Shesh Bharat: Pixxel के लिए चंद्रबाबू नायडू, थलपति विजय और डीके शिवकुमार में टक्कर, जानिए किसने मारी बाजी
बेंगलुरु की स्पेस-टेक कंपनी Pixxel को अपने राज्य में लाने के लिए कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के बीच मुकाबला हुआ. चंद्रबाबू नायडू और थलपति विजय ने ऑफर दिए, लेकिन डीके शिवकुमार ने 14 दिनों में जमीन और मंजूरी दिलाकर कंपनी को कर्नाटक में रोक लिया. यहां विशाल सैटेलाइट फैक्ट्री बनेगी.
ADVERTISEMENT

कहते हैं इश्क और जंग में सब जायज है... लेकिन भारतीय राजनीति के 'टेक-वॉर' में अब एक ही कंपनी के लिए तीन-तीन दिग्गज नेता आमने-सामने आ गए. कहानी बेंगलुरु के एक ऐसे स्पेस-टेक स्टार्टअप की है, जिसे अपने पाले में खींचने के लिए आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, तमिलनाडु के थलपति विजय और कर्नाटक के डीके शिवकुमार के बीच जबरदस्त 'शह और मात' का खेल चला. चंद्रबाबू ने अनंतपुर के दरवाजे खोले, विजय ने होसुर का ऑफर दिया, लेकिन डीके शिवकुमार ने महज 14 दिनों में ऐसा मास्टरस्ट्रोक चला कि बाकी दोनों राज्य देखते रह गए! और इसके लिए डीके ने कोई नाजायज रास्ता नहीं अपनाया, बल्कि सिर्फ सरकारी काम को सुपरफास्ट स्पीड से पूरा कराकर अपने राज्य के लिए वह बड़ा तीर बचा लिया, जो बस हाथ से निकलने ही वाला था.
आखिर कौन सी है वह कंपनी, जिसके लिए मची है खींचतान?
आखिर कौन सी है यह कंपनी, जिसके लिए दक्षिण के दिग्गज दीवाने हो गए? इस पूरे राजनीतिक और कॉर्पोरेट घमासान के केंद्र में है बेंगलुरु की स्पेस-टेक कंपनी Pixxel (पिक्सल). विवाद की चिंगारी तब भड़की थी जब कंपनी के को-फाउंडर क्षितिज खंडेलवाल ने जून में सोशल मीडिया पर लिखा था कि बेंगलुरु में फैक्ट्री के लिए जमीन मिलना सैटेलाइट बनाने से भी ज्यादा मुश्किल है.
जमीन की दिक्कत पर पोस्ट और पड़ोसी राज्यों की एंट्री
पोस्ट से साफ था कि पिक्सल कंपनी और क्षितिज खंडेलवाल दोनों की पहली पसंद बेंगलुरु ही था, लेकिन सरकारी लालफीताशाही से उनका दम फूल रहा था. जैसे ही क्षितिज खंडेलवाल ने अपना दर्द बयां किया, पड़ोसी राज्यों आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु ने इसे एक सुनहरे मौके के तौर पर लपका. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने तुरंत पिक्सल को अनंतपुर में जमीन और खास रियायतों का न्योता दिया. उधर, थलपति विजय ने भी बेंगलुरु से सटे होसुर में प्लांट लगाने का ऑफर पेश कर दिया.
डीके शिवकुमार और एम.बी. पाटिल ने संभाला मोर्चा
पिक्सल अगर कर्नाटक से निकल जाती, तो डीके शिवकुमार और उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल का जीना मुहाल हो जाता. अपने घर से कंपनी को बाहर जाता देख डीके शिवकुमार और एम.बी. पाटिल तुरंत एक्शन मोड में आ गए. कंपनी ने 3 नवंबर 2026 को केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 6 एकड़ जमीन के लिए आवेदन किया. कर्नाटक की सिंगल विंडो क्लीयरेंस कमिटी ने रिकॉर्ड 14 दिन के भीतर 350 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी.
