Charchit Chehra: कौन हैं शायना NC, जिन्होंने कैमरे के सामने फाड़ दी बालासाहेब की फोटो?
Charchit Chehra: मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शायना एनसी से सोनिया गांधी की किताब के बजाय बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर बीच से फट गई, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में भारी सियासी बवाल मच गया है.
ADVERTISEMENT

मुंबई में शिवसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ गजब ही देखने को मिला. सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विरोध में पन्ने फाड़ने के लिए मुंबई में शिवसेना (शिंदे गुट) के 6-6 प्रवक्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस करने बैठे थे. वीर सावरकर को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में यह सब किया जाना था, जहां नेताओं ने किताब पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की. कैमरों के फ्लैश चमक रहे थे और सारा गुस्सा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब पर निकलना था. पूरी प्लानिंग यह थी कि किताब के पन्ना नंबर 201 और 443 को फाड़ा जाएगा, जिनमें सावरकर और हिंदुत्व को लेकर विवादित बातें लिखी होने का आरोप था.
टेबल पर सोनिया गांधी की 1,299 रुपये वाली किताब की 4-5 कॉपीज तो रखी ही थीं, साथ ही विरोध जताने के लिए कुछ खास तस्वीरों के प्रिंटआउट्स भी रखे गए थे. इन्हीं प्रिंटआउट्स में शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की साल 2004 की वह तस्वीर भी थी, जिसमें वे मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मारते दिख रहे हैं. उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधने के लिए लाई गई यह तस्वीर कागजों के ढेर में शायना एनसी के हाथ लग गई.
विरोध के जोश में उन्होंने सोनिया गांधी की किताब के पन्नों के बजाय बालासाहेब की तस्वीर को ही बीच से फाड़ डाला. पास बैठे लोगों ने फौरन टोका तो शायना को अपनी महाचूक का अहसास हुआ, लेकिन तब तक बालासाहेब की फोटो उनके हाथों फट चुकी थी. फिर जो सियासी बवाल शुरू हुआ, वह अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बालासाहेब की तस्वीर से कथित बेअदबी के आरोपों से घिरकर शायना एनसी एक बार फिर सबसे चर्चित चेहरा बन गई हैं.
शिंदे को सफाई देनी पड़ी
बालासाहेब के सच्चे राजनीतिक वारिस होने का दावा करने वाले डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को अब अपने ही नेता की चूक से अपमान के आरोप झेलने पड़ रहे हैं. महाराष्ट्र की सियासत में बालासाहेब का कद आज भी इतना बड़ा है कि उनके अनादर का जोखिम न तो ठाकरे समर्थक उठा सकते हैं और न ही विरोधी. यह विवाद शिंदे के लिए इसलिए भी बेहद नुकसानदायक है क्योंकि उनकी पूरी राजनीति ही 'बालासाहेब की असली विरासत और हिंदुत्व' की बुनियाद पर टिकी है. इस एक चूक ने उद्धव गुट को शिंदे के खिलाफ बड़ा भावनात्मक हथियार दे दिया है, जिसके बाद खुद शिंदे को सफाई देनी पड़ी कि कोई भी शिवसैनिक अपने आराध्य बालासाहेब का अपमान सपने में भी नहीं कर सकता.
पहले तो शायना एनसी ने यह कहकर बचाव किया कि उन्होंने बालासाहेब की नहीं, बल्कि तस्वीर में दिख रहे मणिशंकर अय्यर के चेहरे को फाड़ा है. लेकिन जब उन्हें अहसास हुआ कि यह सफाई नहीं चलेगी, तो बढ़ते विरोध को देखते हुए उन्होंने तुरंत माफी मांग ली. शायना ने कहा कि बालासाहेब उनके विचारों और खून में बसते हैं और अनादर का उनका कोई इरादा नहीं था.
शायना एनसी भले ही आज तक विधायक, सांसद या मंत्री न बनी हों, लेकिन उनकी पहचान के आधार बेहद मज़बूत हैं. पहले बीजेपी और अब शिवसेना की प्रवक्ता होने के नाते वे टीवी और मीडिया में अक्सर नज़र आती हैं. फैशन डिजाइनिंग का पेशा उन्हें बॉलीवुड सर्कल में खासा चर्चित बनाता है, तो वहीं पारिवारिक विरासत के तौर पर शायना मुंबई के मशहूर पूर्व शेरिफ नाना चुडासमा की बेटी के रूप में भी जानी जाती हैं.
साड़ी को 54 अलग-अलग अंदाज़ में पहनने वाली महारानी
फैशन की दुनिया में शायना को 'क्वीन ऑफ ड्रेप्स' कहा जाता है. यानी साड़ी को 54 अलग-अलग अंदाज़ में पहनने वाली महारानी. उन्होंने साड़ी पहनने के कई नए स्टाइल ईजाद किए हैं और इसी हुनर के कारण सबसे तेज़ साड़ी पहनने के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है.
शायना के परिवार की हैसियत का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका जन्म मुंबई के सबसे पॉश इलाके मालाबार हिल में हुआ. 1 दिसंबर 1972 को जन्मीं शायना के नाम में जुड़ा 'NC' उनके पिता नाना चुडासमा का प्रतीक है. नाना चुडासमा मुंबई की एक बेहद प्रतिष्ठित हस्ती थे और 1989-90 में मुंबई के शेरिफ भी रहे. उनकी सबसे बड़ी पहचान साउथ मुंबई के मरीन ड्राइव की सूना महल बिल्डिंग के बाहर लगने वाले उनके ऐतिहासिक बैनर थे.
