Charchit Chehra: राहुल गांधी ने जिसे फोन कर रोने पर मजबूर किया, आज वही चन्नी कांग्रेस के लिए क्यों बने 'हेडेक'?
Charchit Chehra: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के केंद्र में हैं. कभी राहुल गांधी के एक फोन से भावुक होकर मुख्यमंत्री बने चन्नी आज पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन और सीएम फेस की मांग को लेकर हाईकमान के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं. जानिए चरणजीत सिंह चन्नी की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा.
ADVERTISEMENT

Charanjit Singh Channi
पंजाब की सियासत में इन दिनों भारी घमासान मचा हुआ है. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस के भीतर 2022 वाली पुरानी कलह एक बार फिर लौट आई है, बस इस बार किरदार बदल गए हैं. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से मौजूदा सांसद चरणजीत सिंह चन्नी इस समय अपनी ही पार्टी के आलाकमान के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं. चन्नी की इस 'पावर पॉलिटिक्स' ने जहां एक तरफ राहुल गांधी को धर्म संकट में डाल दिया है, वहीं दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की नींद उड़ा रखी है. कभी शांत और विवादों से दूर रहने वाले चन्नी अब नवजोत सिंह सिद्धू की राह पर चलते हुए कांग्रेस हाईकमान पर दबाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं.
