने के दावे के साथ शुरू हुई केंद्र सरकार की फ्लैगशिप 'जल जीवन मिशन' योजना मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है. कागजों में 3 करोड़ 85 लाख रुपये का काम पूरा दिखाकर ठेकेदार को शत-प्रतिशत भुगतान भी कर दिया गया, लेकिन जब हकीकत परखी गई तो सिस्टम के दावों की पोल खुल गई. नईगढ़ी ब्लॉक के खटखरी गांव में जब 30 फीट ऊंची पानी की टंकी में पहली बार पानी भरा गया, तो वह ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई. इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के तीन इंजीनियरों और मुख्य ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. घोटाले का मुख्य आरोपी ठेकेदार सत्ताधारी दल बीजेपी के किसान मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष है.