MP Politics: 9 बार के विधायक गोपाल भार्गव ने दिए राजनीति से संन्यास के संकेत, बताया अपना अंतिम राजनीतिक लक्ष्य!
Gopal Bhargava Retirement: मध्य प्रदेश के 9 बार के विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा कि रहली क्षेत्र की कोपरा सिंचाई परियोजना का निर्माण और किसानों तक पानी पहुंचाना उनका अंतिम राजनीतिक लक्ष्य है. भार्गव ने ऐलान किया कि डैम का निर्माण पूरा होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT

मध्य प्रदेश की सियासत में 'अपराजेय योद्धा' के रूप में पहचान रखने वाले और भारतीय जनता पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के साफ संकेत दे दिए हैं. सागर जिले की रहली विधानसभा के बले गांव में आयोजित एक शासकीय लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंच से जनता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने अपने राजनीतिक जीवन का अंतिम पड़ाव और लक्ष्य सार्वजनिक किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि रहली क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और लगभग सभी प्रमुख विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, अब उनके पास कोई दूसरा विषय शेष नहीं बचा है.
कोपरा सिंचाई परियोजना: जीवन का अंतिम राजनीतिक लक्ष्य
गोपाल भार्गव ने अपने भाषण में जोर देकर कहा कि रहली क्षेत्र में लंबित पड़ी 'कोपरा सिंचाई परियोजना' का निर्माण कराना ही उनकी जिंदगी का आखिरी राजनीतिक लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि इस बांध के निर्माण में पहले जो भी तकनीकी या प्रशासनिक अवरोध आ रहे थे, वे अब पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं. जब भी उनकी प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात होती है, वे केवल इसी एक मांग और विषय को सामने रखते हैं. भार्गव ने ऐलान किया कि जैसे ही इस डैम का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का पानी मिलने लगेगा, वे तुरंत राजनीति से संन्यास ले लेंगे.
28 गांवों के 11,700 से अधिक किसानों की बदलेगी तकदीर
मंच से कोपरा परियोजना का खाका खींचते हुए भार्गव ने कहा कि इस डैम के बनने से करीब 24,686 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई क्षमता का विस्तार होगा. इससे रहली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 28 गांवों के 11,700 से अधिक किसान परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा. इसके अतिरिक्त रहली के रोन कुमराई, पथरिया और पड़ोसी जिले दमोह के कई इलाकों तक के किसानों को इस जलप्रदाय का लाभ मिलेगा. उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना से 20 से 25 हजार किसान परिवारों में इतनी समृद्धि आएगी कि वे किसी भी मामले में पंजाब और हरियाणा के समृद्ध किसानों से पीछे नहीं रहेंगे.
9 बार के अजेय विधायक और वर्तमान सियासी समीकरण
गौरतलब है कि गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश विधानसभा में रहली सीट से लगातार 9 बार चुनाव जीतकर अजेय रहने का रिकॉर्ड बना चुके हैं. वे प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD), पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे सबसे ताकतवर और अहम विभागों के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. हालांकि, 2023 के चुनाव में लगातार नौवीं बार प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद भी उन्हें वर्तमान मोहन यादव मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला था. अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित गोपाल भार्गव के इस ताजा बयान के बाद बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में सियासी मायने निकाले जाने लगे हैं.
इंदौर के प्रभारी मंत्री बने चैतन्य कश्यप: सीएम मोहन यादव ने क्यों छोड़ा प्रभार? सियासी हलचल तेज
