तेलंगाना: गरीबों की मदद करने वाले विभाग का अफसर करोड़पति! ACB की रेड में घर से सोना, चांदी और लग्जरी गाड़ियां मिलीं

Telangana ACB Raid: तेलंगाना में गरीब परिवारों की मदद करने वाले MEPMA विभाग के एडिशनल डायरेक्टर सैयद यदागिरी राव नल्लागुंटा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में ACB ने बड़ी कार्रवाई की है. अधिकारी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी में शुरुआती तौर पर करीब 4.75 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है. जानिए ACB की जांच में अब तक क्या-क्या सामने आया है.

ADVERTISEMENT

Telangana ACB Raid
Telangana ACB Raid
Google CTA

तेलंगाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. मामला Mission for Elimination of Poverty in Municipal Areas (MEPMA) के एडिशनल डायरेक्टर सैयद यदागिरी राव नल्लागुंटा से जुड़ा है. जिस विभाग की जिम्मेदारी शहरी इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों की मदद करना है, उसी विभाग के इस अधिकारी पर अपनी आय से ज्यादा संपत्ति जुटाने का आरोप लगा है. ACB ने शुरुआती जांच के दौरान अधिकारी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें करीब 4.75 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है. इस कार्रवाई में 1.8 किलो सोने के गहने, करीब 3 किलो चांदी, टोयोटा फॉर्च्यूनर और कई अचल संपत्तियां भी मिली हैं. 

10 ठिकानों पर एक साथ ACB की छापेमारी

तेलंगाना ACB की रंगारेड्डी रेंज ने सैयद यदागिरी राव नल्लागुंटा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है. इसके बाद अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इनमें अधिकारी का घर और दफ्तर, बैंक लॉकर के अलावा उनके रिश्तेदारों, करीबियों और कथित बेनामीदारों से जुड़ी संपत्तियां भी शामिल थीं.

ACB के मुताबिक, शुरुआती जांच में कुल 4,75,61,171 रुपये की संपत्ति का पता चला है. इसमें जमीन, मकान, फ्लैट, सोने-चांदी के गहने, गाड़ियां, बैंक में जमा रकम और घर का सामान शामिल है. हालांकि, यह शुरुआती आकलन है और मामले की जांच अभी जारी है.

हैदराबाद और सूर्यापेट में 12 प्लॉट, फ्लैट और बिल्डिंग मिली

ACB की जांच में अधिकारी से जुड़ी कई अचल संपत्तियों का पता चला है. इनमें हैदराबाद और सूर्यापेट में मौजूद 12 खाली प्लॉट शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 58.63 लाख रुपये आंकी गई है. इसके अलावा हैदराबाद के उप्पल इलाके में दो रिहायशी फ्लैट मिले हैं. इनकी अनुमानित कीमत 31.36 लाख रुपये बताई गई है. 

इसी इलाके में एक G+3 बिल्डिंग भी मिली है. यानी ऐसी इमारत जिसमें ग्राउंड फ्लोर के ऊपर तीन मंजिलें बनी हों. इसके साथ एक पेंटहाउस भी है. ACB ने इस पूरी संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी है. वहीं, सूर्यापेट जिले में RCC छत वाला एक मकान भी मिला है, जिसकी कीमत करीब 4.75 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा उप्पल में एक दुकान का भी पता चला है। इसकी कीमत लगभग 1.06 लाख रुपये आंकी गई है.

1.8 किलो सोना, 3 किलो चांदी और फॉर्च्यूनर भी मिली

छापेमारी के दौरान ACB को जमीन और मकानों के अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने और वाहन भी मिले हैं. अधिकारियों के मुताबिक, करीब 1,792.2 ग्राम यानी लगभग 1.8 किलो सोने के गहने बरामद हुए हैं. इनकी कीमत करीब 33.82 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा लगभग 3 किलो चांदी के गहने भी मिले हैं, जिनकी कीमत 1.80 लाख रुपये आंकी गई है.

गाड़ियों में एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक दूसरी कार शामिल है. दोनों की कुल कीमत करीब 73 लाख रुपये बताई गई है. इसके साथ तीन दोपहिया वाहन भी मिले हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.80 लाख रुपये है. ACB की शुरुआती लिस्ट में घर के सामान की कीमत करीब 29.08 लाख रुपये और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की कीमत लगभग 7.01 लाख रुपये बताई गई है. वहीं, अलग-अलग बैंक खातों में करीब 32.30 लाख रुपये जमा होने की जानकारी भी सामने आई है.

बाजार में और ज्यादा हो सकती है संपत्तियों की कीमत

ACB का कहना है कि शुरुआती आकलन में सामने आई संपत्तियों की बाजार कीमत सरकारी अनुमान से काफी ज्यादा हो सकती है. ब्यूरो की टीमें संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और दूसरे रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, कुछ अन्य संपत्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

इस मामले में अधिकारी को हैदराबाद में भ्रष्टाचार निरोधक मामलों की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाना है. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया होगी. फिलहाल जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए रकम कहां से आई और क्या इनमें किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां भी शामिल हैं.

सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत

इस कार्रवाई के साथ तेलंगाना ACB ने आम लोगों से सरकारी अधिकारियों की ओर से रिश्वत मांगे जाने पर शिकायत करने की अपील की है. इसके लिए ब्यूरो ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 जारी किया है. इसके अलावा WhatsApp नंबर 9440446106 पर भी शिकायत की जा सकती है. ACB ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भी लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी साझा करने को कहा है.