कौन हैं IAS शीलेंद्र सिंह जिनको लेकर हाईकोर्ट ने कहा कि इनको बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत है ?

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने PIT-NDPS एक्ट के एक मामले में रीवा कमिश्नर शीलेंद्र सिंह को हिरासत नियमों की जानकारी न होने पर फटकार लगाई और दो दिन में जवाब मांगा. जानें पूरा मामला और IAS शीलेंद्र सिंह का सफर.

ADVERTISEMENT

Rewa Commissioner Shailendra Singh
Rewa Commissioner Shailendra Singh
Google CTA

जबलपुर: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शीलेंद्र सिंह की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई है. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि रीवा कमिश्नर को हिरासत से जुड़े नियमों और कानूनी प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है तथा उन्हें बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत है.

क्या है पूरा मामला? 

यह मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ी एक याचिका का है. ओमप्रकाश की गिरफ्तारी पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट (PIT-NDPS Act) के तहत हुई थी, जिसके बाद रीवा कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने उन्हें छह महीने के लिए भोपाल जेल में रखने का आदेश जारी किया था. इसी आदेश को चुनौती देते हुए याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की.

मंगलवार, 24 नवंबर को चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोकजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की. इस दौरान कोर्ट ने कमिश्नर के आदेश में कई खामियां और गलतियां पाईं.

हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी और निर्देश 

सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने स्पष्ट कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में भेजने या जेल में बंद रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील और जिम्मेदारी भरा कार्य है, लेकिन रीवा कमिश्नर को हिरासत संबंधी नियमों की पूरी समझ नहीं दिखती. हाईकोर्ट ने कमिश्नर को आदेश में सामने आई गलतियों और उठाए गए सवालों पर दो दिन के भीतर दोबारा संक्षिप्त जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. अगली सुनवाई में इस जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.

कौन हैं आईएएस अधिकारी शीलेंद्र सिंह? 

पृष्ठभूमि और शिक्षा: मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के रहने वाले शीलेंद्र सिंह के पास भौतिक विज्ञान (Physics) में मास्टर की डिग्री है. उन्होंने 1993 में एमपीपीएससी (MPPSC) परीक्षा में स्टेट टॉप कर मध्य प्रदेश में अपनी सेवा की शुरुआत की.

प्रशासनिक सफर: वर्ष 2010 में उन्हें आईएएस (IAS) कैडर अवॉर्ड मिला. वे छिंदवाड़ा, छतरपुर और होशंगाबाद के कलेक्टर रह चुके हैं तथा नगर विकास विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. छिंदवाड़ा में कलेक्टर रहते हुए 'स्वच्छता साथी (वॉश ऑन व्हील)' पहल के लिए उन्हें सराहना मिली थी.

पहले भी रहा है हाईकोर्ट की सख्ती का सामना 

यह पहला मौका नहीं है जब शीलेंद्र सिंह से जुड़े मामले में हाईकोर्ट की सख्ती सामने आई हो. इससे पहले 2023 में छतरपुर कलेक्टर रहते हुए एक अवमानना मामले में हाईकोर्ट ने उन्हें 7 दिन की जेल और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी.

यह मामला स्वच्छता मिशन के तहत संविदा आधार पर छतरपुर में नियुक्त जिला समन्वयक रचना द्विवेदी के स्थानांतरण से जुड़ा था. आरोप था कि नियम विरुद्ध तबादले के बाद हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बावजूद उन्हें वापस जॉइनिंग नहीं दी गई और सेवा बर्खास्त कर दी गई थी. इस रवैये के खिलाफ 2021 में अवमानना याचिका दायर की गई थी, हालांकि उस दौरान सरकार की ओर से चीफ जस्टिस के समक्ष तुरंत जमानत की अर्जी लगाई गई थी.

फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हाईकोर्ट के निर्देश के बाद रीवा कमिश्नर की ओर से दो दिन के भीतर क्या जवाब दाखिल किया जाता है और अगली सुनवाई में कोर्ट का क्या रुख रहता है.

इंदौर के प्रभारी मंत्री बने चैतन्य कश्यप: सीएम मोहन यादव ने क्यों छोड़ा प्रभार? सियासी हलचल तेज