Giacomo Filibeck: राहुल गांधी के सामने 'वोट चोर-गद्दी छोड़' कहने वाले इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक कौन है ?

हैदराबाद में 'द भारत समिट 2026' के दौरान यूरोपीय नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानिए कौन हैं जियाकोमो फिलिबेक और क्या है इस वायरल वीडियो का पूरा सच.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

देश में चुनाव कराने को लेकर राहुल गांधी को चुनाव आयोग से बहुत सारी शिकायतें हैं. जो लोग बीजेपी को पसंद नहीं करते उनकी भी शिकायतें हैं. उन शिकायतों का एक नारा बना वोट चोर गद्दी छोड़. अब तक ये विपक्ष का नारा था. अब कुछ ऐसा हुआ कि ये नारा इंटरनेशनल बन गया. राहुल गांधी के इस नारे को जिन्होंने इंटरनेशनल बनाया है वे हैं जियाकोमो फिलिबेक. इटली के विपक्ष के नेता. हैदराबाद में राहुल गांधी के सामने राहुल गांधी के मंच से यही नारा लगाकर चर्चित चेहरा बने हैं जियाकोमो फिलिबेक. 

हैदराबाद में गूंजे चार शब्दों के एक नारे ने सात समंदर पार इटली से लेकर नई दिल्ली के राजनीतिक गलियारों तक भूचाल ला दिया है. मंच पर मौजूद थे राहुल गांधी और माइक पर थे इटली के दिग्गज समाजवादी नेता जियाकोमो फिलिबेक. जैसे ही फिलिबेक ने हिंदी में वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाया और फिर अंग्रेजी में उसका अनुवाद करते हुए कहा- वोट थीफ, लीव योर सीट, वहां बैठे कांग्रेस नेताओं ने तालियां बजाईं. यही नहीं राहुल गांधी भी चहक उठे, लेकिन इस एक नारे ने भारतीय राजनीति में एक नया और तीखा घमासान छेड़ दिया है. आइए जानते हैं कि आखिर कौन हैं जियाकोमो फिलिबेक, वह भारत क्यों आए थे और उनके इस बयान पर इतना बवाल क्यों मचा है. 

कौन हैं जियाकोमो फिलिबेक

जियाकोमो फिलिबेक का बायोडेटा कहता है कि उनका जन्म साल 1978 में इटली की राजधानी रोम में हुआ. परिवार या पर्सनल लाइफ के बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं है. उन्होंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन के बाद फ्रांस के बिजनेस स्कूल INSEAD' से एग्जीक्यूटिव मास्टर्स की डिग्री ली है. इटली की पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव हैं. राजनीतिक विचारधारा मानी जाती है समाजवादी. नवंबर 2023 से इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. 

यूरोप की राजनीति में उनकी हैसियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वो यूरोपीय संसद में 100 से ज्यादा सीटों वाले समाजवादी दलों के अलायंस के संगठन की कमान संभालते हैं. 

हालांकि इटली की घरेलू राजनीति के बजाय उनकी असली ताकत यूरोपीय स्तर पर है. इटली की संसद के सांसद नहीं हैं. कोई सरकारी पद नहीं है. इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी Right-Wing गठबंधन का नेतृत्व करती हैं, जिसमें उनकी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली, फोर्जा इटालिया और लीग शामिल हैं. फिलिबेक जिस डेमोक्रेटिक पार्टी से आते हैं, वो मेलोनी सरकार की मुख्य विपक्षी पार्टी है. 

जियाकोमो फिलिबेक PM जॉर्जिया मेलोनी के कट्टर विरोधी हैं

इटली की घरेलू राजनीति में जियाकोमो फिलिबेक प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के कट्टर विरोधी जरूर हैं, लेकिन वहां के विपक्ष का कोई बड़ा नेता या मुख्य चेहरा नहीं हैं. उन्होंने वहां कोई बड़ा चुनाव नहीं जीता. कभी सांसद भी नहीं रहे. उनकी असली पकड़ यूरोपीय यूनियन के मुख्यालय ब्रसेल्स और यूरोपीय समाजवादी दलों के नेटवर्क तक ही सीमित है. इटली में मेलोनी सरकार के खिलाफ विपक्ष का मुख्य चेहरा और डेमोक्रेटिक पार्टी की कमान एली श्लेन के हाथों में है, जो पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और विपक्ष की नेता हैं. 

फिलिबेक के पास क्या है जिम्मेदारी ? 

EU की राजनीति में भी जियाकोमो फिलिबेक की हैसियत किसी सांसद, कमिश्नर या मंत्री की नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाले पार्टी रणनीतिकार और नेटवर्किंग लीडर की है. ईयू की संसद में 130 से अधिक सांसदों वाले 27 यूरोपीय देशों के पार्टियों के बीच तालमेल बिठाना, चुनावी अभियान तैयार करना और इंटरनेशनल लेवल  पर उनकी नीतियों की पैरवी करना फिलिबेक की मुख्य जिम्मेदारी है.

