पंजाब के 8 लाख कर्मचारियों को CM भगवंत मान का दिवाली तोहफा, DA में 3% की बढ़ोतरी
Punjab DA Hike: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवाली के मौके पर राज्य के करीब 8 लाख कर्मचारियों को राहत देने का ऐलान किया है. सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की नई किस्त जारी कर रही है. इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों का कुल DA बढ़कर 53 फीसदी हो जाएगा. सरकार के मुताबिक, इस फैसले से कर्मचारियों के खातों में कुल 3,988 करोड़ रुपये पहुंचेंगे.
ADVERTISEMENT

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवाली के मौके पर राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार DA की नई किस्त जारी कर रही है। इसके बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 53 फीसदी हो जाएगा. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के खातों में कुल 3,988 करोड़ रुपये जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों, कर्मचारियों की मांगों और पंजाब की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर भी अपनी बात रखी.
कर्मचारियों के DA में कुल 11 फीसदी की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पंजाब सरकार कर्मचारियों को 3 फीसदी DA की किस्त देने जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार इससे पहले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 8 फीसदी की बढ़ोतरी कर चुकी है. अब कम समय में 3 फीसदी की अतिरिक्त बढ़ोतरी की जा रही है. इस तरह DA में कुल 11 फीसदी का इजाफा हुआ है और अब पंजाब के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53 फीसदी हो गया है.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस फैसले से राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों को फायदा मिलेगा. कर्मचारियों के खातों में कुल 3,988 करोड़ रुपये पहुंचेंगे. मान ने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के दरवाजे खुले हैं और उनकी मांगों पर बातचीत की जा सकती है.
बिना रिश्वत और सिफारिश के दीं 71 हजार सरकारी नौकरियां
भगवंत मान ने अपनी सरकार के कार्यकाल में रोजगार के मुद्दे पर भी बात की. उन्होंने दावा किया कि पंजाब में अब तक 71 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नौकरियां बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के दी गई हैं.
इंसाफ रैली और पार्टी छोड़ने वाले विधायकों पर क्या बोले मान?
मुख्यमंत्री ने इंसाफ रैली को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कोई इंसाफ रैली कर रहा है और कोई उसके खिलाफ रैली कर रहा है, ऐसे में वह इसका क्या जवाब दें. वहीं, पार्टी छोड़कर गए तीन विधायकों को लेकर भगवंत मान ने कहा कि उन्हें आगे चलकर इसका एहसास होगा. उन्होंने कैप्टन का उदाहरण देते हुए कहा कि केवल विधायक बनना ही काफी नहीं होता, बल्कि पार्टी के साथ चलना भी जरूरी है.
मोगा विधायक पर ED की रेड को लेकर कही ये बात
मोगा के विधायक के ठिकानों पर ED की रेड को लेकर भी मुख्यमंत्री से सवाल किया गया. इस पर भगवंत मान ने कहा कि इससे पहले राजवीर के मामले में भी CBI आई थी, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला. उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में भी कुछ नहीं मिलेगा. चुनाव के समय को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव सही समय पर ही आएंगे.
चुनावी उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी पार्टी 40 उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर चुकी है. बाकी उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो उम्मीदवार घोषित करने हैं, वे कर दिए जाएंगे.
6 तारीख को फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे CM मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि वह 6 तारीख को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस दौरान हॉकी को लेकर किसी बड़े ऐलान की संभावना जताई जा रही है. साथ ही पंजाब में हॉकी वर्ल्ड कप के आयोजन को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है.
AAP ने पंजाब चुनावों के लिए जारी की पहली लिस्ट, जानिए किसका पत्ता कटा और किसे मिला मौका?
