रामलीला मैदान से राहुल गांधी ने MP की 29 लोकसभा सीटों पर वोट चोरी का आरोप लगाया, कमलनाथ अपना गढ़ भी नहीं बचा पाए थे

दिल्ली की INDIA ब्लॉक महारैली में राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में वोट चोरी और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई जारी रखने की बात कही. राहुल के आरोपों के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा सकती है, जहां 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी 29 सीटों पर जीत दर्ज की थी और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था.

ADVERTISEMENT

MP की 29 सीटों पर वोट चोरी का आरोप, राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत
रामलीला मैदान के मंच से राहुल गांधी
Google CTA

दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर वोट चोरी का मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों में चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और मतदाताओं के नाम काटकर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ऐसा किया गया.

राहुल गांधी ने 6 राज्यों का किया जिक्र 

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक का जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट से लोगों के नाम हटाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई. राहुल ने कहा कि जनता मोदी और शाह को अपना संदेश दे चुकी. यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल या नेता की नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है. कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता के पास चाहे जितना पैसा और ताकत हो, लेकिन संविधान से बड़ा कोई नहीं है. देश में लोकतंत्र को खत्म नहीं होने दिया जाएगा और न ही संविधान को नष्ट होने दिया जाएगा. राहुल गांधी ने अपने भाषण के जरिए विपक्षी दलों को वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर एकजुट होकर लड़ाई जारी रखने का संदेश भी दिया.

2024 लोकसभा चुनाव एमपी में वोट चोरी के आरोप 

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में भी वोट चोरी का आरोप लगाया है, 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए बेहद निराशाजनक रहे थे. मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. कांग्रेस का खाता तक नहीं खुल पाया था. पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भी अपनी पारंपरिक छिंदवाड़ा सीट नहीं बचा पाए थे. बीजेपी के विवेक बंटी साहू ने उन्हें 1 लाख 13 हजार 618 वोटों से हराया था. यह नतीजा इसलिए भी अहम था क्योंकि छिंदवाड़ा को लंबे समय तक कमलनाथ परिवार का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है. ऐसे में कांग्रेस के लिए मध्य प्रदेश की सभी सीटें गंवाना बड़ा सियासी झटका था. अब राहुल गांधी 2024 लोकसभा चुनाव में एमपी की 29 सीटों पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं. 

 21 विपक्षी दलों की भागीदारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

INDIA ब्लॉक की इस महारैली में कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन के 21 दलों के नेताओं की भागीदारी रही. रैली का मुख्य मुद्दा चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं, SIR और वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के आरोप रहे. विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई .रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. रामलीला मैदान और मार्च के रास्तों पर 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा 200 से ज्यादा CCTV कैमरों, ड्रोन और बॉडी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई थी. फिलहाल, राहुल गांधी के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में वोट चोरी का मुद्दा एक बार फिर गरमा सकता है. खासकर तब, जब बीजेपी राज्य की सभी 29 लोकसभा सीटें जीत चुकी है और कांग्रेस को अपनी चुनावी हार के साथ-साथ लगाए जा रहे आरोपों पर भी राजनीतिक बहस का सामना करना पड़ रहा है. देखना होगा आने वाले विधानसभा चुनाव में राहुल के इस बयान को एमपी कांग्रेस कितना भुना पाएगी. 

यह खबर भी पढ़े : सरकारी सिस्टम की खुली पोल, 9 साल से ट्राई-साइकिल और पेंशन के लिए भटक रही बुजुर्ग महिला, पति को पीठ पर लादकर पहुंची जनसुनवाई