तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोना चढ़ाने वाले वर्धमान जैन कौन हैं? जानिए कैसे खड़ा किया 17 हजार करोड़ का साम्राज्य
चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने पत्नी राधिका जैन के साथ तिरुपति बालाजी मंदिर में 208 करोड़ रुपये के 121 किलो सोने के आभूषण दान किए. एक्सेस हेल्थकेयर के जरिए हजारों करोड़ का कारोबार खड़ा करने वाले जैन ने यह दान भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित किया. समारोह में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी शामिल हुए.
ADVERTISEMENT

सोने के 46 बेशकीमती गहने... 238 कैरेट के चमकते हीरे... वजन पूरे 121 किलोग्राम और कीमत 208 करोड़ रुपये! जब चेन्नई का एक कपल अपने सिर पर सोने की ये थालियां रखकर तिरुपति बालाजी के गर्भगृह की ओर बढ़ा, तो मंदिर के इतिहास के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए. देश के बड़े-बड़े अरबपतियों के नाम तो खूब सुने गए, लेकिन मीडिया की लाइमलाइट से दूर रहने वाले वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने वो कर दिखाया, जो आज तक कोई नहीं कर सका.
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी बने दान के साक्षी
हैरानी की बात ये भी रही कि इस गुप्त संकल्प के साक्षी बनने खुद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अपनी पत्नी नारा भुवनेश्वरी के साथ वहां पहुंचे. आखिर कौन हैं ये वर्धमान जैन? एक छात्र से 17 हजार करोड़ का साम्राज्य खड़ा करने तक का सफर कैसा रहा? मुख्यमंत्री सपरिवार इस दान में क्यों शामिल हुए?
चेन्नई से अमेरिका तक की पढ़ाई
चेन्नई के जैन परिवार में पले-बढ़े वर्धमान जैन का परिवार हमेशा चकाचौंध और मीडिया से दूर रहा. उन्होंने चेन्नई के मशहूर लोयोला कॉलेज (Loyola College) से स्टैटिस्टिक्स (सांख्यिकी) में ग्रेजुएशन किया. आंखों में बड़े सपने लिए वे सात समंदर पार अमेरिका गए और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन (University of Texas at Austin) से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. डेटा और टेक्नोलॉजी की इसी समझ ने उनकी किस्मत बदल दी.
भाई के साथ शुरू की पहली कंपनी
अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्धमान जैन ने नौकरी करने के बजाय अपना खुद का रास्ता चुना. साल 1997 में उन्होंने अपने भाई अनुराग जैन के साथ मिलकर 'विजन हेल्थसोर्स' (Vision HealthSource) नाम की कंपनी शुरू की, जो अमेरिकी अस्पतालों की मेडिकल बिलिंग संभालती थी. उनकी मेहनत रंग लाई और 2003 में आईटी दिग्गज 'पेरोट सिस्टम्स' ने उनकी कंपनी खरीद ली. 2009 में जब कंप्यूटर कंपनी 'डेल' (Dell) ने इसका अधिग्रहण किया, तो वर्धमान जैन को डेल सर्विसेज के ग्लोबल बीपीओ ऑपरेशंस का मैनेजिंग डायरेक्टर बनाया गया, जहां उन्होंने 9,000 कर्मचारियों की टीम को लीड किया.
एक्सेस हेल्थकेयर से बदली किस्मत
लेकिन असली उड़ान अभी बाकी थी. साल 2011 में उन्होंने अनुराग जैन और शाजी रवि के साथ मिलकर चेन्नई में 'एक्सेस हेल्थकेयर' (Access Healthcare) की नींव रखी. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन के दम पर उन्होंने इस कंपनी को अमेरिका के सबसे बड़े हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म में बदल दिया. आज वे इंडस्ट्रियल सिविल इंजीनियरिंग कंपनी 'एशिया इंजीनियरिंग' के निदेशक भी हैं और मेडिकल टेक्नोलॉजी में कई पेटेंट उनके नाम दर्ज हैं.
