Shesh Bharat: केरल में बीजेपी के 'मिशन साउथ' को बड़ा झटका: पद्मजा वेणुगोपाल का इस्तीफा, क्या कांग्रेस में होगी वापसी?
Shesh Bharat: केरल में जिन्हें बीजेपी अपना सबसे बड़ा 'मास्टरस्ट्रोक' मान रही थी उसी की हवा निकल गई. केरल के चार बार के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने महज ढाई साल के भीतर ही बीजेपी को अलविदा कह दिया है.
ADVERTISEMENT

Shesh Bharat: केरल में जिन्हें बीजेपी अपना सबसे बड़ा 'मास्टरस्ट्रोक' मान रही थी उसी की हवा निकल गई. केरल के चार बार के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने महज ढाई साल के भीतर ही बीजेपी को अलविदा कह दिया है. कभी कांग्रेस नेतृत्व पर अनदेखी का आरोप लगाकर बीजेपी में गईं पद्मजा अब कह रही हैं कि बीजेपी में जाना जल्दबाजी में लिया गया एक गलत फैसला था और वह वहां खुद को 'पानी से बाहर निकली मछली' जैसा महसूस कर रही थीं. आखिर कौन हैं पद्मजा, केरल की राजनीति में उनके परिवार का कितना बड़ा रसूख रहा है, और उनके इस इस्तीफे के मायने क्या हैं?
पद्मजा वेणुगोपाल ने अपना इस्तीफा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भेज दिया है. पद्मजा ने कहा कि करुणाकरण की बेटी होने के नाते, जो बचपन से अपने पिता के साथ गांधी जी का भजन 'रघुपति राघव राजाराम' गाती रही हो, उसके लिए बीजेपी की विचारधारा के साथ तालमेल बिठाना बेहद मुश्किल था. बीजेपी में रहते हुए पिता की याद में होने वाले सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे नहीं बढ़ा पा रही थीं. उन्होंने निराशा जताई कि बीजेपी में रहते हुए उन्हें कोई पद नहीं मिला. पद्मजा ने न केवल बीजेपी छोड़ी है बल्कि उन्होंने ए.के. एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को भी कांग्रेस में लौटने की सलाह दे दी.
पद्मजा वेणुगोपाल और केरल के कांग्रेस के नेता और स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन सगे भाई-बहन हैं और दोनों ही पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की राजनीतिक विरासत के वारिस हैं. हालांकि, दोनों के रिश्ते में कई बार तीखी तल्खी देखने को मिली है. मार्च 2024 में जब पद्मजा ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था, तो मुरलीधरन ने बेहद नाराजगी जताते हुए इस कदम को 'विश्वासघात' करार दिया था. यहां तक कह दिया था कि उनके दिवंगत पिता के. करुणाकरण की आत्मा पद्मजा को कभी माफ नहीं करेगी और उन्होंने अपनी बहन से सभी राजनीतिक और निजी संबंध तोड़ने का ऐलान कर दिया था.
ढाई साल बाद बदला सुर
उपचुनावों और 2026 के विधानसभा चुनाव में दोनों भाई-बहन एक-दूसरे के खिलाफ प्रचार करते भी नजर आए. लेकिन अब ढाई साल बाद पद्मजा के सुर पूरी तरह बदल गए हैं—बीजेपी से इस्तीफा देने से पहले उन्होंने मुरलीधरन से लंबी चर्चा की और साफ कहा कि वह अब अपने भाई के साथ ही रहना चाहती हैं. पद्मजा ने कांग्रेस में वापसी के सवाल पर उन्होंने फिलहाल पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के नेतृत्व वाली यूडीएफ (UDF) सरकार की तारीफ कर घर वापसी के साफ संकेत दे दिए हैं. कहा कि आगे वो अपने भाई कांग्रेस नेता और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ रहना चाहती हैं. फिलहाल मुरलीधरन ने इतना ही कहा कि जो भी कांग्रेस में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है. चूंकि पद्मजा ने खुद अभी कांग्रेस में लौटने की कोई औपचारिक इच्छा या आवेदन नहीं दिया है, इसलिए पार्टी नेतृत्व भी इस मुद्दे पर कोई जल्दबाजी दिखाने के मूड में नहीं है.
भले ही पद्मजा वेणुगोपाल ने अपनी घर वापसी के संकेत दे दिए हों और अपने भाई मुरलीधरन से लंबी चर्चा की हो, लेकिन कांग्रेस में उनकी दोबारा एंट्री उतनी आसान नहीं दिख रही है. त्रिशूर की स्थानीय कांग्रेस इकाई के कई नेता और कार्यकर्ता उनकी वापसी के सख्त खिलाफ हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधानसभा चुनाव में पद्मजा ने बीजेपी के टिकट पर त्रिशूर से ही कांग्रेस उम्मीदवार राजन जे. पल्लन के खिलाफ चुनाव लड़ा था. ऐसे में स्थानीय नेताओं का मानना है कि ऐन मौके पर पार्टी छोड़ने वाली नेता को वापस लेने से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट सकता है.
