पंजाब चुनाव 2027: स्थापना दिवस पर मोगा से शंखनाद करेगी AAP, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे सभी 71 उम्मीदवार

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी 26 नवंबर को मोगा में मेगा रैली कर प्रचार का आगाज करेगी. इस मंच पर अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के साथ सभी 71 घोषित उम्मीदवार मौजूद रहेंगे.

ADVERTISEMENT

तस्वीर: सीएम भगवंत मान के सोशल मीडिया x से.
तस्वीर: सीएम भगवंत मान के सोशल मीडिया x से.
Google CTA

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. आम आदमी पार्टी (AAP) अपने 14वें स्थापना दिवस के मौके पर 26 नवंबर को मोगा में एक विशाल रैली करने जा रही है. इस मेगा रैली के जरिए पार्टी राज्य में अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करेगी. कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ अब तक घोषित सभी 71 उम्मीदवार एक ही मंच पर नजर आएंगे.

117 हलकों से जुटेंगे कार्यकर्ता, दिखेगा शक्ति प्रदर्शन 

पंजाब की राजनीति में यह पहला मौका होगा जब AAP का शीर्ष नेतृत्व अपने 71 घोषित उम्मीदवारों और सभी हल्का इंचार्जों के साथ एक मंच साझा करेगा. 26 नवंबर को राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी समर्थक मोगा में जुटेंगे. पार्टी इसे केवल एक जनसभा के रूप में नहीं, बल्कि 2027 के चुनाव से पहले अपने संगठन की एकजुटता और सियासी ताकत दिखाने के बड़े अवसर के रूप में देख रही है.

मोगा को ही क्यों चुना गया? 

रैली के लिए मोगा के चयन के पीछे गहरा राजनीतिक और भौगोलिक समीकरण है. मालवा क्षेत्र के केंद्र में स्थित मोगा हमेशा से पंजाब की बड़ी सियासी रैलियों का गढ़ रहा है.

  • यहां से लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे प्रमुख जिलों की सीधी कनेक्टिविटी है. 
  • जालंधर के रास्ते यह दोआबा क्षेत्र को भी जोड़ता है.
  • पार्टी की रणनीति है कि मोगा की धरती से उठने वाला चुनावी संदेश मालवा (69 सीटें) के साथ-साथ दोआबा (23 सीटें) और माझा (25 सीटें) तक मजबूती से पहुंचे.

पांच साल के कामकाज का पेश होगा रिपोर्ट कार्ड 

2022 के विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने वाली AAP अब करीब 61 प्रतिशत सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर चुकी है (इसमें मोगा की चारों सीटें शामिल हैं). इस रैली में मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी सरकार के पांच साल के कामकाज का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेंगे.

रैली में सरकार की इन प्रमुख योजनाओं पर खास फोकस रहेगा- 

  • मुफ्त बिजली योजना
  • आम आदमी क्लीनिक और 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज
  • विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल (स्कूल ऑफ एमिनेंस) और युवाओं को रोजगार

अगले 5 साल का रोडमैप भी आएगा सामने 

जहां भगवंत मान सरकार की उपलब्धियों को गिनाएंगे, वहीं अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय स्तर की चुनावी रणनीति के तहत पंजाब के भविष्य का विजन पेश करेंगे. दोनों नेताओं के संबोधन में किसान, युवा, महिलाएं, शिक्षा और स्वास्थ्य मुख्य मुद्दे रहेंगे. इसके साथ ही पार्टी अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप भी जनता के सामने रखेगी.

2027 में दोबारा सत्ता में वापसी की राह देख रही आम आदमी पार्टी के लिए मोगा रैली एक निर्णायक पड़ाव साबित हो सकती है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस मंच से निकलने वाला संदेश पंजाब के तीनों क्षेत्रों की सियासत में क्या असर डालता है.

खुरालगढ़ में 4 से 6 दिसंबर तक भव्य राज्य स्तरीय समागम, 4 शहरों से निकलेंगी विशाल शोभा यात्राएं- सीएम भगवंत मान