Shesh Bharat: मां को बचपन में खोया, फिर लॉटरी किंग की बेटी से हुआ प्यार, अब 14 साल बाद टूटी शादी, जानें कौन हैं थलपति विजय के करीबी आढव अर्जुन?

Aadhav Arjuna divorce: थलपति विजय की जीत के सबसे बड़े रणनीतिकार और तमिलनाडु सरकार में कैबिनेट मंत्री आढव अर्जुन अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. किसान परिवार में जन्म, बचपन में मां को खोने और लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन की बेटी डेजी से शादी तक का उनका सफर दिलचस्प रहा. जानिए उनकी जिंदगी और सियासी कामयाबी की पूरी कहानी.

ADVERTISEMENT

विजय के सबसे करीबी मंत्री की अनसुनी कहानी
विजय के सबसे करीबी मंत्री की अनसुनी कहानी
Google CTA

Aadhav Arjuna divorce: तमिलनाडु की राजनीति में कदम रखने और मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय की शादीशुदा जिंदगी में आया तूफान तो फिलहाल थम गया है, लेकिन उनके सबसे करीबी सलाहकार और कैबिनेट मंत्री आढव अर्जुन का घर टूट गया है. कुछ महीने पहले तक सीएम विजय की 27 साल पुरानी शादी पर तलाक के बादल मंडरा रहे थे, मगर पत्नी संगीता ने अर्जी वापस लेकर मामला संभाल लिया. लेकिन अब नई खबर यह है कि जिस विजय की लहर पर सवार होकर आढव अर्जुन एक संघर्षशील नेता से विधायक और सीधे कैबिनेट मंत्री बने, वे अपनी 14 साल पुरानी शादी नहीं बचा पाए. उनकी पत्नी डेजी मार्टिन ने सोशल मीडिया पर अलग होने का ऐलान कर सियासी गलियारों में सनसनी फैला दी है.

आपसी सहमति से अलग हुए आढव और डेजी

आढव अर्जुन और डेजी मार्टिन के इस हाई-प्रोफाइल तलाक को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन यह कोई एकतरफा या कड़वाहट भरा फैसला नहीं है. दोनों आपसी सहमति से अलग हुए हैं. खुद डेजी मार्टिन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह साफ कर दिया कि 14 साल तक जीवनसाथी और दोस्त बनकर साथ चलने के बाद, दोनों ने आपसी रजामंदी से अपने रास्ते अलग करने का फैसला लिया है. डेजी ने आढव के प्रति सम्मान जताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं. हालांकि, अभी कोर्ट से तलाक पर अंतिम मुहर लगना बाकी है, लेकिन दोनों ने तय किया है कि पति-पत्नी का रिश्ता खत्म होने के बावजूद वे मिलकर अपने बच्चे की परवरिश करेंगे.

मौसी ने पाला, लॉटरी किंग की बेटी से मुलाकात...

12 अप्रैल 1982 को त्रिची के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे आढव के बचपन का नाम सेंथिल कुमार है. 5 साल की उम्र में मां के निधन के बाद, तमिलनाडु की पहली महिला IPS अधिकारी रहीं उनकी मौसी तिलकवती ने उन्हें पाला. बचपन के गम को भुलाने के लिए आढव ने बास्केटबॉल थामा और नेशनल लेवल के खिलाड़ी बने. उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट तब आया, जब कॉलेज के सोशल सर्कल के जरिए उनकी मुलाकात देश के सबसे बड़े 'लॉटरी किंग' सैंटियागो मार्टिन की बेटी डेजी मार्टिन से हुई. (ये वही सैंटियागो मार्टिन हैं जिनकी कंपनी 'फ्यूचर गेमिंग' ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए पार्टियों को 1,368 करोड़ रुपये का चंदा देकर पूरे देश को चौंका दिया था).

यह पढ़ें:

जानें कैसे शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी

कॉलेज के दिनों में बास्केटबॉल कोर्ट से शुरू हुई आढव और डेजी की दोस्ती धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई. आढव की शख्सियत ने न सिर्फ डेजी का दिल जीता, बल्कि सैंटियागो मार्टिन को भी काफी प्रभावित किया. साल 2012-13 के आसपास दोनों ने शादी कर ली, जो उस दौर में तमिलनाडु के सबसे भव्य विवाह समारोहों में से एक थी. सैंटियागो मार्टिन के दामाद बनते ही आढव की किस्मत रातों-रात बदल गई और वे एक आम नौजवान से दक्षिण भारत के अरबपति कारोबारी घराने का हिस्सा बन गए. शादी के बाद आढव ने मार्टिन ग्रुप के साथ जुड़कर बिजनेस की बारीकियां सीखीं.

बिजनेस और खेल प्रशासन में गाड़े सफलता के झंडे

शादी के बाद के 14 साल आढव और डेजी की जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव और कामयाबी भरे रहे. इस दौरान दोनों एक संतान के माता-पिता बने. बिजनेस के मोर्चे पर आढव ने 'अराइज ग्रुप' (Arise Group) खड़ा किया, जिसने रियल एस्टेट, माइक्रो-फाइनेंस और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में खूब नाम और पैसा कमाया. एक तरफ जहां डेजी मार्टिन 'फ्यूचर गेमिंग' में वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर कारोबार संभालती रहीं, वहीं दूसरी तरफ आढव बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बने और बाद में एक बड़े पॉलिटिकल रणनीतिकार के रूप में उभरे.

