Punjab Election 2027: BJP और अकाली दल आज कर सकती हैं गठबंधन का ऐलान, हलचल तेज
BJP Akali Dal Alliance: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं. बताया जा रहा है कि आज दिल्ली में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं. जानिए इस संभावित गठबंधन से जुड़ी पूरी जानकारी.
ADVERTISEMENT

पंजाब में अगले कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनाव के ऐलान से पहले की सरगर्मी काफी तेज हो गई है और हर पार्टी अपने स्तर पर तैयारियों में जुट गई है. इसी बीच पंजाब की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले ही आज भारतीय जनता पार्टी(BJP) और शिरोमणि अकाली दल(SAD) गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं. साथ ही पंजाब के सभी बड़े नेता आज दिल्ली में मौजूद भी बताए जा रहे है.
आज दोपहर 1 बजे भाजपा हेडक्वार्टर दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होने वाली है. इस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल शामिल होने वाले है. कहा जा रहा है कि इसी दौरान इस गठबंधन का ऐलान हो सकते है. चुनाव से पहले इस गठबंधन को लेकर चर्चाएं काफी तेज हो गई है. विस्तार से जानिए क्यों इस गठबंधन की हो रही चर्चा.
गठबंधन के पीछे की वजह
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के साथ के पीछे की बड़ी वजह वोट बैंक और क्षेत्रीय पकड़ बताया जा रहा है. 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भी दोनों पार्टियों के गठबंधन की चर्चाएं थी, लेकिन कोशिश सफल नहीं हो पाई थी. उस वक्त बीजेपी को पंजाब में करीब 25 लाख वोट यानी 18.56 फीसदी वोट मिले थे. वहीं अकाली दल को लगभग 18 लाख वोट यानी 13.42 वोट मिले थे. दोनों को मिलाया जाए तो यह कुल 43 लाख वोट और वोट प्रतिशत लगभग 32 फीसदी होता है.
2022 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो तब भी अकाली दल और बीजेपी अलग-अलग चुनाव लड़ी थी, जिस वजह से वोटों का बिखराव देखने को मिला था. वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने 42 फीसदी वोट पाकर 117 में से 92 सीटें जीत ली थी. अब बीजेपी नेताओं का मानना है कि अगर यह गठबंधन होता है तो राज्य में भाजपा कांग्रेस और आप को टक्कर दे सकती है.
कब-कब साथ लड़ी अकाली दल और भाजपा?
जानकारी के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने पंजाब विधानसभा चुनाव में अब तक 5 चुनाव गठबंधन में लड़े हैं. यह चुनाव 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 में साथ में लड़े गए थे. इसमें 1997, 2007 और 2012 में पार्टी ने गठबंधन की सरकार बनाई थी. सीट के बंटवारे की बात करें तो तब का फॉर्मूला 94:23 का था, जहां शिरोमणि अकाली दल ने 94 सीटों और बीजेपी ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था. हालांकि इस बार समीकरण बदलते हुए नजर आ रहे है. बताया जा रहा है कि इस बार बीजेपी डबल सीट यानी लगभग 46 सीटों की मांग कर रहा है.
कब और क्यों टूटी थी यह गठबंधन?
यह गठबंधन साल 2020 में टूट गया था. दरअसल, सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों में पुरजोर विरोध किया. शुरुआत में अकाली दल ने इन कानूनों का समर्थन किया, लेकिन बाद में किसानों के बढ़ते विरोध के बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया. इसी बीच केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दिया और फिर 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने NDA के साथ अपना गठबंधन तोड़ लिया था.
