पिता की ड्यूटी निभाते हुए थाने में हुई थी मौत, अब बेटा 'गांजा धमकी' कांड में सस्पेंड; कौन हैं सिवनी ASP दीपक मिश्रा?
सिवनी के होटल में प्रेमी जोड़े के बैग में गांजा रखने की धमकी देने वाले ASP दीपक मिश्रा को सीएम मोहन यादव ने सस्पेंड कर दिया है. जानिए 1975 के बालाघाट थाने आगजनी कांड से क्या है उनका कनेक्शन और कैसे मिली थी पुलिस की नौकरी.
ADVERTISEMENT

सिवनी: मध्य प्रदेश पुलिस महकमे की किरकिरी कराने वाले एक वायरल वीडियो के बाद सिवनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा इन दिनों सुर्खियों में हैं. एक होटल में ठहरे बालिग प्रेमी जोड़े के बैग में गांजा रखकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए ASP दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम समेत 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस पूरे विवाद के केंद्र में आए ASP दीपक मिश्रा के पुलिस विभाग में आने की कहानी बेहद भावुक और ऐतिहासिक है, जो आज से करीब 51 साल पहले हुए एक भीषण कांड से जुड़ी है.
1975 का बालाघाट कांड और पिता की शहादत
दीपक मिश्रा के पुलिस विभाग में आने की कहानी को समझने के लिए साल 1975 के पन्नों को पलटना होगा. उस वक्त दीपक मिश्रा के पिता बालाघाट कोतवाली में थाना प्रभारी (TI) के पद पर तैनात थे. 20 फरवरी 1975 को पुलिस कस्टडी में लकेश वासनिक नामक युवक की संदिग्ध मौत हो गई थी, जबकि पुलिस की कथित पिटाई से दो छात्र घायल हो गए थे. इस घटना के विरोध में तत्कालीन छात्र नेता कंकर मुंजारे के नेतृत्व में उग्र प्रदर्शन शुरू हुआ.
प्रदर्शन के दौरान गुस्साई भीड़ ने बालाघाट थाने का घेराव कर उसमें आग लगा दी. इस भीषण आगजनी में TI मिश्रा समेत तीन पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना अंतिम सांस तक ड्यूटी निभाई और वे थाने के भीतर ही जिंदा जल गए. यह घटना मध्य प्रदेश के इतिहास के सबसे दर्दनाक और चर्चित जनआक्रोश के मामलों में दर्ज है.
अनुकंपा पर मिली थी नौकरी, बने ASP
पिता की इस शहादत के बाद दीपक मिश्रा को अनुकंपा के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर नियुक्ति मिली थी. अपनी सेवाओं के दौरान प्रमोशन पाकर वे पहले एसडीओपी (SDOP) बने और फिर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद तक पहुंचे. इससे पहले वे जबलपुर में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) भी रह चुके हैं और जुलाई 2025 में ही उन्हें सिवनी जिले में ASP के रूप में पदस्थ किया गया था.
क्या है सिवनी का वायरल वीडियो विवाद?
ताजा विवाद 13 नवंबर की एक घटना से जुड़ा है. सिवनी के बाबरिया रोड स्थित 'होटल सिद्धार्थ' में ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और कोतवाली पुलिस की टीम पहुंची थी. इस कार्रवाई का एक ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल रिकॉर्डिंग में पुलिसकर्मियों पर होटल में ठहरे एक बालिग प्रेमी जोड़े को प्रताड़ित करने और युवक के बैग में गांजा रखकर झूठे एनडीपीएस (NDPS) मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे. इसके साथ ही होटल संचालक से पैसे मांगने की बात भी सामने आई.
सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे और महकमे की किरकिरी हुई. मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. सीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और गलत आचरण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके बाद ASP दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम सहित 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
