MP Tak interview: जब तक राहुल गांधी मेरे सरपरस्त, कांग्रेस में कोई साइडलाइन नहीं कर सकता- जीतू पटवारी

MP Tak interview: कांग्रेस के फायर ब्रांड नेता और विधायक जीतू पटवारी के ऊपर किस बड़े नेता का हाथ है, वह उन्होंने खुद ही बता दिया. MP Tak को दिए एक्सक्लूजिव इंटरव्यू में जीतू पटवारी ने कहा कि जब तक कांग्रेस पार्टी में उनके ऊपर राहुल गांधी का हाथ है और राहुल गांधी उनके सरपरस्त […]

ADVERTISEMENT

MP Tak interview Rahul Gandhi Jeetu Patwari
MP Tak interview Rahul Gandhi Jeetu Patwari
Google CTA

MP Tak interview: कांग्रेस के फायर ब्रांड नेता और विधायक जीतू पटवारी के ऊपर किस बड़े नेता का हाथ है, वह उन्होंने खुद ही बता दिया. MP Tak को दिए एक्सक्लूजिव इंटरव्यू में जीतू पटवारी ने कहा कि जब तक कांग्रेस पार्टी में उनके ऊपर राहुल गांधी का हाथ है और राहुल गांधी उनके सरपरस्त हैं, तब तक उनको कांग्रेस पार्टी में कोई भी व्यक्ति साइडलाइन नहीं कर सकता है. जीतू पटवारी ने यह भी कहा है कि कमलनाथ उनके लिए पिता तुल्य हैं और उनसे नहीं बनने की बात को सोचना भी उनके लिए पाप है. यहां विस्तार से पढ़े,  MP Tak के मैनेजिंग एडिटर मिलिंद खांडेकर के साथ जीतू पटवारी के इंटरव्यू के संपादित अंश.

सवाल- मध्यप्रदेश में कांग्रेस कितनी सीटें जीतने की उम्मीद लगाए बैठी है?

जवाब-  मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज सिंह चौहान की सरकार से हर वर्ग परेशान है. महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है.जनता बस चुनाव की तारीख का इंतजार कर रही है. जनता खुद को तैयार कर रही है कि चुनाव की तरीख नजदीक आए और इस सरकार को उखाड़ फेंके. इसलिए बोल रहा हूं कि कांग्रेस 150 से अधिक सीटें जीतकर मध्यप्रदेश में सरकार बनाने जा रही है.

सवाल- लेकिन कई ओपिनियन पोल बता रहे हैं कि बीजेपी या तो आगे है या कांग्रेस से बराबरी की टक्कर ले रही है?

जवाब- सर्वे रिपोर्ट्स का अपनी जगह सम्मान है लेकिन बीते 18 साल के इस कुशासन के बाद जनता चीख-चीखकर बोल रही है कि जनता शिवराज सरकार से परेशान है. इसलिए जब जनता वोट डालने जाएगी तो वोट डालने से पहले लोग सौ बार विचार करेंगे. इसलिए सर्वे रिपोर्ट अपनी जगह है लेकिन कांग्रेस की सरकार बनना तय है.

सवाल- 2018 में जनता ने आपको सरकार बनाने का मौका दिया था लेकिन आपके विधायक ही कांग्रेस को छोड़कर चले गए थे, अब किस भरोसे पर लोग कांग्रेस को वोट देंगे?

जवाब-  तब लोकतंत्र की चोरी की गई थी लेकिन अब कांग्रेस पार्टी अलर्ट है. ऐसे व्यक्तियों को ही टिकट दिए जाएंगे जिनकी कांग्रेस की विचारधारा पर पूर्ण यकीन होगा और कांग्रेस व जनता के लिए प्रति वे वफादार होंगे.

सवाल- 2018 के चुनाव में सिंधिया कांग्रेस के साथ थे लेकिन अब नहीं है. क्या इससे कांग्रेस को नुकसान नहीं होगा?

जवाब- सिंधिया का दो व्यक्तित्व आपके सामने रखता हूं. एक 2018 से पहले का जो ईमानदार और सेवाभावी था. लेकिन 2018 के चुनाव के बाद वह व्यक्ति सत्ता का लालची हो गया और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने लगा है. यहीं वजह है कि नगरीय निकाय और महापौर के चुनाव में बीजेपी सिंधिया के गढ़ में हारी. सिंधिया की भरपाई करने के लिए कांग्रेस पार्टी के पास जयवर्धन सिंह, अरुण यादव जैसे नेता हैं. लेकिन ये तय है कि अब सिंधिया के लिए कांग्रेस पार्टी में कोई जगह नहीं है.

सवाल- प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में रानी लक्ष्मीबाई की समाधी पर मत्था टेका लेकिन सिंधिया के लिए कुछ क्यों नहीं बोला?

जवाब– प्रियंका गांधी चाहती थी कि बात अगर हो तो मध्यप्रदेश की जनता के मुद्दे जैसे महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर हो. इसका मतलब ये न निकाला जाए कि सिंधिया को उन्होंने कोई क्लीन चिट दी है. लेकिन ये तय है कि अब सिंधिया के लिए कांग्रेस पार्टी में कोई जगह नहीं है. उनके लिए कांग्रेस के दरवाजे अब पूरी तरह से बंद हो चुके हैं.

सवाल– आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जो भी कमेटियां बनी हैं उसमें नकुलनाथ को 10 वें नंबर पर और जीतू पटवारी को 17 वे नंबर पर रखा है. क्या आप साइडलाइन कर दिए गए हैं?

जवाब- किसी कमेटी की लिस्ट में ऊपर-नीचे नाम हो जाने से कोई साइडलाइन नहीं हो जाता है. मैं ऐसा नहीं मानता हूं. हर कमेटी में मुझे रखा गया है. इसका मतलब ये है कि पार्टी मुझे तव्वजो दे रही है. वैसे भी जब तक कांग्रेस पार्टी में मेरे सरपरस्त राहुल गांधी रहेंगे, तब तक कांग्रेस में मुझे कोई भी व्यक्ति साइडलाइन नहीं कर सकता है.

सवाल- लाड़ली बहना योजना क्या बीजेपी के लिए गेमचेंजर साबित हो रही है. कांग्रेस की नारी सम्मान योजना पिछड़ती नजर आ रही है?

जवाब- बीते 18 साल में सीएम शिवराज सिंह चौहान को लाड़ली बहनों की याद नहीं आई. अब उनको याद आ रही है, जब उनकी सरकार जाने की स्थिति में है. हमारी नारी सम्मान योजना तब लेकर आए हैं, जब सरकार आने की उम्मीद है. दोनों की टाइमिंग में अंतर है और मेरा मानना है कि नारी सम्मान योजना ही मध्यप्रदेश की महिलाओं के जीवन में गेमचेंजर साबित होगी.

सवाल– मध्यप्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा गड़बड़ी और उससे पहले व्यापमं की गड़बड़ी रोक पाने में बीजेपी ही नहीं कांग्रेस भी असफल रही है?

जवाब- कांग्रेस की 15 महीने की सरकार के पास इस परेशानी से निपटने समय कम था. लेकिन आज मैं MP Tak पर वचन देता हूं कि कांग्रेस की सरकार बनने के 6 महीने के अंदर व्यापमं परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले सलाखों के पीछे होंगे.

पूरा इंटरव्यू यहां देख भी सकते हैं– Jitu Patwari ने दिया विरोधियों को कड़ा संदेश, बोले, मेरे साथ Rahul Gandhi का आशीर्वाद हैं