करीब चार से पांच दशकों तक नाना अपनी बालकनी से कपड़े का एक बड़ा बैनर टांगते रहे, जिसे लोग 'टॉक ऑफ द टाउन' बैनर कहते थे. इमरजेंसी से लेकर बोफोर्स घोटाले तक, इस बैनर पर 10 से भी कम शब्दों में बेहद तीखे और चुटीले वन-लाइनर लिखे होते थे. इसकी शुरुआत 1970 के दशक में सरकार की अनिवार्य राशनिंग प्रणाली के खिलाफ हुई थी, जब उन्होंने पहला बैनर लगाया— 'से इट फास्ट, से इट स्लो — राशनिंग मस्ट गो'. इस नारे को इतना जबरदस्त जनसमर्थन मिला कि सरकार को अपना फैसला वापस लेना पड़ा, और नाना के ये बैनर हमेशा के लिए मुंबई की पहचान बन गए.
शुरुआत में शायना एनसी ने पिता की तरह समाजसेवा या कानून के क्षेत्र में जाने के बजाय अपनी मां मुनीरा चुडासमा की राह चुनी, जो फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी थीं. उनकी मां ने मुंबई के शुरुआती बुटीक में से एक 'द गोल्डन थिम्बल' (The Golden Thimble) शुरू किया था. मां से प्रेरित होकर शायना ने भी फैशन डिजाइनिंग को ही अपना करियर बना लिया और ग्रेजुएशन के बाद न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित फैशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (FIT) से डिजाइनिंग का कोर्स किया.
शायना का पूरा नाम शायना नाना चुडासमा मुनोत है. उनके नाम के आगे 'मुनोत' सरनेम तब जुड़ा, जब उन्होंने मुंबई के बिजनेसमैन मनीष मुनोत से शादी की. दोनों की प्रेम कहानी भी बेहद दिलचस्प है—मनीष उनकी जिंदगी में तब आए थे, जब शायना स्कूल में पढ़ती थीं और महज 13 साल की थीं. करीब 6 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, जब शायना 23 साल की हुईं, तो 1995 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए.
मेलजोल की एक अनूठी मिसाल
शायना एनसी का परिवार देश में धर्मनिरपेक्षता और बहु-सांस्कृतिक मेलजोल की एक अनूठी मिसाल है. उनके पिता नाना चुडासमा गुजरात के सौराष्ट्र से हिंदू राजपूत थे, जबकि मां मुनीरा दाऊदी बोहरा मुस्लिम समुदाय से आती हैं. वहीं, उनके पति मनीष मुनोत एक पारंपरिक मारवाड़ी जैन परिवार से हैं. हिंदू पिता, मुस्लिम मां और जैन पति के परिवार के बीच रची-बसीं शायना अपने घर में दिवाली, ईद और क्रिसमस- सभी त्योहार पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाती हैं. उनके दो बच्चे हैं- बेटा अयान और बेटी शनाया.
पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई के बाद शायना फैशन डिजाइनर तो बनीं, लेकिन राजनीति की ओर उनका झुकाव बना रहा. 2004 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद जब बीजेपी सत्ता से बाहर हुई और मुश्किल दौर से गुजर रही थी, ठीक उसी वक्त सितंबर 2004 में दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया. उस दौर में उनके पिता नाना चुडासमा बीजेपी और नरेंद्र मोदी के मुखर आलोचक माने जाते थे, लेकिन शायना ने अपनी अलग पॉलिटिकल लाइन चुनी.
पार्टी ने भी उनका इस्तेमाल अपनी मजबूत आवाज़ बनाने के लिए किया. अंग्रेजी, हिंदी और मराठी पर शानदार पकड़ के कारण वे टीवी डिबेट्स में बीजेपी की स्टार प्रवक्ता बन गईं. करीब 20 साल तक बीजेपी में रहने के बाद, अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले शायना एनसी की पार्टी एक्सचेंज हो गई.
शायना को मुंबई की वर्ली सीट से चुनाव लड़ना था, लेकिन महायुति गठबंधन में यह सीट शिवसेना के मिलिंद देवड़ा को चली गई. इसके बाद बीजेपी ने ही उन्हें एकनाथ शिंदे की शिवसेना में भेज दिया. एकनाथ शिंदे ने उन्हें दक्षिण मुंबई की मुंबादेवी सीट से कांग्रेस के अमीन पटेल के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा, लेकिन शायना जीत नहीं सकीं. 22 साल की राजनीति में वे आज तक विधायक नहीं बन पाईं, लेकिन उनकी राजनीतिक हैसियत किसी नेशनल लीडर से कम नहीं है.
रूतबा भी किसी से कम नहीं है. बड़े बाप की बेटी, बिजनेसमैन की पत्नी और खुद के दम पर मुकाम हासिल करने वाली शायना एनसी 146 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति की मालकिन हैं- ऐसा उन्होंने 2024 का चुनाव लड़ते समय अपने हलफनामे में बताया था. बहरहाल, ग्लैमर, करियर और दो दशकों के राजनीतिक अनुभव के बावजूद, कैमरे के सामने हुई एक पल की चूक ने शायना एनसी को ऐसे विवाद में ला खड़ा किया है, जिसकी गूंज महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय तक सुनाई देगी.
