बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान, ओडिशा में हजारों लोग शिफ्ट, MP, बिहार समेत 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात अकवान बंगाल की खाड़ी से भारत के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहा है. 20 नवंबर को इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच तट से टकराने की आशंका है. तूफान के कारण 10 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. NDRF की टीमें तैनात हैं.
ADVERTISEMENT

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अकवान अब तटीय इलाकों के लिए खतरा बन गया है. तूफान की आहट के साथ ही ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश तक प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. कहीं लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जाना पड़ रहा है, तो कहीं स्कूलों पर ताले लगा दिए गए हैं. समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है. हवाओं की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
ओडिशा में करीब 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. वहीं, छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया गया है. तूफान से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैनात किया गया है. इसका असर सिर्फ समुद्र किनारे बसे राज्यों तक सीमित नहीं रहने वाला. मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई है. चक्रवात से निपटने के लिए NDRF ने देश के अलग-अलग राज्यों में 49 टीमें तैयार की हैं. इनमें से 31 टीमों को तैनात किया गया है, जबकि 18 टीमों को रिजर्व में रखा गया है.
कहां और कब टकरा सकता है चक्रवात?
चक्रवात अकवान शुक्रवार दोपहर तटीय इलाके से टकरा सकता है. इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच लैंडफॉल करने की आशंका जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के प्रभाव से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो चुका है. समुद्र में भी स्थिति खराब होने की आशंका है. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. तूफान को देखते हुए नेवी और दूसरी एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हैं.
10 राज्यों में कैसा रहेगा तूफान का असर?
चक्रवात अकवान का सबसे ज्यादा असर तटीय राज्यों में देखने को मिल सकता है. हालांकि, इसकी वजह से कई दूसरे राज्यों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
1. आंध्र प्रदेश: सबसे ज्यादा खतरा
आंध्र प्रदेश में तूफान का सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है. 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, तूफान 20 नवंबर को नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकते हैं.
राज्य में NDRF की 13 और SDRF की 11 टीमें तैनात होने की जानकारी दी गई है. मछुआरों को समुद्र में जाने से रोकने की सलाह दी गई है. किसानों से भी अपनी फसल सुरक्षित रखने को कहा गया है.
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक और RTGS के CEO प्रखर जैन ने उत्तरी आंध्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और मौसम अचानक खराब हो सकता है. लोगों को बेवजह यात्रा से बचने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
2. ओडिशा: 80 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया
ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है. गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में तूफान का ज्यादा असर हो सकता है. निचले इलाकों में पानी भरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा है. प्रशासन ने आठ जिलों में 2.04 लाख से ज्यादा ऐसे लोगों की पहचान की है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सकता है. राहत केंद्र तैयार किए गए हैं. हरभंगी और बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है. समुद्र में 14 मीटर से ज्यादा ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है.
3. तमिलनाडु: चेन्नई में जलभराव की आशंका
उत्तरी तमिलनाडु में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. चेन्नई समेत तटीय इलाकों में जलभराव की आशंका है. हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने का खतरा है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
4. पुडुचेरी: तेज हवाओं के साथ बारिश
पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और समुद्र में ऊंची लहरें उठने का अनुमान है. प्रशासन को लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
5. तेलंगाना: पूर्वी हिस्सों में ज्यादा असर
तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. राज्य के पूर्वी हिस्सों में इसका ज्यादा असर रहने का अनुमान है. निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.
6. पश्चिम बंगाल: कोलकाता में भी बारिश
पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में 19 और 20 नवंबर को बारिश होने की संभावना है. दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झारग्राम में भारी बारिश हो सकती है. कोलकाता में भी रातभर बारिश हुई. सुबह के समय बारिश के चलते सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी. साल्ट लेक और न्यू टाउन के कई इलाकों में भी लोगों को परेशानी हुई.
मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम और बांकुरा में भारी बारिश का अनुमान जताया है. कोलकाता और दक्षिण बंगाल के दूसरे इलाकों में शनिवार तक गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
7. झारखंड: 11 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
चक्रवात अकवान का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 11 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, रांची, खूंटी, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इन इलाकों में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से अगले 24 घंटे तक भारी बारिश हो सकती है.
शनिवार को भी आठ जिलों में बारिश का अलर्ट है. इनमें गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं. 21 और 22 नवंबर को भी इन इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, चक्रवात के कारण राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में दो से तीन दिन तक बारिश हो सकती है.
