कौन है उमर अब्दुल्लाह की दुल्हनिया निधि राजदान, शादी से विवाद तक की पूरी कहानी

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद सुप्रीम कोर्ट से तलाक मंजूर होने के बाद, मशहूर पत्रकार निधि राजदान के साथ दिल्ली में दूसरी शादी कर ली है. इस निजी समारोह में परिवार और करीबी राजनीतिक दिग्गजों समेत केवल 71 चुनिंदा मेहमान शामिल हुए.

ADVERTISEMENT

उमर अब्दुल्लाह - निधि राजदान
उमर अब्दुल्लाह - निधि राजदान
Google CTA

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मशहूर पत्रकार निधि राजदान के साथ दूसरी शादी कर ली है. दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है. इस शादी को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चाएं थीं, जिन पर अब विराम लग गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान ने दिल्ली के स्पेशल मैरिज कोर्ट के जरिए शादी का ऐलान किया है. इस कानूनी प्रक्रिया की शुरुआत अगस्त 2026 में हुई थी और सितंबर 2026 में कोर्ट से इसकी मंजूरी मिल गई थी. इसके बाद दिल्ली के पृथ्वीराज रोड स्थित जम्मू-कश्मीर हाउस में एक छोटा और निजी डिनर रखा गया, जिसमें केवल 71 चुनिंदा मेहमानों को आमंत्रित किया गया था. इस खास मेहमान सूची में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा, महबूबा मुफ्ती, डेरेक ओब्रायन, कपिल सिब्बल, निशिकांत दुबे और पवन खेड़ा जैसे बड़े राजनेता शामिल थे.

लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद हुआ था तलाक

उमर अब्दुल्ला की पहली शादी 1 सितंबर 1994 को पायल नाथ के साथ हुई थी. हालांकि, दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे. फैमिली कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट में मामला चलने के बाद आखिरकार 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से उनके तलाक को मंजूर कर लिया था. उमर और पायल के दो बेटे (जहीर और जमीर अब्दुल्ला) हैं जो पेशे से वकील हैं.

कौन हैं उमर अब्दुल्ला की हमसफर निधि राजदान?

56 साल के उमर अब्दुल्ला और 49 साल की निधि राजदान दोनों की ही यह दूसरी शादी है. निधि राजदान किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं. देश के जाने-माने मीडिया घरानों में लंबे समय तक अपनी धाक जमाने वाली निधि ने एनडीटीवी (NDTV) में बतौर एग्जीक्यूटिव एडिटर अपनी लंबी पारी खेली है.इस दौरान उन्होंने 'द बिग फाइट' और 'लेफ्ट, राइट एंड सेंटर' जैसे चर्चित शोज़ को होस्ट कर अपनी एक अलग पहचान बनाई.

पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो निधि ने दिल्ली के प्रतिष्ठित लेडी श्री राम कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से जर्नलिज्म में डिप्लोमा किया है. कश्मीरी पंडित परिवार से ताल्लुक रखने वाली निधि का पैतृक निवास बडगाम है.

आज क्या कर रही हैं निधि राजदान?

पत्रकारिता की दुनिया में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली निधि राजदान फिलहाल अकादमिक और डिजिटल मीडिया की दुनिया में सक्रिय हैं. वह वर्तमान में IILM यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन की निदेशक (Director) हैं. इसके अलावा, वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'India and the World' नाम से एक लोकप्रिय शो भी होस्ट करती हैं. अपने सोशल मीडिया बायो में उन्होंने खुद को गर्व से 'डॉग मॉम' भी बताया है.

पत्रकारिता में उनके बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें देश के प्रतिष्ठित 'रामनाथ गोयनका अवॉर्ड' और 'इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट (IPI) पुरस्कार' जैसे कई बड़े सम्मानों से नवाजा जा चुका है.

परिवार की मौजूदगी में हुआ खास समारोह

यह शादी किसी बड़े राजनीतिक जलसे की तरह नहीं, बल्कि बेहद निजी और पारिवारिक माहौल में संपन्न हुई. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार 30 अक्टूबर को दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कानूनी रूप से शादी की.

इस खास मौके पर दोनों परिवारों के चुनिंदा करीबी लोग ही मौजूद रहे. उमर अब्दुल्ला के परिवार से उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, उनकी तीनों बहनें और कुछ करीबी रिश्तेदार इस खुशी के गवाह बने. वहीं, दुल्हन पक्ष से निधि के माता-पिता और जाने-माने पत्रकार एमके राजदान और सरला राजदान समारोह में शामिल हुए और नए जोड़े को आशीर्वाद दिया.

जैसे ही सीएम उमर ने सोशल मीडिया पर अपनी दुल्हन के साथ तस्वीरें साझा कीं, वैसे ही समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस नई शुरुआत के लिए ढेरों बधाइयां देना शुरू कर दिया. इंटरनेट पर यह प्यारी सी जोड़ी इस वक्त चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान ने रचाई शादी, खुद सोशल मीडिया पर दी जानकारी