'कम उम्र में शादी, संजय की जिद और फिर घर से बाहर निकलना', जानिए क्या है मेनका गांधी और गांधी परिवार के विवाद की पूरी सच्चाई

Charchit Chehra: मेनका गांधी कौन हैं और आखिर क्यों हुआ उनका गांधी परिवार से विवाद? सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में मेनका गांधी और इंदिरा गांधी के रिश्तों से जुड़े कई अनसुने किस्सों का जिक्र है. जानिए कैसे मॉडलिंग से शुरू हुआ मेनका गांधी का सफर, संजय गांधी से मुलाकात और शादी, पति की मौत के बाद प्रधानमंत्री आवास छोड़ने से लेकर उनके राजनीतिक सफर की पूरी कहानी.

ADVERTISEMENT

Maneka Gandhi Biography
Maneka Gandhi Family Dispute
Google CTA

देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार यानी गांधी परिवार के भीतर के दशकों पुराने रिश्तों और अनसुने किस्सों पर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. वजह है कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love), जिसमें उन्होंने अपनी जेठानी और संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ रिश्तों, पारिवारिक खटास और इंदिरा गांधी के दौर के कई अहम पन्नों को साझा किया है. एक ओर सोनिया गांधी के इस किताब से कई अनसुनी कहानियों का पता चला है तो वहीं दूसरी ओर कई सच्चाई भी सामने आई है. हालांकि चर्चित चेहरा के इस एपिसोड में आज कहानी मेनका गांधी की है. 

मेनका आनंद का मॉडलिंग करियर और संजय गांधी से मुलाकात

26 अगस्त 1956 को एक सिख परिवार में जन्मीं मेनका आनंद के पिता लेफ्टिनेंट कर्नल त्रिलोचन सिंह आनंद थे. उन्होंने द लॉरेंस स्कूल सनावर और लेडी श्री राम कॉलेज से पढ़ाई की. 1973 में 17 साल की उम्र में मेनका ने एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और बॉम्बे डाइंग ब्रांड के लिए एक तौलिया पहने हुए विज्ञापन से मॉडलिंग की दुनिया में छा गईं. उसी दौरान 1973 में एक कॉकटेल पार्टी के दौरान उनकी मुलाकात संजय गांधी से हुई. उम्र में लगभग 10 साल का अंतर होने और परिवार की शुरुआती आशंकाओं के बावजूद, संजय गांधी की जिद के आगे इंदिरा गांधी को यह रिश्ता स्वीकार करना पड़ा. 23 सितंबर 1974 को दोनों की कोर्ट मैरिज हो गई और मेनका गांधी प्रधानमंत्री आवास की छोटी बहू बनकर आईं.

23 जून 1980 का विमान हादसा और परिवार में दूरियां

मेनका गांधी की जिंदगी में सबसे बड़ा मोड़ 23 जून 1980 को आया, जब एक विमान हादसे में संजय गांधी की मौत हो गई. उस वक्त मेनका की उम्र महज 23 साल थी और उनके बेटे वरुण गांधी सिर्फ 100 दिन के थे. सोनिया गांधी की किताब के अनुसार, संजय की मौत के बाद मेनका खुद को राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी मानती थीं, जबकि इंदिरा गांधी का मानना था कि अभी उनकी उम्र बहुत कम है और उन्हें अपने बच्चे की परवरिश पर ध्यान देना चाहिए. इसके बाद वसुंधरा राजे के घर पर वरुण का जन्मदिन मनाया जाना और 'सूर्या' मैगजीन को लेकर उपजे विवादों ने खटास को और बढ़ा दिया. आखिरकार 28 मार्च 1982 की रात प्रधानमंत्री आवास में भारी हंगामे के बाद मेनका गांधी नन्हे वरुण को लेकर घर से बाहर निकल गईं.

अकेले संघर्ष, 'राष्ट्रीय संजय मंच' और राजनीतिक सफर

प्रधानमंत्री आवास छोड़ने के बाद मेनका ने दिल्ली के एक होटल में रहकर किताबों की दुकान चलाई, ट्रांसपोर्ट बिजनेस संभाला और 'संजय गांधी एनिमल केयर सेंटर' की देखरेख की. इसके बाद 3 अप्रैल 1983 को उन्होंने 'राष्ट्रीय संजय मंच' की स्थापना की और राजनीति में कदम रखा. 1984 में उन्होंने राजीव गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ा. बाद में 1988 में वह जनता दल में शामिल हुईं और 1989 में पीलीभीत से सांसद बनकर वीपी सिंह की सरकार में पर्यावरण मंत्री बनीं. आगे चलकर 2004 में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं और नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री पद भी संभाला.

हालांकि समय-समय पर परिवार के दुखों और कार्यक्रमों (जैसे राजीव गांधी का अंतिम संस्कार या प्रियंका गांधी की शादी) के दौरान दोनों पक्षों के बीच की दूरियां और राजनीतिक विचारधाराओं का अंतर स्पष्ट रूप से सामने आता रहा है.

'राजीव थे खिलाफ, संजय थे पक्ष में', सोनिया गांधी की आत्मकथा से खुला इमरजेंसी के दौरान गांधी परिवार के भीतर का बड़ा राज