Rajasthan Rain Alert: 11 अगस्त को राजस्थान के इन 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, जैसलमेर जिले में नदी-नालों में उफान, जानें अपने इलाके का हाल
Rajasthan Weather 11 August: मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 11 अगस्त 2026 को मानसून ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र के कारण राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT

1/10
11 अगस्त को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां काफी मजबूत रहने वाली हैं. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी राजस्थान से लेकर पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गर्जन, चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वक्त मानसून की ट्रफ लाइन (Monsoon Trough) राजस्थान के बीकानेर से होकर गुजर रही है और उत्तरी मध्य प्रदेश तथा आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बना हुआ है. इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. इन मानसूनी तंत्रों के संयुक्त प्रभाव से 11 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है.

2/10
पूर्वी राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम- मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के लगभग सभी प्रमुख संभागों में बादलों की आवाजाही रहेगी और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला चलेगा.

3/10
जयपुर संभाग- जयपुर और आसपास के जिलों में 11 अगस्त को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. संभाग के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में मेघगर्जन (बिजली की कड़क) के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोकेदार तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

4/10
कोटा संभाग (कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी)- दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा संभाग में मानसून सबसे ज्यादा मेहरबान रहेगा. झालावाड़, बारां, कोटा और बूंदी जिलों में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए यहां विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

5/10
उदयपुर और बांसवाड़ा क्षेत्र (उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़)- मेवाड़ और वागड़ अंचल में 11 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. बांसवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद में भी मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी.

6/10
भरतपुर संभाग (भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर)- भरतपुर और पूर्वी सीमाओं से सटे जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश होगी. कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और आसमान में बादलों की गरज बनी रहेगी.

7/10
अजमेर संभाग (अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, नागौर)- अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. नागौर जिले में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और मेघगर्जन की स्थिति रहेगी.

8/10
पश्चिमी राजस्थान में मौसम का मिजाज- पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी और सीमावर्ती जिलों में भी मानसूनी हवाओं का असर देखने को मिलेगा.वहीं बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. चूरू और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है.

9/10
जोधपुर संभाग (जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, जालोर, सिरोही)- जोधपुर, पाली, जालोर और सिरोही जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ बिजली कड़कने और झोकेदार हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि बाड़मेर और जैसलमेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में बारिश का जोर थोड़ा कम रहेगा, लेकिन वहां भी कहीं-कहीं हल्की बौछारें या मध्यम वर्षा देखने को मिल सकती है.

10/10
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 10 से 12 अगस्त के दौरान राजस्थान में मानसूनी गतिविधियां अपने चरम पर रहेंगी. इसके बाद बारिश के जोर में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में काफी कमी आएगी.
