2.5 लाख आउटसोर्स कर्मियों की चिंता खत्म! सीएम मोहन यादव बोले- किसी को बाहर नहीं किया जाएगा

मध्य प्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की चर्चाओं पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्थिति स्पष्ट की. जानें क्या है पूरा मामला और कर्मचारियों से जुड़े अन्य बड़े फैसले.

ADVERTISEMENT

Dr. Mohan Yadav
Dr. Mohan Yadav
Google CTA

भोपाल: मध्य प्रदेश के सरकारी विभागों में कार्यरत लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विराम लगा दिया है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि प्रदेश के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा और नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी. उन्होंने नौकरी से हटाने की चर्चाओं को पूरी तरह भ्रामक बताया है.

क्यों शुरू हुई थी चिंता? 

इस पूरे मामले की शुरुआत योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के एक आदेश के बाद हुई थी. वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के हवाले से जारी उस आदेश में 31 मार्च 2027 तक नियमित पदों के विरुद्ध रखे गए आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई का जिक्र था. आदेश में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को छूट दी गई थी, लेकिन अन्य श्रेणियों की आउटसोर्स सेवाएं खत्म कर नियमित भर्ती की बात सामने आने से कर्मचारियों में अपनी आजीविका को लेकर चिंता बढ़ गई थी.

अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न विभागों में पांच लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं. यदि सेवा समाप्त करने की कार्रवाई होती, तो चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर लगभग 2 से 2.5 लाख कर्मचारी प्रभावित हो सकते थे. इनमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ऑफिस असिस्टेंट शामिल हैं, जो बिजली कंपनी, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, कलेक्ट्रेट, शिक्षा, लोक निर्माण और जल संसाधन जैसे विभागों में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

सीएम ने स्पष्ट की स्थिति, गिनाए अन्य फैसले 

संवाद भवन में आयोजित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी जमीन पर पहुंचती हैं जब कर्मचारी सशक्त और संतुष्ट हों.

सीएम ने कर्मचारियों से जुड़े अन्य प्रमुख फैसलों का भी जिक्र किया: 

  • भर्ती और पदोन्नति: रिक्त पदों पर भर्ती जारी रहेगी और सभी विभागों में 1 लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है.
  • दो बच्चों की नीति समाप्त: शासकीय सेवकों के लिए दो बच्चों की सीमा की नीति को खत्म कर दिया गया है.
  • CPCT में छूट: सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ CPCT की अनिवार्यता से छूट दी गई है.
  • भत्ते और अनुकंपा नियुक्ति: करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया गया है. वहीं, दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को तेजी से अनुकंपा नियुक्तियां दी जा रही हैं, जिनमें अकेले स्कूल शिक्षा विभाग में 1,000 से अधिक नियुक्तियां शामिल हैं.