जालंधर में दर्दनाक सड़क हादसा, हनी सिंह के भतीजे समेत दो दोस्तों की मौत, बर्थडे पार्टी से लौटते वक्त हुआ हादसा
पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई. दोनों जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे थे. उनकी कार फ्लाईओवर पर नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. मृतकों में सिंगर यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलाक और आरव तलवार शामिल हैं.
ADVERTISEMENT

पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. दोनों दोस्त एक जन्मदिन की पार्टी से कार में सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस लाइन्स इलाके के पास फ्लाईओवर पर उनकी कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विदित ओलाक और आरव तलवार के रूप में हुई है.
विदित ओलाक मशहूर सिंगर यो यो हनी सिंह के भतीजे थे. वह पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश के बेटे थे. वहीं, दूसरे मृतक आरव तलवार, पैपी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे. इस हादसे की खबर सामने आने के बाद हनी सिंह ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की.
फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार
पुलिस के मुताबिक, हादसा पुलिस लाइन्स इलाके के पास फ्लाईओवर पर हुआ. बारादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को शनिवार तड़के करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली थी.
उस समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे. कचरा इकट्ठा करने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी. इसी दौरान BMC चौक से BSF चौक की तरफ जा रही वोक्सवैगन कार सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई.
कार में पांच लोग थे सवार, दो की गई जान
हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग मौजूद थे. टक्कर इतनी गंभीर थी कि विदित ओलाक और आरव तलवार की मौत हो गई. कार में मौजूद बाकी तीन लोग अपने घर लौट चुके हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी की. हालांकि, मृतकों के परिजनों ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए.
