'दिल्ली आने से रोका जा रहा...' रामलीला मैदान महारैली रैली से ठीक पहले राहुल गांधी का सनसनीखेज दावा, गृह मंत्री पर लगाए बड़े गंभीर आरोप!
Delhi Ramlila Maidan Congress Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि दूसरे राज्यों से दिल्ली आ रहे कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रास्ते में रोका जा रहा है. राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है.
ADVERTISEMENT

Ramlila Maidan Rally Allegation: दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित महारैली से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. रैली की तैयारियों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री पर निशाना साधा है. राहुल गांधी का आरोप है कि केंद्र सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष की इस महारैली को बाधित करने की कोशिश कर रही है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले आम लोगों और कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन मिलकर जगह-जगह ऐसी परिस्थितियां बना रहे हैं, जिससे लोग महारैली में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान तक न पहुंच सकें. राहुल गांधी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया.
दिल्ली की सीमाओं पर ही रोकाने का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब समेत देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है. लेकिन इन सभी राज्यों से आने वाली गाड़ियों, बसों और ट्रेनों में यात्रा कर रहे लोगों को किसी न किसी बहाने से दिल्ली की सीमाओं पर ही रोका जा रहा है या उनके रास्ते में तरह-तरह की प्रशासनिक और पुलिसिया रुकावटें खड़ी की जा रही हैं.
'तमाम रुकावटों के बावजूद सफल होगी महारैली'
कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्षी दलों के प्रति जनता का बढ़ता समर्थन देखकर सरकार घबरा गई है. इसी बौखलाहट में गृह मंत्रालय के जरिए रैली में आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और रोकने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. हालांकि, राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि सरकारी तंत्र और पुलिसिया पाबंदियों के बावजूद देश की जनता और कार्यकर्ता हर बाधा को पार करते हुए बड़ी संख्या में दिल्ली के रामलीला मैदान पहुँचेंगे और इस रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएंगे.
सियासत तेज, जल्द आ सकता है सत्ता पक्ष का जवाब
राहुल गांधी के इस तीखे बयान के बाद राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है. रामलीला मैदान के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई है. विपक्ष जहां इसे सरकार की तानाशाही और रैली रोकने की साजिश बता रहा है, वहीं इस मामले पर सत्ता पक्ष की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आने के आसार बन गए हैं.
यह भी पढ़ें: अमित शाह से जुड़े साल 2018 मानहानि केस में राहुल गांधी को राहत, जानिए क्या है पूरा मामला