जियाकोमो फिलिबेक पॉलिटिकल लाइफ जर्नी कम उम्र में ही शुरू हो गई थी. साल 1997 में अपने स्कूलिंग के दौरान ही यूरोपीय छात्र संघों और NGOs में सक्रिय हो गए. लीडर बनने की काबिलियत थी कि 2002 से 2004 तक यूरोपियन यूथ फोरम के अध्यक्ष रहे और फिर 2005 से 2009 तक यंग यूरोपियन सोशलिस्ट्स (YES) की कमान संभाली. साल 2010 में उन्होंने इटली की डेमोक्रेटिक पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग में काम शुरू किया और 2013 में पार्टी के विदेश नीति मंच के अध्यक्ष बने. 

कभी सरकार में किसी कैबिनेट मंत्री के पद पर नहीं रहे, लेकिन 2014 से 2015 के बीच उन्होंने इटली के कृषि मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के निदेशक के रूप में जिम्मेदारी जरूर निभाई है. 2019 के यूरोपीय चुनावों में वह फ्रांस टिमरमन्स के कैंपेन मैनेजर भी रहे, जिससे उनका कद यूरोपीय राजनीति में लगातार बढ़ता गया. 

फिलिबेक भारत क्यों आए ? 

फिलिबेक के भारत आने की वजह कांग्रेस शासित तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कांग्रेस और तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने किया गया था, जिसमें दुनिया भर के समान विचारधारा वाले प्रगतिशील नेताओं और बुद्धिजीवियों को बुलाया गया था. इसी निमंत्रण पर फिलिबेक भारत आए थे. 14 नवंबर को समिट के दौरान और मीडिया से बातचीत में उन्होंने न केवल भारतीय लोकतंत्र के खतरे में होने का दावा किया, बल्कि खुले तौर पर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के समर्थन में आवाज उठाई. 

फिर सवाल ये है कि जियाकोमो फिलिबेक इटली में विपक्ष के बड़े नेता भी नहीं तो कांग्रेस ने क्यों बुलाया. इसकी कहानी ये है कि कांग्रेस ने जियाकोमो फिलिबेक को किसी सरकारी या संवैधानिक प्रतिनिधि के तौर पर नहीं, बल्कि पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स' (PES) के महासचिव यानी एक समान विचारधारा वाले अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक संगठन के प्रमुख रणनीतिकार की हैसियत से आमंत्रित किया था. भारत समिट 2026 का मकसद दुनिया भर के प्रगतिशील, मध्यमार्गी और लेफ्ट झुकाव वाले राजनीतिक दलों और थिंक-टैंकों का एक ग्लोबल नेटवर्क तैयार करना था.  

चूंकि PES यूरोपीय संसद में 100 से अधिक सांसदों वाले 27 यूरोपीय देशों के समाजवादी दलों का साझा संगठन है, इसलिए कांग्रेस ने यह सोचकर फिलिबेक को बुलाया कि ब्रसेल्स और यूरोप की राजनीति में उनकी संगठनात्मक पकड़ के जरिए राहुल गांधी के 'लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता' के अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन और वैधता मिल सकेगी. कांग्रेस की रणनीति यह दिखाने की थी कि भारत के विपक्ष के मुद्दों को यूरोप के बड़े राजनीतिक समूहों का भी साथ मिल रहा है, लेकिन फिलिबेक के भारत के घरेलू चुनावी नारा लगाए जाने के बाद यह दांव उल्टा पड़ गया और पार्टी को विदेशी हस्तक्षेप के आरोपों का सामना करना पड़ा.

हैदराबाद में 13 और 14 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय भारत समिट 2026 को सरकार शुरू से शक के नजर से देख रही थी. समिट में देश और दुनिया के लगभग 70 देशों से करीब 1,000 डेलीगेट्स आए.  The Hindu की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने कुल 315 विदेशी स्पीकर्स को इस सम्मेलन में शामिल होने की मंजूरी दी थी, लेकिन सम्मेलन शुरू होने से ठीक पहले इनमें से लगभग 115 विदेशी स्पीकर्स  का वीजा रद्द कर दिया गया या उन्हें भारत में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. जिसके चलते करीब 200 विदेशी स्पीकर्स ही हैदराबाद पहुंचकर समिट में शामिल हो सके.

नार्वे की पत्रकार का भी वीजा हुआ रद्द

नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग को भी भारत समिट में शामिल होना था, लेकिन आखिरी समय में उनका वीजा रद्द कर दिया गया तो वो भारत नहीं आ सकीं. वीजा रद्द होने को लेकर हेले लिंग ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हंगामा काटा हुआ है. हेले लिंग तब से चर्चित और विवादित हैं जब उन्होंने मई में नार्वे के दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी से प्रेस ब्रीफिंग में सवाल पूछ लिया था जिसका जवाब नहीं मिलने पर खूब विवाद हुआ. 