17 हजार करोड़ की डील से मिली बड़ी रकम
जनवरी 2025 में वर्धमान जैन की जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ आया, जब न्यूयॉर्क की दिग्गज प्राइवेट इक्विटी फर्म 'न्यू माउंटेन कैपिटल' ने उनकी कंपनी 'एक्सेस हेल्थकेयर' की करीब 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी. इस डील में कंपनी की वैल्यू करीब 17,000 से 18,000 करोड़ रुपये आंकी गई. इस सौदे से वर्धमान जैन को हजारों करोड़ रुपये मिले. उसी डील की कमाई का एक हिस्सा उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित करने की ठानी. वैसे भी तिरुमाला के लिए जैन दंपती का सेवा भाव नया नहीं है. वे इससे पहले भी मंदिर में इलेक्ट्रिक बसें, गोशाला के लिए 5 करोड़ का चारा संयंत्र और भक्ति चैनल के लिए 7 करोड़ रुपये दान कर चुके हैं.
121 किलो सोना चढ़ाने का संकल्प कैसे लिया?
सबसे हैरान करने वाली बात सोने के वजन को लेकर थी. भगवान बालाजी का प्रतिदिन जो श्रृंगार होता है, उन गहनों का कुल वजन करीब 120 से 121 किलो होता है. इसे ईश्वर का संकेत मानते हुए जैन दंपती ने ठीक 121 किलो सोना चढ़ाने का संकल्प लिया. 15 महीनों की कारीगरी के बाद 106 किलो सोने से मुकुट, कमरबंद, शंख-चक्र और पादुकाओं समेत 46 खास आभूषण तैयार हुए, जिनमें हीरे, पन्ना और नीलम जड़े गए. वहीं, शेष 15 किलो शुद्ध सोना देवी पद्मावती की स्वर्ण साड़ी के लिए दिया गया. 26 नवंबर को जब जैन दंपती ने अपने सिर पर गहनों की थालियां रखकर गर्भगृह तक शोभायात्रा निकाली, तो वहां मौजूद हर शख्स देखता रह गया.
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के शामिल होने की 4 वजहें
इस भव्य समारोह में लोगों के मन में यह सवाल भी उठा कि आखिर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अपनी पत्नी नारा भुवनेश्वरी के साथ इसमें क्यों शामिल हुए? दरअसल, इसके पीछे पारिवारिक या कारोबारी रिश्ते नहीं, बल्कि चार बेहद खास कारण रहे:
पहला कारण: मुख्यमंत्री नायडू समाज के संपन्न वर्गों को मंदिरों और जनकल्याण के कार्यों में आगे आने के लिए लगातार प्रोत्साहित करते रहे हैं. उन्होंने खुद अपनी पत्नी के साथ उपस्थित होकर इस दान को 'असाधारण आस्था' बताया, ताकि दुनिया भर के अन्य दानदाताओं को भी प्रेरणा मिल सके.
दूसरा कारण: 208 करोड़ रुपये के सोने को बनवाना और उसे सुरक्षित मंदिर तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती थी. खुद वर्धमान जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) पिछले कई महीनों से हर हफ्ते इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहा था, ताकि दान बिना किसी बाधा के पूरा हो सके.
तीसरा कारण: वर्धमान जैन शुरू में अपनी पहचान गुप्त रखना चाहते थे और उन्होंने इस बारे में मुख्यमंत्री से बात भी की थी, लेकिन मंदिर के इतिहास के सबसे बड़े दान की पारदर्शिता और सरकारी प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री ने सपरिवार शामिल होकर उन्हें सम्मानित किया.
चौथा कारण: जब जैन दंपती ने 121 किलो कच्चा सोना यानी गोल्ड बार्स (Gold Bars) देने की बात कही थी, तब मुख्यमंत्री नायडू और TTD प्रशासन ने ही उन्हें सुझाव दिया था कि इसे भगवान के दैनिक श्रृंगार के लिए पारंपरिक गहनों के रूप में ढलवाकर अर्पित किया जाए.
