एमपी के राज्य कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के DA में बढ़ोतरी

मध्यप्रदेश सरकार ने 4th, 5th और 6th वेतनमान कर्मचारियों का DA 20% तक बढ़ाया. नगरीय निकाय पेंशनर्स की DR में भी इजाफा. जानें नई दरें और एरियर भुगतान की तारीख.

ADVERTISEMENT

DA Hike
DA Hike
Google CTA

भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी आर्थिक राहत दी है. सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के तहत कार्यरत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में इजाफा किया है. चौथे वेतनमान वाले कर्मचारियों के DA में 20 प्रतिशत अंक और पांचवें व छठवें वेतनमान वालों के लिए 5-5 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी की गई है. सातवें वेतनमान के कर्मचारियों का DA पहले ही बढ़ाया जा चुका है. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स यानी कुल 53 हजार से ज्यादा लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे.

कब से मिलेगा नकद लाभ और एरियर का भुगतान? 

आदेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद लाभ 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा, जिसका भुगतान नवंबर 2026 की सैलरी में जुड़कर आएगा. इसके अलावा, जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक की अवधि का बकाया एरियर तीन समान किस्तों में (नवंबर, दिसंबर और जनवरी में) दिया जाएगा. इस अवधि के दौरान सेवानिवृत्त (रिटायर) या दिवंगत हुए कर्मचारियों के परिजनों को एरियर की पूरी राशि एकमुश्त दी जाएगी.

किस वेतनमान में कितना बढ़ा DA? 

वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी:

  • चौथा वेतनमान: महंगाई भत्ते को 1465% से बढ़ाकर 1485% किया गया है (20% अंक की वृद्धि).
  • पांचवां वेतनमान: महंगाई भत्ते को 323% से बढ़ाकर 328% किया गया है (5% अंक की वृद्धि).
  • छठवां वेतनमान: महंगाई भत्ते को 257% से बढ़ाकर 262% किया गया है (5% अंक की वृद्धि).

प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ 

सरकारी उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा. इनके लिए भी DA की नई दरें क्रमशः 1485% और 328% तय की गई हैं. हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते को किसी अन्य योजना के लिए 'वेतन' नहीं माना जाएगा.

नगरीय निकाय के पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) भी बढ़ी 

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आदेश के तहत, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी वृद्धि की गई है. छठवें वेतनमान के पेंशनर्स को 5 प्रतिशत अंक और सातवें वेतनमान वालों को 2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी मिली है. यह वृद्धि 1 जुलाई 2026 से लागू होगी. बढ़ी हुई DR का लाभ मूल पेंशन के साथ-साथ 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी मिलेगा.

परिवार पेंशन पर DR के लिए लागू होगी यह शर्त 

विभाग ने परिवार पेंशन (Family Pension) पर महंगाई राहत को लेकर नियम स्पष्ट किए हैं. यदि पति या पत्नी की मृत्यु के बाद आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति मिली है, तो उसे परिवार पेंशन पर DR की पात्रता नहीं होगी. वहीं, यदि जीवनसाथी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से ही सरकारी सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर बढ़ी हुई DR का लाभ दिया जाएगा.