दलित की पीठ पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे RJD विधायक नरेश सिंह, बैलेंस बिगड़ा और दोनों नदी में जा गिरे, वीडियो Viral
पलामू के विश्रामपुर से RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक शख्स की पीठ पर बैठकर नदी पार करते दिख रहे हैं. नदी में संतुलन बिगड़ने से विधायक जी पानी में गिर गए. वीडियो वायरल होने के बाद सामाजिक और राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है.
ADVERTISEMENT

झारखंड के पलामू जिले से विधायक जी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह एक व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर नदी पार करते हुए देखे जा रहे हैं. साथ में कुछ लोग हैं जिनमें से एक शख्स ने विधायक जी का जूता हाथ में ले रखा है ताकि जूता भीगे नहीं. पीठ पर विधायक जी को लेकर चल रहे शख्स का बैलेंस अचानक बिगड़ा और वो उन्हें लेकर नदी में गिर गया. अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
दरअसल वीडियो में जो भी दिख रहा है कहानी वहीं तक नहीं है. पलामू जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह जिसकी पीठ पर सवार होकर नदी पार कर रहे हैं वो दलित समाज से आते हैं. यही नहीं. जिस शख्स ने उनका जूता हाथों में पकड़ा हुआ है वो ओबीसी समाज से आते हैं. यहां विधायक जी की दलित और ओबीसी के प्रति ऐसी मानसिकता को सवाल खड़े हो रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर अब राजनैतिक और सामाजिक बहस ने जोर पकड़ लिया है.
नदी में पानी कम था फिर RJD विधायक ने ऐसा क्यों किया ?
सवाल ये उठ रहे हैं कि नदी में महज 2-3 फीट ही पानी था. विधायक नरेश प्रसाद सिंह चाहते तो बड़े आराम से अपने हाथों में जूता पकड़कर पायजामे को ऊपर चढ़ाकर नदी पार कर सकते थे. फिर उन्होंने वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि की पीठ पर सवार होने का फैसला क्यों किया. जब विधायक जी नदी में मनोज कुमार के साथ गिरे और संभलकर खड़े हुए तब पानी उनके घुटने से भी नीचे थे. वीडियो में एक शख्स दिखाई दे रहा है जो आगे-आगे चल रहा है और लगभग नदी के आधे से ज्यादा हिस्से को पार कर चुका है. पानी उसके घुटने के करीब तक है. ऐसे में RJD विधायक ने दलित की पीठ पर सवार होकर नदी पार करने का मन क्यो बनाया ? वीडियो वायरल होने के बाद ये सवाल उठने लगे हैं.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, घासीदाग पंचायत में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह सोमवार देर शाम पहुंचे थे. गांव तक जाने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी. नदी में घुटने भर पानी होने के बावजूद विधायक एक दलित व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर नदी पार करने लगे. इसी दौरान नदी की धार में व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर गए.
गांव में सालों से हो रही नदी पर पुल की मांग
घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एक दलित व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर नदी पार करना विधायक की मानसिकता को दर्शाता है. गांव में लंबे समय से पुल की मांग हो रही है और ग्रामीण आंदोलन भी कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
ध्यान देने वाली बात है कि घासीदाग पंचायत के जमारी गांव हर साल बारिश में चारो तरफ से नदियों से घिर जाता है. ग्रामीणों का संपर्क बाकी गांवों से लगभग कट जाता है. कोई बीमार हो जाए या किसी को किसी जरूरी काम से गांव से बाहर निकलना हो तो नदी पार करनी पड़ती है. चाहे बच्चों या बुजुर्ग या महिलाएं सभी के लिए बस एक ही विकल्प है- चलकर नदी पार करना. चूंकि ये बरसाती नदियां हैं. इनमें पानी इतना कम होता है कि नाव चलाना भी संभव नहीं होता है. अब वीडियो के वायरल होने के बाद पुल की मांग ने और जोर पकड़ा लिया है.
स्कूटी के अंदर छिपा मिला 3 फीट लंबा अजगर: चाबी लगाने ही वाले थे मालिक, फिर जो हुआ...
