पंजाब में फिर चलेगा भगवंत मान का जादू? चुनाव से पहले सर्वे में AAP को बढ़त, जानिए कांग्रेस और BJP का हाल
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आए एक ओपिनियन पोल में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है. सर्वे में भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की पसंद में सबसे आगे हैं. नशा, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था वोटरों के बड़े मुद्दे हैं. अलग-अलग समुदायों में पार्टियों का समर्थन भी अलग है.
ADVERTISEMENT

आगामी पंजाब चुनाव को लेकर माहौल गर्म हो गया है. आगामी विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान बाकी हैं, लेकिन राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सत्ता में वापसी के लिए आम आदमी पार्टी मैदान में है, तो कांग्रेस भी सरकार बनाने की उम्मीद लगाए बैठी है. बीजेपी और अकाली दल भी अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश में हैं.
इस बीच पंजाब की चुनावी हवा किस तरफ बह रही है, इसको लेकर एक नया सर्वे सामने आया है. Vote Vibe के ताजा ओपिनियन पोल में आम आदमी पार्टी सबसे आगे दिखाई दे रही है. सर्वे के मुताबिक, अगर अभी चुनाव होते हैं तो AAP को 33.5 फीसदी वोट मिल सकते हैं. कांग्रेस 27.6 फीसदी वोट के साथ दूसरे नंबर पर है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. दूसरी तरफ सरकार के कामकाज और विधायकों को लेकर लोगों की नाराजगी भी सामने आई है. सबसे ज्यादा चिंता नशे और बेरोजगारी को लेकर है. यानी एक तरफ AAP के पास बढ़त है, तो दूसरी तरफ उसके सामने कई सवाल भी हैं. आइए समझते हैं कि इस सर्वे में पंजाब की सियासत को लेकर क्या-क्या बातें सामने आई हैं.
AAP और कांग्रेस के बीच कितना बड़ा मुकाबला?
सबसे पहले बात करते हैं वोट शेयर की. सर्वे में लोगों से पूछा गया कि अगर 2027 में विधानसभा चुनाव होते हैं तो वे किस पार्टी को वोट देंगे? इस सवाल पर आम आदमी पार्टी सबसे आगे रही. AAP को 33.5 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया. कांग्रेस को 27.6 फीसदी लोगों का समर्थन मिला.
यानी दोनों पार्टियों के बीच 5.9 प्रतिशत अंकों का अंतर है. बीजेपी को 14.7 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है. वहीं, शिरोमणि अकाली दल के खाते में 12.5 फीसदी वोट जा सकते हैं. अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 8.1 फीसदी लोगों ने पसंद किया है. अन्य क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 1.7 फीसदी समर्थन मिला. वहीं, 1.9 फीसदी लोग अभी तय नहीं कर पाए हैं कि वे किसे वोट देंगे.
क्या पंजाब में फिर AAP की सरकार बनेगी?
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि उनके हिसाब से 2027 का चुनाव कौन जीतेगा. इस सवाल पर भी आम आदमी पार्टी पहले नंबर पर है. 33.7 फीसदी लोगों को लगता है कि AAP चुनाव जीत सकती है. कांग्रेस को 23.1 फीसदी लोगों ने जीत का दावेदार माना है. बीजेपी के लिए यह आंकड़ा 16.3 फीसदी है. शिरोमणि अकाली दल को 12.3 फीसदी लोगों ने जीत की संभावना वाली पार्टी बताया. वहीं, अकाली दल (वारिस पंजाब दे) को 6.6 फीसदी लोगों ने जीत का दावेदार माना.
यहां कांग्रेस के लिए एक बात गौर करने वाली है. पार्टी को वोट देने की इच्छा जताने वाले लोगों का आंकड़ा 27.6 फीसदी है, लेकिन कांग्रेस की जीत की उम्मीद करने वाले सिर्फ 23.1 फीसदी हैं. दूसरी तरफ AAP के वोट शेयर और जीत की उम्मीद के आंकड़े लगभग बराबर हैं. यानी सर्वे में AAP को लेकर लोगों का भरोसा थोड़ा ज्यादा दिखाई देता है.
भगवंत मान के सामने चन्नी और सुखबीर बादल कितने पीछे?
