सिवनी में सर्राफा व्यापारी के घर भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, एमपी में पसरा मातम
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सर्राफा व्यापारी के घर तड़के 4 बजे लगी भीषण आग में 6 लोगों की मौत हो गई. एमपी में दिवाली के दौरान कटनी और उज्जैन में भी हुए अग्निकांड. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

सिवनी: सिवनी जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के करीब 4 बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक भीषण आग लग गई. जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, विकराल लपटों ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया. हादसे के समय घर में 10 लोग मौजूद थे.
कटनी में दीपावली की रात भीषण आग: एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. करीब 4 घंटे चले कड़ी मशक्कत और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह 8 बजे तक सभी लोगों को बाहर निकाला जा सका. हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने परिवार के 6 सदस्यों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है.
अग्निकांड में गंवाई जान
इस दिल दहला देने वाली घटना में सोनी परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई:
- कुंदन लाल सोनी (75 वर्ष)
- राजकुमारी सोनी (65 वर्ष)
- ऋतु सोनी
- स्मृति सोनी
- सूर्या सोनी
- आदित्य सोनी (16 वर्ष)
सुरक्षित निकाले गए 4 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्राथमिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. इस घटना के बाद से पूरे छपारा नगर में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है.
कटनी में भी एक ही परिवार के 6 लोगों की गई जान
दिवाली के त्योहार पर आगजनी का यह अकेला हादसा नहीं था. प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी दिल पसीजने वाली खबरें आईं.कटनी में रविवार रात करीब 12 बजे बरही कस्बे में अग्रवाल परिवार के घर में भीषण आग लग गई. इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी, बहू और दो महीने के मासूम बच्चे समेत परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. दिवाली के पावन पर्व पर हुए इन सिलसिलेवार अग्निकांडों ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. प्रशासन मामलों की जांच में जुटा हुआ है.
