पटियाला: PRTC के बेड़े में शामिल हुईं 100 नई मिनी बसें, CM भगवंत मान बोले- 'जैसे हर खेत तक पानी पहुंचा, वैसे हर गांव तक पहुंचेगी बस'

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला में PRTC के बेड़े में 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने हर गांव को शहरों से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई और अगले महीने 309 बड़ी बसें शामिल करने की घोषणा की.

ADVERTISEMENT

तस्वीर: सीएम भगवंत सिंह मान के सोशल मीडिया X से.
तस्वीर: सीएम भगवंत सिंह मान के सोशल मीडिया X से.
Google CTA

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पटियाला में पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) के बेड़े में 100 नई मिनी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने राज्य के प्रत्येक गांव को शहरों से जोड़ने की अपनी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई.

मुख्यमंत्री ने इस दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिस तरह उनकी सरकार ने नहरी पानी को पंजाब के हर खेत तक पहुंचाया है, उसी तर्ज पर अब पंजाब के हर छोटे-बड़े गांव तक सरकारी बसों की सुविधा पहुंचाई जाएगी.

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग में नवनियुक्त 15 युवाओं को तत्काल नियुक्ति पत्र भी सौंपे. इस कार्यक्रम में परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

'पिछली सरकारों ने ग्रामीण परिवहन को किया नजरअंदाज' 

बसों को रवाना करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की गलत नीतियों और उपेक्षा के कारण गांवों से शहरों तक चलने वाली बस सेवाएं ठप हो गई थीं, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और कामगारों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.

मुख्यमंत्री ने कहा- 

"सार्वजनिक परिवहन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारे ग्रामीण समाज की जीवनरेखा है. विकास का असली पैमाना केवल बड़े शहरों के बुनियादी ढांचे से नहीं, बल्कि गांवों के आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं और अवसरों से तय होता है. हमारी सरकार ऐसा पंजाब बना रही है जहां भौगोलिक दूरी किसी की शिक्षा, रोजगार या प्रगति में रुकावट न बने."

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (X) पर इस कार्यक्रम की झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण निवासियों के सफर को आसान और सुविधाजनक बनाएगी.

नौ डिपो में बांटी गईं 29 सीटों वाली बसें 

मुख्यमंत्री मान ने बताया कि 29 सीटों वाली ये 100 नई मिनी बसें विशेष रूप से ग्रामीण और छोटे कस्बों के रूटों पर चलाई जाएंगी. इन्हें PRTC के सभी नौ प्रमुख डिपो में वितरित किया गया है, जिनमें शामिल हैं:

  1. पटियाला: 25बसें 
  2. बठिंडा: 15बसें 
  3. चंडीगढ़: 15बसें 
  4. संगरूर: 10बसें 
  5. बरनाला: 9बसें 
  6. बुढलाडा: 8बसें 
  7. कपूरथला: 7बसें 
  8. फरीदकोट: 6 बसें 
  9. लुधियाना: 5 बसें

इन बसों के शुरू होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों, किसानों और विशेषकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा.

अगले महीने शामिल होंगी 309 बड़ी बसें

सार्वजनिक परिवहन के विस्तार का रोडमैप साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का यह प्रयास जनकल्याण के साथ-साथ रोजगार सृजन से भी जुड़ा है. 

309 नई बड़ी बसें: सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और अधिक मजबूत करने के लिए अगले महीने PRTC के बेड़े में 309 और नई बड़ी बसें शामिल की जाएंगी.

रोजगार के अवसर: इन 100 मिनी बसों के संचालन से लगभग 150 ड्राइवरों और कंडक्टरों के लिए सीधे तौर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

निजी बस नेटवर्क: मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में पूरे पंजाब में लगभग 3,000 निजी मिनी बसें भी गांवों, कस्बों और शहरों के बीच आवागमन की सुविधा प्रदान कर रही हैं.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार 

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सबसे पहली शर्त है. सुगम परिवहन व्यवस्था मिलने से:

  • विद्यार्थी बिना किसी असुविधा के शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच सकेंगे.
  • ग्रामीणों को मंडियों, बाजारों और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं तक सीधी पहुंच मिलेगी.
  • दूध, सब्जी व अन्य दैनिक उत्पाद बेचने वाले छोटे व्यापारियों और कामगारों का समय और पैसा दोनों बचेगा.

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सुरक्षित और सस्ती सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम करती रहेगी.

पंजाब चुनाव सर्वे: स्कोर के फाउंडर नरेश अरोड़ा ने बता दिया ''पलड़ा किसका भारी है''?