शनिवार की रात बनी काल, राजस्थान से लेकर गुजरात और हरियाणा तक भीषण सड़क हादसों में 21 लोगों की दर्दनाक मौत
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात राजस्थान (कोटा व जोधपुर), गुजरात (कच्छ) और हरियाणा (करनाल) में हुए चार अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में बच्चों और महिलाओं समेत कुल 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है.
ADVERTISEMENT

शनिवार और रविवार की दरमियानी रात देश के अलग-अलग हिस्सों में रफ्तार का ऐसा तांडव देखने को मिला, जिसने कई हंसते-खेलते परिवारों की दुनिया उजाड़ दी. राजस्थान, गुजरात और हरियाणा में हुए चार अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में अब तक कुल 21 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. कहीं भगवान के दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं को मौत ने रास्ते में ही घेर लिया तो कहीं छुट्टियां मनाने निकला एक फौजी परिवार हादसे का शिकार हो गया.
कोटा: ड्राइवर की एक झपकी ने लील लीं 9 जिंदगियां
राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. नांता थाना इलाके के शंभूपुरा गांव के पास हुए इस हादसे में बच्चों समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग बुरी तरह घायल हैं.
दरअसल, मध्य प्रदेश के धार का रहने वाला यह परिवार खाटू श्याम जी के दर्शन कर अपने घर लौट रहा था. परिवार के लोग पांच गाड़ियों के काफिले में चल रहे थे. तीन गाड़ियां आगे निकल चुकी थीं और दो पीछे थीं. तभी ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई और गाड़ी बेकाबू होकर खड़े ट्रक से टकरा गई. पीछे चल रही गाड़ी में मौजूद एक महिला ने फोन कर आगे निकल चुके परिजनों को हादसे की खबर दी. घटना की सूचना मिलते ही कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना.
जोधपुर: रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी टकराई, 3 की मौत
राजस्थान में ही दूसरा बड़ा हादसा जोधपुर में हुआ, जहां दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. गुजरात से बाबा रामदेवरा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार और एक ट्रैवल टेम्पो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. इस टक्कर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 15 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कच्छ (गुजरात): घूमने आए आर्मी परिवार पर टूटा कहर, 7 खत्म
सबसे दिल दहला देने वाली तस्वीर गुजरात के कच्छ से सामने आई है. भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर हर तरफ शव बिखरे नजर आए.
इस हादसे में महिलाओं और छोटे बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई. मृतक उत्तराखंड के रहने वाले एक आर्मी परिवार के सदस्य थे, जो कच्छ घूमने के लिए आए थे. हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
करनाल (हरियाणा): आमने-सामने की टक्कर में दो की जान गई
उधर, हरियाणा के करनाल में भी देर रात तेज रफ्तार ने दो लोगों की जान ले ली. मॉडल टाउन के पास ज्वेल्स रोड पर दो कारों के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 से 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
रात के सन्नाटे में हुए इन चार हादसों ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सफर के दौरान थोड़ी सी लापरवाही और नींद की एक झपकी कितनी भारी पड़ सकती है.
