TI दिलीप पुरी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट, पुलिस ने शराब माफिया को दबोचा!
खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने शराब तस्करी नेटवर्क के मास्टरमाइंड राहुल जायसवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

खातेगांव में शराब माफिया को पकड़ने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हुई हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए इसके मुख्य मास्टरमाइंड राहुल जायसवाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस वारदात के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था.
मुख्य आरोपी ने वीडियो में कबूला कांग्रेस से कनेक्शन
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल जायसवाल का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने अपना कबूलनामा दिया है. वीडियो में राहुल खुद को खातेगांव विधानसभा का कांग्रेस प्रभारी, पीसीसी (PCC) सदस्य और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष बता रहा है.इसके साथ ही उसने शराब दुकानों के मैनेजमेंट और इस कारोबार में अपनी 30 फीसदी की हिस्सेदारी स्वीकार की है. राहुल जायसवाल के अनुसार, इस अवैध कारोबार में उसके साथ मनीष जायसवाल, अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल और बड़वानी के पाटेन्द्र जायसवाल भी साझेदार हैं. हालांकि, पुलिस इस कारोबार में अन्य लोगों की भूमिका और हिस्सेदारी को लेकर लगातार जांच कर रही है.
गुजरात तक फैला था शराब तस्करी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध शराब की सप्लाई का यह नेटवर्क केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं था, बल्कि टिमरनी से लेकर गुजरात तक फैला हुआ था और राहुल जायसवाल इसका संचालन कर रहा था.मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों की भी शिनाख्त की है.आयशर वाहन चालक अलीराजपुर निवासी गजेंद्र उर्फ अक्कु रावत.वाहन उपलब्ध कराने वाला केरम सिंह चांगोड़ अन्य आरोपी इंदौर निवासी विजय राव को गिरफ्तार किया.फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है. मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पांच जिलों में पुलिस टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्पेशल डीजी पहुंचे घटनास्थल
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विशेष पुलिस महानिदेशक (Special DG) उपेंद्र जैन को सीधे घटनास्थल पर भेजा. सीएम ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
जानिए 2 नवंबर की रात क्या हुआ था?
2 नवंबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर टिमरनी से गुजरात ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद के निर्देशन में चार पुलिस टीमों ने तुरंत नाकाबंदी की.नाकाबंदी के दौरान सांडलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबे के सामने शराब से भरा आयशर वाहन दिखाई दिया. खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने वाहन चालक को रुकने और नीचे उतरकर तलाशी देने का इशारा किया. लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे सीधे टीआई दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया.घटना में गंभीर रूप से घायल टीआई दिलीप पुरी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लगभग दो घंटे तक चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद अब पुलिस शराब माफिया के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने में जुटी हुई है.
