अग्निवीरों की नौकरी अब 6 साल की हो सकेगी, मोदी सरकार ने लिया बड़ा फैसला
केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के लिए दो साल के 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' को मंजूरी दे दी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी जानकारी दी. अब इच्छुक अग्निवीर चार साल की सेवा के बाद दो साल और सेना में काम कर सकेंगे. नियमित सैनिक बनने का मौका भी मिलेगा, लेकिन चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
ADVERTISEMENT

अग्निवीरों को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. अब अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद दो साल और सेना में काम करने का मौका मिलेगा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अग्निवीरों के लिए दो साल के 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' को मंजूरी मिल गई है.
यानी अब अग्निवीरों के पास चार साल की सेवा पूरी होने के बाद दो साल और सेना में रहने का विकल्प होगा. इस तरह उनकी कुल सेवा अवधि छह साल हो सकती है.
चार साल बाद भी सेना में रहने का मिलेगा मौका
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि अग्निपथ योजना के तहत यह फैसला लिया गया है. इसके तहत इच्छुक अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा मौका मिलेगा.
उन्होंने यह भी बताया कि चार या छह साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीर नियमित सैनिक के रूप में भर्ती हो सकेंगे. हालांकि, इसके लिए उन्हें तय चयन प्रक्रिया और मानकों को पूरा करना होगा.
सेना में भर्ती के नियमों में क्या बदलेगा?
अभी अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों को चार साल के लिए सेना में भर्ती किया जाता है. चार साल बाद इनमें से 25 फीसदी को नियमित सैनिक के तौर पर सेना में रखा जाता है. बाकी 75 फीसदी अग्निवीर सेवा से बाहर हो जाते हैं. उन्हें सेवा निधि पैकेज दिया जाता है.
अब सरकार ने दो साल के अतिरिक्त सेवा विकल्प को मंजूरी दी है. इससे अग्निवीरों को चार साल बाद सेना में काम जारी रखने का एक और मौका मिलेगा.
सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह फैसला सेना में किए जा रहे लंबे समय के सुधारों का हिस्सा है. इसका मकसद सेना को युवा, फिट और आधुनिक तकनीक से लैस बनाना है.
उन्होंने कहा कि आज युद्ध लड़ने का तरीका बदल रहा है. ऐसे में भारतीय सेना को आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करना जरूरी है. यह फैसला सिर्फ भर्ती से जुड़ा बदलाव नहीं है, बल्कि सेना को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करने की दिशा में एक कदम है.
इस तरह अग्निपथ योजना में अब अग्निवीरों को चार साल के बाद दो साल और सेवा करने का विकल्प मिलेगा. हालांकि, इसके लिए चयन से जुड़ी शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा.
अग्निवीरों को 4 साल बाद मिल सकते हैं 2 साल और, अग्निपथ योजना में बदलाव की तैयारी?