जियाकोमो फिलिबेक को लेकर पहले कोई विवाद नहीं था इसलिए मुश्किल से क्लीयरेंस पाए विदेशी स्पीकर्स के कोटे से वीजा लेकर हैदराबाद पहुंच गए. उनका असली रंग और खेल तब हुआ जब उन्होंने राहुल गांधी के सामने वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगा दिए. ये वही नारा है जिसे राहुल गांधी ने लगाना शुरू किया और आज पूरे बीजेपी विरोधियों को नारा बना दिया है. हैदराबाद आने से पहले फिलिबेक भारत और राहुल गांधी के बारे में काफी कुछ पढ़-सुनकर आए थे तभी तो मंच से उन्होंने राहुल गांधी के कैंपेन, रामलीला मैदान मार्च का जिक्र करते हुए कह दिया कि राहुल गांधी एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत की रक्षा कर रहे हैं. 

नारा लगाकर सरकार के टारगेट पर आए फिलिबेक

भारत आकर जियाकोमो फिलिबेक ने जो सरप्राइज दिया उससे वो सरकार, बीजेपी के टारगेट पर आ चुके हैं. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया समेत कई नेताओं ने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों को भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने का मंच मुहैया कराने का आरोप लगाया है. बीजेपी ने इस समिट को 'भारत विरोधी' करार देते हुए सवाल उठाया कि जब कोई विदेशी नेता भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहा था, तो राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मंच पर बैठकर मुस्कुरा और तालियां बजा रहे थे. बीजेपी ने फिलिबेक का पुराना इतिहास खंगाल दिया है जिसके तार जुड़े हैं फिलीपींस से.

इससे पहले भी विवादों में रहे हैं फिलिबेक

यह पहला मौका नहीं है जब जियाकोमो फिलिबेक दूसरे देश की घरेलू राजनीति में दखल देने को लेकर विवादों में घिरे हों. अप्रैल 2018 में फिलीपींस एयरपोर्ट से ही डिपोर्ट किए जा चुके हैं. उस समय फिलिबेक इसी कैपेसिटी में फिलीपींस की विपक्षी पार्टी अकबायन के सम्मेलन में हिस्सा लेने सेबू पहुंचे थे, लेकिन इमिग्रेशन ने उन्हें टूरिस्ट वीजा नियमों के उल्लंघन और अवैध राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में हिरासत में लेकर ब्लैकलिस्ट कर दिया और उसी दिन फ्लाइट से वापस भेज दिया. 

उस कांड का बैकग्राउंड ये कि अक्टूबर 2017 में फिलिबेक ने तत्कालीन राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के ड्रग्स विरोधी अभियान में हुई कथित हत्याओं की सार्वजनिक आलोचना की थी. 

अब बात निकली है तो दूर तक जाएगी. कुछ दिनों सीजेपी के कैंपेन को मजबूत देने जर्मनी से यूट्यूबर ध्रुव राठी आए थे और राजनीति कर गए. ध्रुव राठी भी वीजा नियम तोड़ने के आरोपों में फंसे. जियाकोमो फिलिबेक पर भी वीजा नियमों के उल्लंघन का आरोप लग रहा है.

फिलिबेक ई-वीजा पोर्टल के जरिए भारत आए थे

जियाकोमो फिलिबेक ई-वीजा पोर्टल के जरिए कॉन्फ्रेंस वीजा पर भारत आए थे. नियमों के मुताबिक, कोई भी विदेशी नागरिक चाहे किसी भी वीजा पर भारत आए, उसे देश की घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करने या राजनीतिक बयानबाजी करने की अनुमति नहीं होती. फिलिबेक पर राजनीतिक नारा लगाकर वीजा नियमों का सीधा उल्लंघन का आरोप बन रहा है. हालांकि फिलहाल कोई उनका कुछ बिगाड़ नहीं पाएगा क्योंकि वोट चोरी का नारा लगाकर फिलिबेक भारत से वापस जा चुके हैं. तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने कथित भड़काऊ राजनीतिक टिप्पणियों के खिलाफ विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) में शिकायत दर्ज कराई है. 

फिलिबेक के इस बयान की गूंज इटली में भी

हैदराबाद में जो हुआ उसकी गूंज इटली की राजनीति में भी सुनाई दे रही है. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सहयोगी पार्टी 'फोर्जा इटालिया की विदेश मामलों की प्रमुख डेबोरा बर्गामिनी ने फिलिबेक के बयान की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विदेशी नेताओं का भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में इस तरह का दखल देना पूरी तरह गलत है और फिलिबेक को भारत जैसे विशाल लोकतंत्र को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए. मेलोनी की सहयोगी पार्टी ने यह कहकर इसे खारिज कर दिया कि वह इटली के आधिकारिक रुख या बड़े नेतृत्व का प्रतिनिधित्व नहीं करते.