LPG Booking Rule Change: 1 अक्टूबर से बदल जाएगा सिलेंडर बुकिंग का नियम, सब्सिडी चाहिए तो करना होगा ये काम
1 अक्टूबर 2026 से LPG सिलेंडर पर सब्सिडी पाने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा. BAA नहीं कराने वाले ग्राहकों को सिलेंडर बाजार कीमत पर खरीदना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT

1/7
घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों लोगों के लिए 1 अक्टूबर 2026 से नया नियम लागू होने जा रहा है. सरकार ने LPG सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी को लेकर बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) अनिवार्य कर दिया है. यानी सब्सिडी वाले रेट पर LPG रिफिल बुक करने के लिए उपभोक्ताओं को यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी. सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का मकसद सब्सिडी का फायदा सही और पात्र परिवारों तक पहुंचाना है. साथ ही डुप्लीकेट और अपात्र LPG कनेक्शनों की पहचान करने में भी इससे मदद मिलेगी.

2/7
1 अक्टूबर से क्या बदल जाएगा?
1 अक्टूबर 2026 से रेग्युलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस पर सब्सिडी के साथ घरेलू LPG रिफिल लेने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा. जिन ग्राहकों ने यह प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा BAA कराने की जरूरत नहीं होगी. हालांकि, जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ऑथेंटिकेशन नहीं कराया है, उनके लिए यह काम पूरा करना जरूरी है.

3/7
BAA नहीं कराया तो क्या होगा?
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराने वाले ग्राहकों की LPG सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं होगी. ऐसे उपभोक्ताओं को सिलेंडर बाजार कीमत पर खरीदना पड़ेगा. इसका सीधा असर LPG सब्सिडी पर पड़ेगा. यानी BAA पूरा नहीं होने की स्थिति में ग्राहक को सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा.

4/7
27.43 करोड़ LPG ग्राहक करा चुके हैं ऑथेंटिकेशन
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे. यह कुल सक्रिय घरेलू LPG ग्राहकों का करीब 89.9 फीसदी है. सरकार ने साफ किया है कि जिन लोगों का BAA पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें इस प्रक्रिया को दोबारा करने की जरूरत नहीं है.

5/7
14.2 किलो सिलेंडर पर करीब 210 रुपये की सब्सिडी
सितंबर 2026 में 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये बताई गई है. जिन ग्राहकों ने अभी तक BAA नहीं कराया है, वे ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद सब्सिडी वाले रेट पर LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे.सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था से सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक इस्तेमाल को रोकने में मदद मिलेगी. इसके अलावा डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों की पहचान भी की जा सकेगी.

6/7
अक्टूबर 2023 से चल रहा है ऑथेंटिकेशन अभियान
LPG उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया नई नहीं है. देशभर में यह अभियान अक्टूबर 2023 से चल रहा है. इसकी समयसीमा सरकार कई बार बढ़ा चुकी है. पहले उपभोक्ताओं को 30 जून 2026 तक BAA पूरा करना था. इसके बाद सरकार ने समयसीमा बढ़ाकर 14 सितंबर 2026 कर दी थी. अब 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के लिए BAA जरूरी किया जा रहा है.

7/7
घर बैठे भी कर सकते हैं BAA
LPG उपभोक्ताओं को ऑथेंटिकेशन के लिए जरूरी नहीं कि गैस एजेंसी के दफ्तर जाना पड़े. सिलेंडर की डिलीवरी के समय भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है. इसके अलावा LPG डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. अगर ग्राहक घर से ही BAA करना चाहता है, तो सरकारी तेल कंपनियों के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकता है. इसके लिए IndianOil ONE, HelloBPCL और HP PAY ऐप पर ऑथेंटिकेशन की सुविधा उपलब्ध है.
