'सब धांधली है'; ब्राजील चुनाव में लूला की जीत पर भड़के ट्रंप!

ट्रंप ने कहा, "मैंने किसी उम्मीदवार का पक्ष नहीं लिया, लेकिन सच कहूं तो यह मुझे एक और धांधली वाला चुनाव लगा. दुनिया के सामने इससे बहुत गलत संदेश गया है. चुनाव ऐसे होने चाहिए जिन पर कोई उंगली न उठा सके और नतीजों पर सबको भरोसा हो. लेकिन मुझे यह चुनाव काफी भ्रष्ट और खराब लगा."

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं. लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अपने विरोधी और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो को 40 लाख से ज्यादा वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया है. लेकिन नतीजों के बाद अब इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आया है. ट्रंप ने इस चुनाव के तरीके पर सवाल खड़े करते हुए इसे संदिग्ध बताया है.

ट्रंप ने क्या कहा?

जब पत्रकारों ने ट्रंप से लूला की जीत और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर पूछा, तो उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया उन्हें बिल्कुल ठीक नहीं लगी. ट्रंप ने कहा, "मैंने किसी उम्मीदवार का पक्ष नहीं लिया, लेकिन सच कहूं तो यह मुझे एक और धांधली वाला चुनाव लगा. दुनिया के सामने इससे बहुत गलत संदेश गया है. चुनाव ऐसे होने चाहिए जिन पर कोई उंगली न उठा सके और नतीजों पर सबको भरोसा हो. लेकिन मुझे यह चुनाव काफी भ्रष्ट और खराब लगा." इसके साथ ही ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट भी लिखा. उन्होंने लिखा कि जो भी व्यक्ति अमेरिकी चुनावों में वोटिंग फ्रॉड की पक्की जानकारी देगा, उसे 10 लाख डॉलर का इनाम मिलेगा.

फ्लावियो ने नतीजे मानने से किया इनकार

इधर 40 लाख वोटों से हारने के बाद भी फ्लावियो बोल्सोनारो अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं. वे चुनाव रद्द कराने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले पर भी आपत्ति जताई है जिसमें वोटिंग का समय दो घंटे बढ़ाया गया था. प्रचार के दौरान फ्लावियो खुद को अमेरिका और ट्रंप का करीबी बता रहे थे, जबकि लूला का कहना था कि ब्राजील अपने फैसले खुद करेगा और किसी बाहरी दबाव में नहीं आएगा. वहीं ट्रंप के इन बयानों पर ब्राजील की सरकार ने भी पलटवार किया है. ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन ने एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और गलत हैं. उन्होंने कहा कि ब्राजील की चुनावी व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है.

पीएम मोदी ने दी लूला को बधाई

ट्रंप के बयानों के बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लूला दा सिल्वा को उनकी जीत पर बधाई दी है. पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत और ब्राजील के रिश्तों को और मजबूत करने और ग्लोबल साउथ के मुद्दों पर मिलकर काम करने को तैयार हैं. शुरुआती सर्वे में लूला को कमजोर माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने गरीबी, रोजगार और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर फोकस करके बड़ी जीत हासिल की. हालांकि, संसद में दक्षिणपंथी सांसदों की ज्यादा संख्या होने के कारण आने वाले दिनों में अपनी नीतियां लागू करना उनके लिए आसान नहीं होगा.