ट्रेन में सफर करने वाले हो जाएं सावधान! रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट्स, जानें नया नियम
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट्स की बिजली सप्लाई बंद करने का कड़ा फैसला लिया है.
ADVERTISEMENT

अगर आप भी ट्रेन से लंबी यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं और अक्सर रात के समय फोन या लैपटॉप चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एक बहुत बड़ा और सख्त फैसला लिया है. अब ट्रेनों में रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सॉकेट्स की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रखी जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
आप सोच रहे होंगे कि यह नियम तो पहले से ही है तो इसमें नया क्या है? दरअसल रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में पहली बार 19 जून 2014 को निर्देश जारी किए थे, लेकिन दिक्कत ये थी कि इसका पालन सख्ती से नहीं हो रहा था. हाल ही में 25 अक्टूबर को मुंबई से हावड़ा जाने वाली ट्रेन (12809 मुंबई मेल) जब ओडिशा के बंडामुंडा के पास से गुजर रही थी, तब बी-3 कोच में एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के दौरान अचानक फट गया। इस खतरनाक हादसे ने रेलवे प्रशासन की नींद उड़ा दी. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (बिजली इंजीनियरिंग) सौमित गुप्ता ने कड़े आदेश जारी किए हैं। जांच में सामने आया था कि ऑन-बोर्ड स्टाफ ने रात के समय चार्जिंग पॉइंट्स बंद करने की अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ.
ओवरचार्जिंग बनी बड़ा खतरा
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रात के सफर में अक्सर लोग फोन, लैपटॉप या पावर बैंक को चार्जिंग पर लगाकर गहरी नींद में सो जाते हैं. लगातार चार्जिंग (Overcharging) की वजह से ये डिवाइस बहुत ज्यादा गर्म हो जाते हैं, जो शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट का कारण बन सकते हैं.
इसी खतरे को टालने के लिए सभी मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में रात के वक्त चार्जिंग की सुविधा को अस्थाई तौर पर नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे ने साफ कर दिया है कि रात 11:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम में किसी भी तरह की ढिलाई या अपवाद नहीं बरता जाएगा।
अब कर्मचारियों की तय होगी जवाबदेही
नए निर्देशों के तहत ट्रेन में तैनात ऑन-बोर्ड स्टाफ की यह सीधी जिम्मेदारी होगी कि वे तय समय पर चार्जिंग पॉइंट्स की पावर सप्लाई काट दें. इसके लिए कर्मचारियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित और परामर्श देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
तो अगली बार जब आप ट्रेन का सफर करें, तो यह रिस्क बिल्कुल न लें कि रात में फोन चार्ज हो जाएगा. घर से निकलने से पहले ही अपने मोबाइल, लैपटॉप और पावर बैंक को पूरी तरह चार्ज करके रखें, वरना सफर के दौरान बैटरी डाउन होने पर आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: Charchit Chehra: राहुल गांधी की पॉलिटिकल लाइन पर क्यों चलने लगे हॉटमेल वाले सबीर भाटिया?
