परिसीमन बिल पर वोटिंग हुई तो क्या होगा? NDA के पास कितने वोट, समझिए लोकसभा के 3 समीकरण

सरकार 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुला रही है, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण बिल आने की चर्चा है. लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ सकती हैं. बिल पास कराने के लिए 360 वोट चाहिए, जबकि NDA के पास 320 सांसद हैं. ऐसे में DMK और NCP-SP का रुख निर्णायक होगा.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

संसद के गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज होने वाली है. सरकार ने मॉनसून सत्र के अगले हिस्से के तौर पर 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक बुलाने का फैसला किया है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, यह बैठक जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बुलाई गई है और इस दौरान प्रश्नकाल या शून्यकाल नहीं होगा.

हालांकि, राजनीतिक जानकारों और मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से चर्चा इस बात की है कि सरकार इस छोटे सत्र में परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल ला सकती है.

850 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें

रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार के संभावित प्रस्ताव में परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की बात कही जा रही है. इसके पीछे का मकसद 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना बताया जा रहा है.

दिल्ली में आज दो बड़ी बैठकें

इसी सियासी सरगर्मी के बीच शुक्रवार को दिल्ली में दो अहम बैठकें होने जा रही हैं. जिनमें दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी. वहीं, शाम 4:30 बजे कांग्रेस की संसदीय रणनीति समिति (Parliamentary Strategy Group) की बैठक होगी, जिसमें विपक्षी गठबंधन INDIA के नेता भी शामिल होकर आगे की रणनीति तय करेंगे. जानकारी के मुताबिक, इस सत्र के मद्देनजर सत्ताधारी गठबंधन के कई मंत्रियों और सांसदों ने अपने तय दौरे रद्द कर दिए हैं और दिल्ली पहुंचने लगे हैं.

लोकसभा में क्या है नंबर गेम?

संविधान संशोधन बिल को लोकसभा से पारित कराने के लिए सदन में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है. लोकसभा की कुल 543 सीटों में से अभी 540 सांसद मौजूद हैं. ऐसे में बिल पास कराने के लिए सरकार को 360 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता होगी.

सत्ताधारी एनडीए के पास फिलहाल 320 सांसद हैं. इनमें बीजेपी के 241 सांसद (साल 2026 में नगांव लोकसभा सीट जीतने के बाद), एनसीपीआई (NCPI) के 20 सांसद, टीडीपी (TDP) के 16 सांसद, शिवसेना के 13 सांसद, जेडीयू (JDU) के 12 सांसदऔर एलजेपी (रामविलास) के 5 सांसद सासंद हैं. 

इसके अलावा अन्य सहयोगियों में आरएलडी (2), जनसेना पार्टी (2) और जेडीएस (2) के अलावा एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, असम गण परिषद, आजसू, अपना दल (सोनेलाल), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के 1-1 सांसद मिलाकर कुल 13 सांसद है.

वोटिंग हुई तो बन सकते हैं ये 3 सीन

एनडीए के पास बहुमत के जरूरी आंकड़े से 40 वोट कम हैं. .यानी अभी NDA के पास 320 वोट हैं. ऐसे में डीएमके, एनसीपी (शरद पवार) और वाईएसआरसीपी जैसे दलों का रुख निर्णायक साबित होगा.

गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में तमिलनाडु में कांग्रेस के टीवीके सरकार में शामिल होने के बाद डीएमके ने INDIA गठबंधन छोड़ दिया था. अगर सदन में वोटिंग होती है, तो तीन संभावित स्थितियां बन सकती हैं:

पहला सीन: तीनों दलों का समर्थन मिले

अगर डीएमके (22), एनसीपी-शरद पवार (8) और वाईएसआरसीपी (4) के कुल 34 सांसद सरकार के पक्ष में वोट करते हैं, तो भी एनडीए का कुल आंकड़ा 354 तक ही पहुंचेगा. इस स्थिति में भी सरकार को दो-तिहाई बहुमत (360) के लिए 6 और वोटों की जरूरत पड़ेगी.

दूसरा सीन: डीएमके सदन से गैरहाजिर रहे

अगर वोटिंग के दौरान डीएमके के 22 सांसद गैरहाजिर रहते हैं, तो सदन की प्रभावी संख्या घट जाएगी और बहुमत का आंकड़ा 345 रह जाएगा. इस हालात में एनडीए (320) को एनसीपी-एसपी (8) और वाईएसआरसीपी (4) का समर्थन मिलने पर भी कुल 332 वोट ही मिलेंगे. यानी सरकार बहुमत से 13 वोट दूर रह जाएगी.

तीसरा सीन: डीएमके और एनसीपी-एसपी दोनों गैरहाजिर रहें

यदि डीएमके और एनसीपी-एसपी दोनों के सांसद वोटिंग से बाहर रहते हैं, तो बहुमत के लिए 340 वोटों की जरूरत होगी. इस समीकरण में एनडीए को वाईएसआरसीपी (4) का साथ मिलने पर भी कुल संख्या 324 ही रहेगी, जो जरूरी आंकड़े से 16 वोट कम है.

क्षेत्रीय दलों की शर्तें और सरकार की कोशिश

बीजेपी लगातार डीएमके को साधने की कोशिश में जुटी है और भरोसा दिला रही है कि परिसीमन के बाद तमिलनाडु की सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होगी. एनसीपी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने संकेत दिया है कि यदि विधेयक में हर राज्य की लोकसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की गारंटी दी जाती है, तो उनकी पार्टी भी समर्थन पर विचार कर सकती है.

17 अप्रैल को ऐसा क्या हुआ कि संसद में अटक गया परिसीमन बिल? जयराम रमेश ने बताई पूरी कहानी