राजा भैया ने बताया क्यों बागेश्वर बाबा प्रयागराज से सड़क मार्ग से कुंडा पहुंचे, बोले, कोई विरोध करता तो उनका दूसरा कार्यक्रम हो जाता

कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. मैहर पहुंचे विधायक राजा भैया ने विरोधियों को चेतावनी दी, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही प्रशासन से कथा पर रोक लगाने की मांग की थी. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

ADVERTISEMENT

Raja Bhaiya News
Raja Bhaiya News
Google CTA

मैहर: उत्तर प्रदेश के कुंडा में आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा संपन्न होने के बाद अब इस आयोजन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने मध्य प्रदेश के मैहर से विरोधियों पर सीधा निशाना साधा है. राजा भैया ने इसके साथ ही कथा के सकुशल संपत्न होने पर मां शारदा और बजरंग बली को धन्यवाद किया है.

मैहर में राजा भैया का बयान 

रविवार शाम मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचे राजा भैया ने मां शारदा शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना की. इससे पहले उन्होंने चित्रकूट में भगवान कामदगिरि की परिक्रमा भी की. मीडिया से बातचीत के दौरान राजा भैया ने कुंडा में राम कथा के निर्विघ्न समापन पर आभार व्यक्त किया. प्रयागराज से कुंडा तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सड़क मार्ग से ले जाने के सवाल पर विधायक ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि वे जानबूझकर सड़क मार्ग से गए थे और यदि रास्ते में किसी ने विरोध किया होता, तो कथा से पहले ही उनका 'दूसरा कार्यक्रम' कर दिया जाता. इसके साथ ही राजा भैया ने सनातन संस्कृति के पक्ष में एकजुट होने की बात कही और आयोजन को जातिवाद से जोड़ने के आरोपों को खारिज किया.

समाजवादी पार्टी की आपत्ति और मांग 

इस राजनीतिक विवाद की शुरुआत कुंडा में कथा के आयोजन से पूर्व हुई थी. आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान कृष्ण से जुड़े एक कथित वीडियो के सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया था. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट साझा करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से अपील की थी कि कुंडा, लखनऊ, आगरा, झांसी, गोंडा और अंबेडकरनगर में प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रमों को अनुमति न दी जाए. सपा नेताओं की ओर से भी विरोध की चेतावनी भी दी गई थी.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा 

कथा से पहले विरोध की अटकलों के बीच राजा भैया ने आयोजन को हर हाल में संपन्न कराने की बात कही थी. अब आयोजन के बाद मैहर से आए उनके इस बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक आयोजनों और सियासी रुख को लेकर बहस छेड़ दी है.