2026 के चुनाव में मार्टिन परिवार की सीधे सियासी अखाड़े में एंट्री

आढव अर्जुन का ससुराल यानी सैंटियागो मार्टिन का परिवार पहले पर्दे के पीछे से पार्टियों को चंदा देकर राजनीति में दखल रखता था, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में इस परिवार ने सीधे चुनावी मैदान में उतरकर सबको चौंका दिया. सैंटियागो मार्टिन ने खुद चुनाव न लड़कर अपने परिवार के तीन सदस्यों को मैदान में उतारा. मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन तमिलनाडु की लालगुडी सीट से AIADMK के टिकट पर विधायक बनीं, बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन ने नई पार्टी 'लक्ष्य जननायक काची' (LJK) बनाकर पुडुचेरी के कामराज नगर से जीत दर्ज की, और दामाद आढव अर्जुन सुपरस्टार विजय की पार्टी TVK से विधायक बनकर सीधे कैबिनेट मंत्री बन गए.

डेटा साइंस और चुनावी रणनीति से बनाई अपनी खास पहचान

राजनीति में सीधे उतरने से पहले आढव अर्जुन ने डेटा साइंस और चुनावी रणनीति को अपना हथियार बनाया. साल 2019 में उन्होंने 'वन माइंड इंडिया' (One Mind India) नाम से अपनी पॉलिटिकल डेटा एनालिसिस कंपनी शुरू की, जिसे 2023 में रीब्रांड कर 'वॉयस ऑफ कॉमन्स' (Voice of Commons) का नाम दिया गया. शुरुआत में प्रशांत किशोर की टीम I-PAC के साथ काम करने से उन्हें तगड़ा अनुभव मिला. हालांकि, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों से लेकर 2021 के विधानसभा चुनाव तक उनकी फर्म ने कई अभियान चलाए, लेकिन उन्हें असली और ऐतिहासिक कामयाबी 2025 में मिली, जब उन्होंने विजय की पार्टी TVK के पूरे चुनाव प्रबंधन की कमान संभाली.

DMK से VCK और फिर TVK तक का सियासी सफर

आढव अर्जुन की राजनीति में एंट्री किसी नेता के बजाय पर्दे के पीछे के एक 'मास्टर रणनीतिकार' के तौर पर हुई थी. साल 2014 में उन्होंने डीएमके (DMK) के साथ जुड़कर अपने सियासी सफर की शुरुआत की और स्टालिन परिवार के करीबी बने. 2021 के चुनाव में प्रशांत किशोर को डीएमके के साथ जोड़ने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. इसके बाद साल 2023 में उन्होंने दलित नेता थोल थिरुमावलवन की पार्टी वीसीके (VCK) का दामन थामा और उप-महासचिव बने. लेकिन डीएमके सरकार की खुलकर आलोचना करने पर हुए विवाद के बाद उन्हें 2024 के अंत में वीसीके से इस्तीफा देना पड़ा और यहीं से उनके लिए थलपति विजय की पार्टी TVK के दरवाजे खुल गए.

यह पढ़ें: Shesh Bharat: 400 करोड़ के साम्राज्य पर चला बुलडोजर, फिर कैसे सुलझा नागार्जुन और सीएम रेवंत का विवाद?

 विजय ने आढव पर ही क्यों खेला सबसे बड़ा दांव?

सवाल यह है कि फिल्मी पर्दे से सियासत में उतरे विजय ने आढव अर्जुन पर इतना बड़ा भरोसा क्यों जताया? दरअसल, विजय के पास भीड़ खींचने वाला स्टारडम और लाखों फैंस तो थे, लेकिन चुनाव जीतने के लिए जरूरी 'बूथ मैनेजमेंट', चुनावी रणनीति और मजबूत आर्थिक संसाधनों की कमी थी. आढव के पास 2021 में डीएमके को जिताने का तजुर्बा था, अपनी पॉलिटिकल कंसल्टेंसी थी और 'लॉटरी किंग' सैंटियागो मार्टिन के दामाद होने के नाते अथाह संसाधन भी थे. विजय को अपने फैन क्लब को एक गंभीर कैडर-आधारित राजनीतिक दल में बदलने के लिए जिस 'मास्टरमाइंड' की तलाश थी, वह आढव अर्जुन पर आकर खत्म हुई.

TVK की जीत के सूत्रधार और सरकार में 'नंबर-2' की हैसियत

2026 के विधानसभा चुनाव में जब TVK ने करिश्मा करते हुए 108 सीटें जीतीं, तो जीत का सेहरा विजय के करिश्मे के साथ-साथ पर्दे के पीछे के 'ऑर्गेनाइजेशनल आर्किटेक्ट' आढव अर्जुन के सिर भी बंधा. उन्होंने गांव-गांव तक बूथ एजेंटों की फौज खड़ी की और चुनाव नतीजों के बाद बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे रहने पर सरकार बनाने के लिए 'ट्रबलशूटर' की भूमिका निभाई. इसी वफादारी के इनाम के तौर पर विजय की कैबिनेट में उन्हें पार्टी अध्यक्ष विजय और महासचिव एन. आनंद के बाद सबसे ताकतवर (नंबर-2 या नंबर-3) माना जाता है. उन्हें PWD, हाईवे, बंदरगाह और खेल विकास जैसे बेहद अहम और मलाईदार मंत्रालय सौंपे गए हैं.

यह भी पढ़ें: Shesh Bharat: पवन कल्याण को क्यों धिक्कार रहे लोग? 13 साल बाद अन्ना से टूटा रिश्ता, पुरानी शादियों की भी चर्चा