अब आते हैं मुख्यमंत्री के चेहरे पर. चुनाव में पार्टी के साथ-साथ यह भी मायने रखता है कि लोग मुख्यमंत्री के रूप में किस नेता को देखना चाहते हैं. सर्वे में इस सवाल पर भगवंत मान सबसे आगे हैं. 35.9 फीसदी लोगों ने उन्हें अगले मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पसंद बताया है.
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी 19 फीसदी समर्थन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. सुखबीर सिंह बादल को 14.6 फीसदी लोगों ने पसंद किया है. बीजेपी के केवल सिंह ढिल्लों को 10.1 फीसदी और वारिस पंजाब दे के अमृतपाल सिंह को 7.9 फीसदी लोगों का समर्थन मिला है. 8.7 फीसदी लोगों ने दूसरे नेताओं का नाम लिया, जबकि 3.8 फीसदी कोई राय नहीं दे सके.
इसका मतलब है कि मुख्यमंत्री पद की पसंद के मामले में भगवंत मान अपने विरोधियों से काफी आगे हैं. खास बात यह है कि उन्हें मिलने वाला समर्थन AAP के संभावित वोट शेयर से भी ज्यादा है.
पंजाब के लोगों को सबसे ज्यादा किस बात की चिंता है?
अब जरा पंजाब के उन मुद्दों पर आते हैं, जो चुनाव का रुख बदल सकते हैं. सर्वे में लोगों से पूछा गया कि उनके लिए आगामी चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा क्या है? जवाब में सबसे ऊपर नशे की समस्या रही. 31.1 फीसदी लोगों ने नशे को सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बताया. यानी पंजाब के लोगों के लिए यह कितनी बड़ी चिंता है, इसका अंदाजा इसी आंकड़े से लगाया जा सकता है.
इसके बाद बेरोजगारी और पलायन का नंबर आता है. 23 फीसदी लोगों ने इसे सबसे अहम मुद्दा बताया. कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को 17.3 फीसदी लोगों ने प्राथमिकता दी.
महंगाई को 10.2 फीसदी लोगों ने सबसे बड़ा मुद्दा माना. भ्रष्टाचार 5.1 फीसदी लोगों की चिंता रहा. शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को 4.7 फीसदी लोगों ने अहम बताया. किसानों के मुद्दों को 2.8 फीसदी और बुनियादी ढांचे को 2.2 फीसदी लोगों ने प्राथमिकता दी. सामाजिक न्याय और जातिगत समानता को 1.4 फीसदी लोगों ने सबसे अहम मुद्दा बताया.
गांवों में नशा और शहरों में बेरोजगारी बड़ा मुद्दा
पंजाब के गांवों और शहरों की समस्याओं को लेकर भी सर्वे में दिलचस्प अंतर सामने आया है. ग्रामीण इलाकों में 36.1 फीसदी लोगों ने नशे को सबसे बड़ा मुद्दा बताया. जबकि शहरों में यह आंकड़ा 22.7 फीसदी है. शहरों में लोगों की चिंता कुछ अलग है. यहां 27.5 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी और पलायन को सबसे बड़ा मुद्दा माना. वहीं, 20.9 फीसदी लोगों के लिए कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा अहम है.
युवाओं की बात करें तो 25 से 34 साल के लोगों में नशे को लेकर सबसे ज्यादा चिंता है. इस आयु वर्ग के 42.2 फीसदी लोगों ने नशे को चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बताया.
सरकार से खुश हैं या बदलाव चाहते हैं पंजाब के लोग?
अब सवाल यह है कि पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के कामकाज से लोग कितने संतुष्ट हैं?सर्वे में 30.2 फीसदी लोगों ने कहा कि वे सरकार के काम से पूरी तरह संतुष्ट हैं. 9.3 फीसदी लोग संतुष्ट हैं. वहीं, 14.8 फीसदी लोगों ने सरकार के प्रदर्शन को औसत बताया. दूसरी तरफ 18.5 फीसदी लोग सरकार से असंतुष्ट हैं. 24.4 फीसदी लोगों ने कहा कि वे सरकार के कामकाज से पूरी तरह नाराज हैं. 2.8 फीसदी लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया. अगर इन आंकड़ों को जोड़ें तो 39.5 फीसदी लोग सरकार के काम से संतुष्ट हैं. वहीं, 42.9 फीसदी लोग असंतुष्ट हैं. यानी सरकार के कामकाज से खुश लोगों के मुकाबले नाराज लोगों की संख्या ज्यादा है.
