क्रिकेट के बाद अब सियासत में 'गुगली' फेंकेंगे युजवेंद्र चहल, BJP ने सौंपा यह खास पद
भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने राजनीति में कदम रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है, जहां उन्हें OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है.
ADVERTISEMENT

क्रिकेट के मैदान पर अपनी जादुई फिरकी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों के पसीने छुड़ाने वाले युजवेंद्र चहल ने अब राजनीति की पिच पर भी धमाकेदार एंट्री कर ली है. जी हां, टीम इंडिया के स्टार स्पिनर चहल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है. पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए अपने 'OBC मोर्चा' की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है. यह नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं.
चहल के राजनीति में आने की चर्चा पिछले कुछ दिनों से गरम थी और अब इस पर आधिकारिक मुहर भी लग गई है. पार्टी की ओर से जारी नई सूची के मुताबिक, चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक और उत्तर प्रदेश की चर्चित वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य की भूमिका दी गई है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस नई टीम की घोषणा से पहले चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके नाम पर मुहर लगी.
BJP की नई टीम में कई बड़े चेहरे शामिल
सिर्फ चहल ही नहीं, बल्कि बीजेपी ने अपने ओबीसी मोर्चे और संगठन में कई नए और अनुभवी चेहरों को जगह दी है. पार्टी ने कुल 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों के नामों का ऐलान किया है. इसके साथ ही 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री और 7 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की गई है.
- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: इस पद की जिम्मेदारी असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, यूपी से संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र से बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा और बिहार से अर्जुन सहनी को सौंपी गई है.
- राष्ट्रीय महामंत्री: दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है.
- राष्ट्रीय सचिव: इस लिस्ट में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू शामिल हैं.
यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी हैं.
खेल के मैदान पर भी चहल का जलवा बरकरार
राजनीति में नई पारी शुरू करने से ठीक पहले चहल ने क्रिकेट के मैदान पर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम किया था. वह T20 क्रिकेट में 400 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के दौरान हरियाणा की तरफ से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ हासिल की थी. इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए उस मुकाबले में उन्होंने अमित सात्विक को बोल्ड करके अपना 400वां T20 शिकार पूरा किया था.
चहल का क्रिकेट करियर भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. उन्होंने साल 2016 में भारत के लिए डेब्यू किया था. अपने करियर में उन्होंने 72 वनडे मैचों में 121 और 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 96 विकेट झटके हैं. साल 2017 में बेंगलुरु में इंग्लैंड के खिलाफ उनका 25 रन देकर 6 विकेट लेना कौन भूल सकता है? वह टी20 इंटरनेशनल में पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे. इसके अलावा, वह 2024 की टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम का भी अहम हिस्सा रहे हैं.
IPL के इतिहास में भी चहल का नाम अमर है. मुंबई इंडियंस, आरसीबी (RCB), राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके चहल 2023 में ड्वेन ब्रावो को पछाड़कर आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे, और इसके अगले साल वह इस लीग में 200 विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज बने. हालांकि, अक्टूबर 2026 में उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन सीमित ओवरों के फॉर्मेट में वह अब भी देश के लिए खेलने की उम्मीद रखते हैं.
अब देखना यह होगा कि मैदान पर अपनी फिरकी से विरोधियों को नचाने वाले चहल, राजनीति के गलियारों में अपनी गेंदबाजी से क्या नया कमाल दिखाते हैं.
ये भी पढ़ें: चहल और RJ महवश की कहानी में नया ट्विस्ट, खुलकर आ गईं सामने!