तिरुपति मंदिर में पहले हुए बड़े दान के रिकॉर्ड
तिरुमाला के इतिहास में जब इस 208 करोड़ के दान की तुलना होती है, तो आंकड़े बेहद दिलचस्प हो जाते हैं. स्वतंत्र भारत के इतिहास में किसी भी व्यक्तिगत भक्त का दान वर्धमान जैन के आसपास भी नहीं ठहरता. 2009 में कर्नाटक के पूर्व मंत्री गाली जनार्दन रेड्डी ने 45 करोड़ रुपये का हीरा जड़ित मुकुट चढ़ाया था. 2017 में अमेरिकी-भारतीय कारोबारी रामा राजू मंटेना ने 28 किलो सोने का हार भेंट किया था. आरपी-एसजी ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका ने 5 करोड़ के गहने और मुकेश अंबानी ने अलग-अलग मौकों पर 1.5 करोड़ रुपये का चेक तथा हाल ही में आधुनिक रसोई (किचन) के लिए 120 करोड़ रुपये का योगदान दिया है. यहां तक कि अयोध्या राम मंदिर में सूरत के हीरा कारोबारी दिलीप कुमार लाखी द्वारा दिए गए 101 किलो सोने के दान का रिकॉर्ड भी जैन दंपती ने तोड़ दिया है.
TTD दान में मिले सोने का क्या करता है?
तिरुपति बालाजी के दरबार में चढ़ने वाले सैकड़ों किलो सोने और करोड़ों रुपये का मंदिर प्रशासन यानी तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) आखिर करता क्या है? TTD के पास विशाल संपत्ति के मैनेजमेंट का सख्त और पारदर्शी सिस्टम है. जैन दंपती द्वारा दान किए गए 121 किलो के इन आभूषणों को कभी गलाया नहीं जाएगा, बल्कि इन्हें मंदिर की अभेद्य भूमिगत तिजोरियों में रखा जाएगा और विशेष मौकों पर इनसे भगवान बालाजी का श्रृंगार किया जाएगा.
सामान्य सोने-चांदी के चढ़ावे से मंदिर को होती है कमाई
श्रद्धालुओं की दान पेटी यानी हुंडी में डाले जाने वाले सामान्य सोने-चांदी के गहनों को अलग कर भारत सरकार की टकसाल (Government Mint) भेजा जाता है. वहां इन्हें गलाकर शुद्ध सोने की ईंटों (Gold Bars) में बदला जाता है और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) जैसे राष्ट्रीयकृत बैंकों में 'गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम' के तहत जमा कर दिया जाता है, जिससे मंदिर को हर साल ब्याज के रूप में सैकड़ों किलो अतिरिक्त सोना और करोड़ों रुपये की आय होती है. मंदिर में आने वाले नकद चढ़ावे और बैंक ब्याज का बड़ा हिस्सा श्रद्धालुओं की सुविधाओं, देशभर में चल रहे मुफ्त अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों, गोशालाओं और हर दिन लाखों भक्तों को मुफ्त भोजन कराने वाले 'नित्य अन्नदानम' ट्रस्ट पर खर्च किया जाता है.
2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की है तिरुपति मंदिर की नेटवर्थ
अगर आज तक मिले कुल दान और मंदिर की संपत्ति की बात करें, तो तिरुमाला मंदिर दुनिया के सबसे अमीर धार्मिक स्थलों में शुमार है. TTD के आधिकारिक आंकड़ों और श्वेत पत्र के अनुसार, मंदिर ट्रस्ट के पास बैंकों में 11 टन यानी 11 हजार 300 किलो से ज्यादा शुद्ध सोना जमा है, जबकि करीब 2.5 टन बेशकीमती प्राचीन आभूषण मंदिर के खजाने में रखे हैं. बैंकों में 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की FD हो रखी है. मंदिर के पास देशभर में 7,000 एकड़ से अधिक में फैली 960 अचल संपत्तियां हैं. इन सभी को मिला दिया जाए, तो तिरुपति बालाजी मंदिर की कुल नेटवर्थ 2.5 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक आंकी गई है, जो कई बड़े कॉर्पोरेट घरानों और छोटे देशों की अर्थव्यवस्था से भी ज्यादा है.