हालांकि, 2024 में AAP को वोट देने वाले लोगों में 58.3 फीसदी सरकार के कामकाज से संतुष्ट हैं. वहीं, अकाली दल के 59.6 फीसदी और बीजेपी के 49.2 फीसदी मतदाता सरकार से असंतुष्ट हैं.
विधायकों के कामकाज पर जनता ने उठाए सवाल
सरकार के बाद अब बात विधायकों की. सर्वे में लोगों से पूछा गया कि वे अपने मौजूदा विधायक के कामकाज से कितने खुश हैं? इस सवाल पर विधायकों की स्थिति सरकार से भी कमजोर नजर आई. सिर्फ 22 फीसदी लोगों ने कहा कि वे अपने विधायक के काम से पूरी तरह संतुष्ट हैं. 8.6 फीसदी लोग संतुष्ट हैं, जबकि 15.7 फीसदी ने उनके काम को औसत बताया. वहीं, 20.9 फीसदी लोग विधायकों से असंतुष्ट हैं. सबसे ज्यादा 31.5 फीसदी लोगों ने कहा कि वे अपने विधायक के काम से पूरी तरह नाराज हैं.
दोनों तरह की नाराजगी को मिलाएं तो 52.4 फीसदी लोग अपने विधायक के कामकाज से असंतुष्ट हैं. यह सरकार से नाराज लोगों के आंकड़े से करीब 9.5 प्रतिशत अंक ज्यादा है. ग्रामीण इलाकों में विधायकों को लेकर नाराजगी ज्यादा है. यहां 34.6 फीसदी लोग अपने विधायक से पूरी तरह असंतुष्ट हैं. शहरों में यह आंकड़ा 26.2 फीसदी है.
वोट मांगने जाएंगे तो जनता किस बात पर ध्यान देगी?
चुनाव में नेता जनता के बीच जाते हैं. कोई अपने काम गिनाता है, कोई पार्टी की विचारधारा की बात करता है और कोई मुख्यमंत्री के चेहरे पर वोट मांगता है. लेकिन पंजाब के मतदाता किस बात को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं? सर्वे के मुताबिक, 36.9 फीसदी लोगों के लिए पार्टी की विचारधारा सबसे अहम है. वहीं, 29.4 फीसदी लोग उम्मीदवार की छवि और व्यक्तित्व देखकर वोट देना चाहते हैं. मुख्यमंत्री का चेहरा 11.7 फीसदी लोगों की प्राथमिकता है. विकास और जनहित के मुद्दों को 7.6 फीसदी लोगों ने सबसे अहम बताया.
प्रधानमंत्री के चेहरे को 3.6 फीसदी लोगों ने महत्व दिया. सरकारी योजनाओं का लाभ 3.4 फीसदी लोगों के लिए जरूरी है. राज्य सरकार के प्रदर्शन को 2.3 फीसदी और जाति-धर्म को 2.2 फीसदी लोगों ने वोट देने का आधार बताया. यानी पंजाब में वोट मांगने के लिए सिर्फ बड़े नेता का चेहरा दिखाना काफी नहीं होगा. पार्टी की विचारधारा और उम्मीदवार की छवि भी काफी मायने रखती है.
क्या युवाओं ने अभी तक वोट तय नहीं किया?
सर्वे में एक सवाल यह भी था कि क्या लोगों ने तय कर लिया है कि वे किस पार्टी को वोट देंगे? इस पर 78.5 फीसदी लोगों ने कहा कि उनका फैसला पूरी तरह हो चुका है. 11.6 फीसदी लोगों का झुकाव किसी पार्टी की तरफ है, लेकिन उन्होंने अंतिम फैसला नहीं लिया है. 6.4 फीसदी लोगों ने अभी तक तय नहीं किया है. वहीं, 3.5 फीसदी लोग कोई जवाब नहीं दे सके.
