सूरत: व्यापारी रामस्वरूप मुंडे ने हर कर्मचारी को दिया एक लाख का दिवाली बोनस, अब बताई इसके पीछे की वजह
Diwali Bonus Viral Video: दिवाली पर मिठाई और तोहफे तो आम बात हैं, लेकिन सूरत के एक कपड़ा व्यापारी ने अपने 20 कर्मचारियों को एक लाख रुपये से अधिक के नोटों के बंडल ऐसे अनोखे अंदाज में बांटे कि देखने वाले हैरान रह गए और वीडियो इंटरनेट पर छा गया.
ADVERTISEMENT

Surat Textile Businessman Diwali Bonus: दिवाली पर आमतौर पर कंपनियों और दफ्तरों में कर्मचारियों को बोनस, मिठाई के डिब्बे या कुछ उपहार देती हैं. लेकिन गुजरात के सूरत के वराछा इलाके में एक कपड़ा व्यापारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा सरप्राइज दिया कि उनकी आंखें खुशी से नम हो गईं. अब उनके इस खास तोहफे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग व्यापारी की इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं. आइए जानते हैं कि आखिर व्यापारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा क्या तोहफा दिया, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.
चांदी जैसी सजी थाली देखकर चौंके कर्मचारी
दरअसल, दीपावली के मौके पर कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप मुंडे अपने 20 कर्मचारियों के लिए नोटों से भरी एक खास थाली लेकर पहुंचे. चांदी जैसी चमक वाली इस थाली में 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां करीने से सजाई गई थीं. गड्डियों से भरी उस भारी-भरकम थाली को सामने देखकर एक पल के लिए सभी कर्मचारी हैरान रह गए. अब किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर माजरा क्या है, हर कोई कोई अपने अपने कयास लगा रहा था.
नकद बोनस पाकर छलक आए आंसू
व्यापारी ने जब अपने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये की नोटों की गड्डियां सौंपी तो उकना खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस अनोखे तोहफे को हाथ में लेते ही कई कर्मचारियों की आंखें नम हो. इस दौरान उनके चेहरे पर एक अलग सी चमक आ गई। मालिक की तरफ से मिले इस गिफ्ट ने सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान मौके पर व्यापारी रामस्वरूप मुंडे के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे.
रामस्वरूप मुंडे ने बताया क्यों किया ऐसा?
आजतक से फोन पर बातचीत करते हुए कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप मुंडे ने इस फैसले के पीछे की असली वजह शेयर की. उन्होंने बताया कि वह खुद बहुत ही गरीबी के स्तर से ऊपर उठकर यहां तक पहुंचे हैं. इसलिए वह अच्छी तरह जानते हैं कि तंगी और त्योहारों के दिनों में पैसों की किल्लत क्या होती है. उनका मानना है कि उनकी दुकान पर काम करने वाले लोग सिर्फ कर्मचारी भर नहीं हैं, बल्कि उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं. पूरे साल इन लोगों की कड़ी मेहनत के दम पर ही उनका कारोबार आगे बढ़ता है, इसलिए दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर उनके घरों में पैसों की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
बोनस बांटने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सूरत के कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप मुंडे अपने 20 कर्मचारियों को नोटों से भरी थाली के जरिए बोनस देते नजर आ रहे हैं. व्यापारी के इस अनोखे अंदाज की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है. लोग उनकी इस पहल की सराहना कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: दिवाली गिफ्ट में मिला iPhone 16! रोहिणी की कंपनी का वीडियो इंटरनेट पर हो रहा वायरल