8. छत्तीसगढ़: सीधे नहीं टकराएगा तूफान
छत्तीसगढ़ में चक्रवात सीधे दस्तक नहीं देगा. हालांकि, इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. दक्षिणी और उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है.
9. बिहार: पांच जिलों में बारिश की संभावना
बिहार में भी चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है. गया और नवादा समेत पांच जिलों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने की संभावना है.
10. मध्य प्रदेश: पूर्वी हिस्सों में बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों में चक्रवात का असर रह सकता है. अगले दो दिनों तक यहां बारिश और आंधी चलने की आशंका जताई गई है.
NDRF की 49 टीमें तैनात, 18 रिजर्व में रखीं
- ओडिशा: 17 टीमों में से 14 तैनात और 3 रिजर्व.
- आंध्र प्रदेश: 14 टीमों में से 9 तैनात और 5 रिजर्व.
- तमिलनाडु: 13 टीमों में से 3 तैनात और 10 रिजर्व.
- तेलंगाना: 3 टीमें तैनात.
- छत्तीसगढ़: 1 टीम तैनात.
- अंडमान-निकोबार: 1 टीम तैनात.
ओडिशा में भुवनेश्वर, बालासोर, केंद्रपाड़ा, कंधमाल, रायगढ़ा, गंजाम, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति, पुरी और जगतसिंहपुर में टीमें तैनात की गई हैं.
आंध्र प्रदेश में विशाखापट्टनम, श्रीकाकुलम, पी. मन्यम और कृष्णा में बचाव दल मौजूद हैं. तमिलनाडु में चेन्नई, तिरुवल्लूर और तिरुनेलवेली में टीमें तैनात हैं.
इसके अलावा ओडिशा के मुंडाली में तीन टीमों का बेस, कृष्णा में पांच टीमों का बेस और अरक्कोनम में 10 टीमों का बेस तैयार रखा गया है.
झारखंड से राजस्थान तक तापमान में बदलाव के संकेत
चक्रवात का असर सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं रहने वाला. कुछ राज्यों में तापमान में भी बदलाव हो सकता है. झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. ऐसे में किसानों और खुले इलाकों में काम करने वाले मजदूरों को सावधानी बरतने की जरूरत है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. यानी दिन में ठंडक बढ़ेगी, जबकि रात का तापमान कुछ ऊपर जा सकता है. रविवार से बारिश की तीव्रता कम होने का अनुमान है. 23 नवंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई गई है.
राजस्थान में भी चक्रवात का हल्का असर देखने को मिल सकता है. खासकर कोटा संभाग में बादल छाने की संभावना है. हालांकि, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है. उत्तरी हवाओं के कारण बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान दो डिग्री तक गिर सकता है. इससे रात में सर्दी बढ़ने के आसार हैं.
पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली. बीकानेर, अजमेर, अलवर, जयपुर, कोटा, फलोदी और सीकर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ. सीकर के फतेहपुर में सबसे ठंडी रात रही. यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. माउंट आबू में 10.7, अलवर में 10.2, चूरू में 10.9, नागौर में 11, करौली में 11.7 और सिरोही में 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
आखिर चक्रवात का नाम अकवान क्यों रखा गया?
अब सवाल है कि इस तूफान का नाम अकवान किसने रखा और इसका मतलब क्या है? बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के नाम रखने की शुरुआत साल 2000 में हुई थी. इसके लिए भारत समेत कई देशों ने मिलकर नामों की सूची तैयार की थी. बाद में साल 2018 में ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन भी इस समूह में शामिल हुए. सभी देशों की बारी के हिसाब से चक्रवातों के नाम तय किए जाते हैं. इस बार तूफान का नाम ईरान ने दिया है. अकवान ईरान की पौराणिक कथाओं में एक राक्षस का नाम है. इसका जिक्र फारस के मशहूर महाकाव्य 'शाहनामा' में मिलता है. कहानी के मुताबिक, अकवान एक ताकतवर दानव था. उसका मुकाबला योद्धा रुस्तम से हुआ था.
फिलहाल, चक्रवात अकवान को लेकर तटीय राज्यों में तैयारियां तेज हैं. प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत करने में जुटा है. अगले कुछ दिन इन राज्यों के लिए अहम रहने वाले हैं.