लेकिन युवाओं के आंकड़े पर ध्यान दीजिए. 18 से 24 साल के सिर्फ 56 फीसदी लोगों ने अपना वोट तय किया है. जबकि 31.8 फीसदी युवाओं का झुकाव तो किसी पार्टी की तरफ है, लेकिन वे अभी अंतिम फैसला नहीं कर पाए हैं. इसका मतलब है कि युवा मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा अभी भी अपना मन बदल सकता है.
जाति और समुदाय के हिसाब से किस पार्टी को समर्थन?
पंजाब में अलग-अलग समुदायों की पसंद अलग है. सर्वे के मुताबिक, SC समुदाय के 44.9 फीसदी लोग आम आदमी पार्टी के साथ हैं. जाट सिख समुदाय में कांग्रेस और AAP के बीच मुकाबला बराबरी का है. वहीं, हिंदू सामान्य वर्ग में बीजेपी को 34.7 फीसदी समर्थन मिला है. मुस्लिम समुदाय में कांग्रेस सबसे आगे है. इस वर्ग के 83 फीसदी लोगों ने कांग्रेस को पसंद किया है. यानी हर समुदाय में अलग-अलग पार्टी को समर्थन मिल रहा है.
मालवा में AAP, दोआबा में कांग्रेस और माझा में अकाली दल आगे
पंजाब की राजनीति में मालवा, माझा और दोआबा तीन अहम क्षेत्र हैं. सर्वे में इन क्षेत्रों को लेकर भी पार्टी की स्थिति बताई गई है. मालवा में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन सबसे अच्छा है. इसी क्षेत्र में वारिस पंजाब दे को भी सबसे ज्यादा समर्थन मिलता दिखाई दिया है.
कांग्रेस की स्थिति दोआबा में सबसे मजबूत है. बीजेपी का भी सबसे अच्छा प्रदर्शन इसी क्षेत्र में बताया गया है. वहीं, शिरोमणि अकाली दल को माझा में सबसे ज्यादा समर्थन मिला है. सर्वे के मुताबिक, दोआबा में कांग्रेस के मुकाबले AAP की बढ़त सबसे ज्यादा है.
वोट चोरी के आरोपों का चुनाव पर असर पड़ेगा?
सर्वे में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्ष की ओर से लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी लोगों से सवाल किया गया. इस पर 42.5 फीसदी लोगों ने कहा कि इन आरोपों का चुनाव पर असर पड़ सकता है. वहीं, 44.5 फीसदी लोगों का मानना है कि इनका कोई असर नहीं होगा. 13 फीसदी लोग इस पर अपनी राय नहीं दे सके. यानी इस मुद्दे पर पंजाब के लोग लगभग दो हिस्सों में बंटे हुए हैं.
कांग्रेस के 59.6 फीसदी और AAP के 50.2 फीसदी मतदाताओं को लगता है कि इन आरोपों का असर चुनाव पर पड़ेगा. इसके उलट बीजेपी के 73 फीसदी और शिरोमणि अकाली दल के 59.7 फीसदी मतदाताओं का मानना है कि इन आरोपों का कोई असर नहीं होगा. 18 से 24 साल के युवाओं में 64.2 फीसदी लोगों ने कहा कि इन आरोपों का असर चुनाव पर पड़ सकता है. वहीं, सामान्य वर्ग के 58.6 फीसदी लोगों का मानना है कि इसका कोई असर नहीं होगा.
कैसे किया गया पंजाब का यह सर्वे?
यह Vote Vibe सर्वे टेलीफोन के जरिए किया गया है. इसमें पूरे पंजाब से 4,273 लोगों को शामिल किया गया. रिपोर्ट में मार्जिन ऑफ एरर प्लस-माइनस 3 फीसदी बताया गया है. फिलहाल सर्वे में AAP को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है. भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद हैं. लेकिन सरकार और विधायकों के कामकाज पर लोगों की नाराजगी भी सामने आई है. नशा और बेरोजगारी जैसे मुद्दे चुनाव में अहम रहने वाले हैं. कांग्रेस AAP को चुनौती देती दिखाई दे रही है. वहीं, बीजेपी और अकाली दल की स्थिति भी इस सर्वे में सामने आई है.