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच पहले से चल रही थी जुबानी जंग
पिक्सल को लेकर मची खींचतान अचानक नहीं हुई थी, बल्कि इसके पीछे आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच चल रही पुरानी जुबानी जंग भी थी. पहले आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने बेंगलुरु के ट्रैफिक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर तंज कसते हुए आंध्र के अनंतपुर को 'बेंगलुरु का बेहतर हिस्सा' बताया था. जब पिक्सल के को-फाउंडर ने जमीन की दिक्कत पर पोस्ट लिखा, तो लोकेश ने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा था कि आंध्र प्रदेश में तैयार एयरोस्पेस पार्क है, ताकि फाउंडर्स अपना समय जमीन ढूंढने के बजाय सैटेलाइट बनाने में लगा सकें.
डीके शिवकुमार ने फाइलों की रफ्तार से दिया जवाब
नारा लोकेश के इन हमलों पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी करारा पलटवार करते हुए कहा था कि टैलेंट और इनोवेशन में बेंगलुरु का कोई मुकाबला नहीं है और कुछ लोग सिर्फ अपनी मार्केटिंग चमकाने के लिए बेंगलुरु का नाम लेते हैं. ऐसे में पिक्सल को महज 14 दिनों में जमीन और क्लीयरेंस दिलाकर डीके शिवकुमार ने नारा लोकेश और चंद्रबाबू नायडू के हर तंज का जवाब फाइलों की रफ्तार से दे दिया.
बेंगलुरु में ही बनेगी पिक्सल की विशाल सैटेलाइट फैक्ट्री
इतना कुछ इतनी जल्दी में हो गया तो पिक्सल ने आंध्र प्रदेश के बड़े ऑफर्स को ठुकराकर अपने ढाई लाख वर्ग फुट के नए सैटेलाइट कारखाने के लिए बेंगलुरु को ही चुना. अब पिक्सल कहीं और नहीं जाएगी, बल्कि बेंगलुरु में ही अपनी सैटेलाइट फैक्ट्री लगाएगी. कंपनी यहां 2.5 लाख वर्ग फुट का 'GigaPixxel' प्लांट लगाने जा रही है, जहां एक साथ 50 सैटेलाइट तैयार होंगे. 2028 तक प्रोडक्शन 200 सैटेलाइट तक बढ़ाया जाना है. ढाई लाख वर्ग फुट का मतलब लगभग 4 से 5 फुटबॉल के मैदानों के बराबर विशाल जगह. यह कोई छोटा दफ्तर नहीं, बल्कि भारत की सबसे बड़ी निजी सैटेलाइट फैक्ट्रियों में से एक बनने जा रहा है. ऐसी हाई-टेक Satellite Manufacturing Facility बनेगी, जहां अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले सैटेलाइट्स के पुर्जे बनेंगे, उन्हें असेंबल किया जाएगा और टेस्टिंग की जाएगी. यानी 'मेक इन इंडिया' के तहत एक ही छत के नीचे हर साल दर्जनों सैटेलाइट तैयार होंगे.
क्या खास है पिक्सल की टेक्नोलॉजी में?
अब सवाल यह है कि आखिर पिक्सल में ऐसा क्या खास है, जो तीन राज्य इसे पाने को बेताब हो गए? फरवरी 2019 में शुरू हुई पिक्सल दुनिया की सबसे एडवांस 'हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग सैटेलाइट्स' (Hyperspectral Imaging Satellites) बनाती है. ये सैटेलाइट्स अंतरिक्ष से धरती की ऐसी बारीक तस्वीरें लेते हैं, जिनसे फसलों की बीमारी, जमीन के नीचे छिपे खनिज, तेल रिसाव और जलवायु परिवर्तन का सटीक पता लगाया जा सकता है.
दो युवा इंजीनियर्स ने रखी थी कंपनी की नींव
कंपनी की नींव दो यंग इंजीनियर्स अवैस अहमद और क्षितिज खंडेलवाल ने उस वक्त रखी थी, जब वे राजस्थान के बिट्स पिलानी (BITS Pilani) में पढ़ाई कर रहे थे. अवैस कंपनी के सीईओ (CEO) हैं और क्षितिज सीटीओ (CTO). कर्नाटक के चिकमगलुरु के रहने वाले अवैस अहमद और क्षितिज ने 'स्पेसएक्स हाइपरलूप' प्रतियोगिता में भी भारत का नाम रोशन किया था. दोनों का नाम फोर्ब्स (Forbes) 30 अंडर 30 की लिस्ट में शामिल है. सितंबर 2026 में Pixxel ने लगभग 944 करोड़ का फंड जुटाया है, जो भारतीय स्पेस-टेक सेक्टर की अब तक की सबसे बड़ी फंडिंग है. इसके बाद कंपनी की कुल फंडिंग 1800 करोड़ की हो चुकी है.
