पंजाब में अब ‘युद्ध गैंगस्टर विरुद्ध’ शुरू होगा, पाताल से खोजकर सफाया करेंगे: अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समितियों के नवनिर्वाचित सदस्यों से संवाद के दौरान बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' के बाद अब पंजाब में 'युद्ध गैंगस्टर विरुद्ध' अभियान शुरू होगा और गैंगस्टरों के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा.
ADVERTISEMENT

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान ने गुरुवार को पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समितियों में पार्टी के नवनिर्वाचित सदस्यों से मुलाकात कर संवाद किया. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि युद्ध नशे विरुद्ध की तरह ही पंजाब में युद्ध गैंगस्टर विरूद्ध अभियान की जल्द शुरूआत होगी. पंजाब के सभी गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क का पाताल से ढूंढकर सफाया करेंगे. उन्होंने कहा कि गांव-गांव में 'आप' की जीत बताती है कि पंजाब की जनता ने सिर्फ काम की राजनीति को चुना है. आम आदमी पार्टी पंजाब में जनभागीदारी, ईमानदारी और विकास के मॉडल को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी. कांग्रेस-अकालियों के शासन में डर, झूठे मामलों और गुंडागर्दी की संस्कृति थी, 'आप' सरकार ने उसे खत्म किया. इस दौरान उन्होंने पार्टी कैडर और नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को 'मिशन 45 फीसद वोट' का लक्ष्य दिया.