कांग्रेसियों को क्यों सता रहा है ईवीएम से छेड़छाड़ का डर, दिग्विजय सिंह के बाद अब इस सीट के उम्मीदवार पहुंचे जांच करने
lok sabha election 2024: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए चार चरण में वोटिंग हो चुकी है. ईवीएम स्ट्रांग रूम में सील कर दी गई हैं. लेकिन कांग्रेसी नेता ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इसलिए वे लोग बार-बार स्ट्रांग रूम की जांच करने पहुंच रहे हैं.
ADVERTISEMENT

MP Lok Sabha Election 2024: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं. चार चरण में 29 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है और हर लोकसभा सीट की ईवीएम उनके जिलों के स्ट्रांग रूम में सील करके रख दी गई हैं. अब सभी को 4 जून का इंतजार है. जब काउंटिंग होगी और ये ईवीएम बाहर आएंगी और टेबल पर मतों की गिनती होगी. उसके बाद पता चलेगा कि किस लोकसभा सीट पर कौन सी पार्टी का उम्मीदवार विजयी हुआ है.
लेकिन 4 जून में अभी काफी समय है. ऐसे में विपक्षी पार्टियों, खासतौर पर कांग्रेस को ईवीएम की सुरक्षा का भय सता रहा है. ईवीएम की सुरक्षा की गारंटी को चेक करने कांग्रेस के बड़े नेता खुद ही स्ट्रांग रूम पहुंचकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जांच-पड़ताल कर रहे हैं. गुना-राजगढ़ में दिग्विजय सिंह तो अब ग्वालियर में यहां के लोकसभा प्रत्याशी प्रवीण पाठक भी स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा की जांच-पड़ताल करने पहुंचे थे.
उनके साथ में थे कांग्रेसी विधायक सतीश सिकरवार, जिनके छोटे भाई नीटू सिकरवार मुरैना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा है. वहीं ग्वालियर ग्रामीण से विधायक साहब सिंह गुर्जर भी इनके साथ स्ट्रांग रूम पहुंच गए. पहले सतीश सिकरवार के साथ प्रवीण पाठक स्कूटर पर सवार होकर यहां पहुंचे.
यहां पहुंचकर इन लोगों ने पहले सीसीटीवी कैमरों को चेक किया. इसके बाद स्ट्रांग रूम को घूम-घूमकर चेक किया कि कहीं कोई सुरक्षा में चूक को लेकर कोई मामला तो नहीं बन रहा. लेकिन सुरक्षा पूरी तरह से चाक-चौबंद दिखी और संतुष्ट होकर कांग्रेसी नेता वापस लौट गए.
बिना हेलमेट स्कूटर चला रहे कांग्रेस नेता
एक वीडियो भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बनाया गया है. जिसमें विधायक सतीश सिकरवार स्कूटर चला रहे हैं तो उनके पीछे सवार हैं ग्वालियर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक. प्रवीण पाठक और सतीश सिकरवार दोनों ने ही इस दौरान हेलमेट नहीं पहना हुआ है. इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग सवाल भी खड़े कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आने से पहले ही शिवराज सिंह चौहान को क्यों बुला लिया दिल्ली, ये बड़ी वजह आई सामने