कंपनियां सरकारी जमीन के लिए क्यों करती हैं कोशिश?
किसी भी बड़ी कंपनी के लिए खुले बाजार से जमीन खरीदना टेढ़ी खीर होता है, इसलिए हर किसी की कोशिश होती है कि सरकार से जमीन मिल जाए जो सस्ती भी होती है और सुरक्षित भी. सरकार से इंडस्ट्रियल पार्कों में मिली जमीन पूरी तरह विवाद-मुक्त होती है. सैटेलाइट और विमान के पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जमीन, चौड़ी सड़कें और लगातार बिजली चाहिए होती हैं, जो सिर्फ सरकार ही मुहैया करा सकती है. इसके अलावा, राज्य सरकारें अपनी 'एयरोस्पेस और स्पेस-टेक पॉलिसी' के तहत जमीन की कीमत पर भारी छूट 50% से 75% तक, स्टाम्प ड्यूटी माफी और सिंगल-विंडो क्लीयरेंस देती हैं, जिससे कंपनी की शुरुआती लागत काफी कम हो जाती है.
निवेश के मामले में कर्नाटक और तमिलनाडु से पीछे आंध्र प्रदेश
दक्षिण भारत के राज्यों में कंपनियों को खींचने की यह होड़ नई नहीं है. सरकारी डेटा कहता है कि FDI लाने में कर्नाटक देश में दूसरे नंबर पर है. वित्त वर्ष 2025-26 में कर्नाटक को करीब 1 लाख 13 हजार करोड़ रुपये (यानी देश के कुल FDI का करीब 22%) का निवेश मिला. मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में मशहूर तमिलनाडु ने इसी अवधि में ₹41,197 करोड़ (करीब 8% हिस्सेदारी) का निवेश हासिल किया. वहीं, राज्य के विभाजन के बाद आंध्र प्रदेश निवेश के मामले में अभी भी इन दोनों राज्यों से काफी पीछे है और कुल FDI में उसकी हिस्सेदारी 1% से भी कम है. यही वजह है कि चंद्रबाबू नायडू बेहद आक्रामक तरीके से कंपनियों को अपने राज्य में बुला रहे हैं.
चंद्रबाबू नायडू की पुरानी CEO वाली छवि
इस कहानी में चंद्रबाबू नायडू की दिलचस्पी समझना बेहद जरूरी है. साल 1995 से 2004 के अपने कार्यकाल के दौरान चंद्रबाबू नायडू ने पारंपरिक राजनीति छोड़कर एक कॉर्पोरेट लीडर की तरह काम करना शुरू किया था. हाथ में लैपटॉप और प्रेजेंटेशन लेकर वे दावोस में होने वाले 'वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम' (World Economic Forum) में जाते थे और उन्होंने ही बिल गेट्स को मनाकर माइक्रोसॉफ्ट का सेंटर हैदराबाद में खुलवाया था. एक पुराने निजामी शहर हैदराबाद को 'साइबराबाद' में बदलने के कारण ही दुनिया भर की मीडिया और वर्ल्ड बैंक ने उन्हें 'CEO of Andhra Pradesh Inc.' का खिताब दिया था. साल 2024 में सत्ता में लौटने के बाद अब वे वही जादू अमरावती और अनंतपुर में दोहराना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें बिल्कुल नए सिरे से शुरुआत करनी पड़ रही है.
दक्षिण भारत में अब राजनीति के केंद्र में निवेश और रोजगार
साफ है कि दक्षिण भारत में अब राजनीति सिर्फ वोटों की नहीं, बल्कि 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' की है. जहां एक तरफ चंद्रबाबू नायडू अपनी पुरानी 'CEO' वाली छवि के दम पर कंपनियों को लुभा रहे हैं, वहीं डीके शिवकुमार ने दिखा दिया है कि अगर सरकारी फाइलें रॉकेट की रफ्तार से चलें, तो कोई भी कंपनी अपना घर छोड़कर बाहर नहीं जाएगी.