पद्मजा वेणुगोपाल केरल कांग्रेस कमेटी (KPCC) की महासचिव और उपाध्यक्ष रह चुकी हैं. कांग्रेस सरकार के समय केरल पर्यटन विकास निगम (KTDC) की अध्यक्ष भी रहीं. हालांकि, संगठन में मजबूत पकड़ रखने के बावजूद चुनावी राजनीति में उनकी किस्मत ने कभी साथ नहीं दिया. उन्होंने 2004 में मुकुंदपुरम से लोकसभा चुनाव लड़ा, फिर 2016 और 2021 में त्रिशूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरीं, लेकिन तीनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
पर्दे के पीछे रहकर राजनीतिक कामकाज संभाला
पद्मजा के पिता के. करुणाकरण केरल की राजनीति के 'चाणक्य' माने जाते थे. पद्मजा ने लंबे समय तक पर्दे के पीछे रहकर अपने पिता का राजनीतिक कामकाज संभाला. उन्होंने 1996 में औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ली और ट्रेड यूनियन और महिला राजनीति के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की. उनके पति डॉ. वेणुगोपाल पेशे से डॉक्टर हैं.
पद्मजा के इस कदम की अहमियत समझने के लिए उनके पिता के. करुणाकरण के कद को समझना जरूरी है. करुणाकरण केरल में कांग्रेस के सबसे बड़े स्तंभ थे. वह चार बार 1977, 1981-82, 1982-87 और 1991-95 में केरल के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र में उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. केरल में आज सत्ता संभाल रहे कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन 'यूडीएफ' (UDF) की नींव रखने वाले करुणाकरण ही थे. 1967 से 1995 तक लगातार कांग्रेस विधायक दल के नेता रहे, जो देश में एक रिकॉर्ड है. 2005 में जब करुणाकरण ने कांग्रेस से बगावत कर अपनी अलग पार्टी बनाई थी, तब भी पद्मजा कांग्रेस के साथ ही डटी रही थीं.
मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पद्मजा ने कांग्रेस नेतृत्व पर अनदेखी और अपमान का आरोप लगाते हुए दिल्ली में बीजेपी का दामन थाम लिया था. उनके इस फैसले से केरल की राजनीति में भूचाल आ गया था. उनके भाई के. मुरलीधरन ने तब इसे 'विश्वासघात' करार देते हुए कहा था कि उनके पिता की आत्मा पद्मजा को कभी माफ नहीं करेगी. हालांकि, बीजेपी में जाने के बाद भी पद्मजा की राजनीतिक राह आसान नहीं रही. 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें त्रिशूर सीट से मैदान में उतारा, लेकिन वह तीसरे स्थान पर खिसक गईं और कांग्रेस के राजन जे. पल्लन ने वहां से जीत दर्ज की.
पद्मजा के जाने से बीजेपी के जमीनी वोट बैंक पर भले ही कोई बहुत बड़ा असर न पड़े, लेकिन यह पार्टी के लिए एक बड़ा 'प्रतीकात्मक और नैतिक झटका' जरूर है. बीजेपी ने पद्मजा वेणुगोपाल और अनिल एंटनी जैसे कांग्रेस के दिग्गजों के बच्चों को पार्टी में शामिल कर केरल में एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की थी कि कांग्रेस की विरासत अब उसके साथ है.
2026 के विधानसभा चुनावों में यूडीएफ की सत्ता में वापसी और वी.डी. सतीशन के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही केरल में राजनीतिक हवा बदली हुई है. चुनाव में मिली करारी हार और संगठन में किसी बड़े पद जैसे राज्यपाल या राज्यसभा के न मिलने से पद्मजा खुद को अलग-थलग महसूस कर रही थीं. हालांकि केरल बीजेपी में बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने की कोई सामूहिक लहर नहीं दिखी है, लेकिन करुणाकरण की बेटी का यूं मोहभंग होकर लौटना बीजेपी के 'मिशन केरल' के मनोबल को कमजोर करने वाला कदम माना जा रहा है.
बीजेपी छोड़ते वक्त बड़े चेहरे का जिक्र
पद्मजा वेणुगोपाल ने बीजेपी छोड़ते वक्त जिस एक और बड़े चेहरे का जिक्र किया है, वह हैं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी के बेटे अनिल के. एंटनी. कभी कांग्रेस के डिजिटल मीडिया सेल की कमान संभालने वाले अनिल ने जनवरी 2023 में पीएम मोदी पर बनी बीबीसी (BBC) की विवादित डॉक्यूमेंट्री का विरोध करते हुए कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था. अप्रैल 2023 में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया. पिता और गांधी परिवार के बेहद करीबी रहे ए.के. एंटनी ने गहरा दुख जताते हुए इसे 'बेहद गलत फैसला' करार दिया था.
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अनिल को पथानामथिट्टा सीट से मैदान में उतारा, जहां खुद उनके पिता ने सार्वजनिक रूप से अपने बेटे की हार की कामना की थी और अनिल चुनाव हार भी गए. हालांकि, पद्मजा वेणुगोपाल के उलट बीजेपी ने अनिल एंटनी को संगठन में लगातार तरजीह दी और अगस्त 2026 में उन्हें दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता नियुक्त किया. पद्मजा के इस्तीफे पर निराशा जता चुके अनिल फिलहाल बीजेपी में मजबूती से जमे हुए हैं, लेकिन पद्मजा की इस सलाह ने केरल की सियासत में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है.
ये भी पढ़ें: Shesh Bharat: DK-विजय की दोस्ती पर कावेरी विवाद का साया, एक मुलाकात से क्यों मच गया सियासी बवाल?
